विज्ञापन

जावेद जाफरी की पत्नी के साथ 16.24 करोड़ की ठगी, टैक्स सेटलमेंट के नाम पर हुआ फर्जीवाड़ा

अप्रैल 2024 में जावेद जाफरी की पत्नी हबीबा जाफरी को अंधेरी स्थित उनके बंगले के प्रॉपर्टी टैक्स को लेकर बीएमसी का नोटिस मिला. यहीं से इस फर्जीवाड़े और धोखाधड़ी की नींव पड़ी.

जावेद जाफरी की पत्नी के साथ 16.24 करोड़ की ठगी, टैक्स सेटलमेंट के नाम पर हुआ फर्जीवाड़ा
जावेद जाफरी की पत्नी के साथ धोखाधड़ी
Social Media
नई दिल्ली:

अभिनेता जावेद जाफरी की पत्नी हबीबा जाफरी से 16.24 करोड़ रुपए से अधिक की ठगी के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की प्रॉपर्टी सेल ने कारोबारी निशित पटेल को गिरफ्तार कर लिया है. इस हाई-प्रोफाइल धोखाधड़ी मामले में बीएमसी के सहायक आयुक्त महेश पाटिल समेत कुल छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने खुद को बड़े बिल्डरों और सरकारी अधिकारियों से जुड़ा बताकर हबीबा जाफरी और उनके परिवार को फंसाया. न सिर्फ जाफरी परिवार, बल्कि कई अन्य कलाकारों, रिश्तेदारों और प्रभावशाली लोगों से भी निवेश के नाम पर करोड़ों रुपए ठगे गए.

2024 में मिला फर्जी बीएमसी नोटिस 

अप्रैल 2024 में जावेद जाफरी की पत्नी हबीबा जाफरी को अंधेरी स्थित उनके बंगले के प्रॉपर्टी टैक्स को लेकर बीएमसी का नोटिस मिला. परिचित अली रजा के जरिए उनकी मुलाकात बीएमसी जी-साउथ वार्ड के सहायक आयुक्त महेश पाटिल से कराई गई. महेश पाटिल ने पहले टैक्स सेटलमेंट का भरोसा दिलाया और फिर बांद्रा पश्चिम के ‘न्यू कमलकुंज' कमर्शियल प्रोजेक्ट में निवेश की सलाह दी. निशित पटेल ने खुद को बड़े बिल्डरों से जुड़ा बताते हुए दावा किया कि प्रोजेक्ट में पहले से 150 करोड़ रुपए का निवेश हो चुका है. उन्होंने आश्वासन दिया कि दिसंबर 2025 तक कमर्शियल स्पेस का कब्जा मिल जाएगा और विदेशी बैंक के साथ प्री-लीज एग्रीमेंट भी तैयार है.

Latest and Breaking News on NDTV

वहीं, आरोपियों ने जाफरी परिवार के घर कई बार जाकर नक्शे, लेटरहेड, फर्जी रुचि पत्र और प्रोजेक्ट की तस्वीरें-वीडियो दिखाकर भरोसा जताया. भरोसे में आकर जाफरी परिवार ने अपने फ्लैट और बंगले बेचकर पैसा लगाया. पुलिस के मुताबिक, यह रकम पूजन टेक्नोलॉजीज, उदित ट्रेडर्स, एशियन फूड और आरपीपीएल मल्टी ट्रेड जैसी कई कंपनियों के खातों में ट्रांसफर की गई.

सौंपे गए फर्जी दस्तावेज

सबसे चौंकाने वाला पहलू फर्जी रजिस्ट्री प्रक्रिया थी. आरोपी रूपेश, देवेंद्र पडवल और अन्य लोग सरकारी मशीन जैसी डिवाइस लेकर जाफरी परिवार के घर पहुंचे. उन्होंने फोटो, फिंगरप्रिंट और हस्ताक्षर लेकर रजिस्ट्री पूरी करने का दावा किया. बाद में फर्जी दस्तावेजों की कॉपी सौंपी गई. जब मूल दस्तावेज मांगे गए तो कहा गया कि वे बिल्डर के पास हैं. पूछताछ में निशित पटेल ने फर्जी दस्तावेज बनाने की बात स्वीकार कर ली.

यह भी पढ़ें: आर्मी कर्नल का बेटा बना एक्टर, फिल्मों आने के बाद नौकरानी के रेप केस में गया जेल, बर्बाद हुआ फिल्मी करियर

खार पुलिस स्टेशन में निशित पटेल, महेश पाटिल, रूपेश, सागर मेहता, देवेंद्र पडवल और अन्य के खिलाफ कई गंभीर धाराओं के तहत शिकायत दर्ज की गई है. जावेद जाफरी, हबीबा जाफरी, नावेद जाफरी समेत कई लोगों ने इस स्कैम में पैसे लगाए. कुल 16.24 करोड़ रुपए की ठगी में नकद, विदेशी मुद्रा और लग्जरी घड़ी भी शामिल हैं. मुंबई क्राइम ब्रांच अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है.

पुलिस यह पता लगा रही है कि क्या इसी तरीके से अन्य कलाकारों और लोगों से भी ठगी की गई. मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं. निशित पटेल को कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे 19 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है.

यह भी पढ़ें: शेफाली जरीवाला की मौत ब्यूटी ट्रीटमेंट वाले इंजेक्शन से हुई? पति पराग त्यागी बोले- उन्हें और गोरा होने की

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jaaved Jaaferi, Jaaved Jaaferi Wife, Jaaved Jaaferi Cheated, Habiba Jaaferi, Jaaved Jaaferi Second Wife, Jaaved Jaaferi First Wife, Jaaved Jaaferi Son, Jaaved Jaaferi Movies, Jaaved Jaaferi TV Shows
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com