विज्ञापन
This Article is From Apr 29, 2020

इरफान खान का फैन्स के नाम आखिरी संदेश हुआ वायरल, "और हां....मेरा इंतजार करना..." देखें Video

इरफान खान (Irrfan Khan) का अपने प्रशंसकों के लिए अंतिम संदेश यही था कि जिंदगी में कई बार बड़ी मुश्किलें आती हैं, लेकिन सकारात्मकता के साथ इसे जीना चाहिए.

Also Read in
इरफान खान का फैन्स के नाम आखिरी संदेश हुआ वायरल,  "और हां....मेरा इंतजार करना..." देखें Video
इरफान खान (Irrfan Khan)
नई दिल्ली:

इरफान खान (Irrfan Khan) का अपने प्रशंसकों के लिए अंतिम संदेश यही था कि जिंदगी में कई बार बड़ी मुश्किलें आती हैं, लेकिन सकारात्मकता के साथ इसे जीना चाहिए. इरफान का बुधवार को मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया. वह खराब सेहत के कारण अपनी आखिरी फिल्म 'अंग्रेजी मीडियम' के प्रचार में भाग नहीं ले पाए थे और अपने प्रशंसकों के लिए उन्होंने ऑडियो संदेश रिकॉर्ड किया था. उन्होंने इस संदेश में कहा, "हैलो भाइयो बहनों, नमस्कार. मैं इरफान... मैं आज आपके साथ हूं भी और नहीं भी हूं."

अपने चाहने वालों से भावनात्मक डोर बांधते हुए इरफान खान (Irrfan Khan) ने इस संदेश में कहा, "खैर यह फिल्म 'अंग्रेजी मीडियम' मेरे लिए बहुत खास है. यकीन मानिए, मेरी दिली ख्वाहिश थी कि इस फिल्म का प्रचार इतने ही प्यार से करुं, जितने प्यार से हमने इसे बनाया है." होमी अदजानिया निर्देशित इस फिल्म की शूटिंग इरफान ने जिस समय की थी, उस वक्त उनका न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर का इलाज चल ही रहा था.

इरफान खान (Irrfan Khan) ने कहा, "लेकिन मेरे शरीर के अंदर कुछ अनचाहे मेहमान बैठे हुए हैं. उनसे वार्तालाप चल रहा है. देखते हैं कि ऊंट किस करवट बैठता है. जैसा भी होगा, आपको इत्तला कर दी जाएगी." इरफान कहते हैं,  "कहावत है 'व्हेन लाइफ गिव्स यू लेमन, यू मेक ए लेमनेड.' बोलने में अच्छा लगता है लेकिन सच में जब जिंदगी आपके हाथ में नींबू थमाती है तो शिकंजी बनाना बहुत मुश्किल हो जाता है. लेकिन आपके पास सकारात्मक रहने के अलावा विकल्प ही क्या है."

इरफान खान (Irrfan Khan) ने कहा कि इन हालात में नींबू की शिकंजी बना पाते हैं या नहीं बना पाते, ये आप पर है. बकौल इरफान, "हम सबने इस फिल्म को उसी सकारात्मकता के साथ बनाया है और मुझे उम्मीद है कि यह फिल्म आपको सिखाएगी, हंसाएगी, रुलाएगी, फिर हंसाएगी." अपने संदेश में उन्होंने आखिर में कहा, "ट्रेलर का मजा लीजिए और एक दूसरे के प्रति करुणा रखिए. और हां, मेरा इंतजार करना."
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Irrfan Khan, Irrfan Khan Video, Irrfan Khan Last Audio Message, Irrfan Khan Video Viral
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com