गोविंदा के बेटे एक्टर यशवर्धन आहूजा आने वाली फिल्म 'हीरो की हॉररइन' से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं. इस फिल्म से डायरेक्टर साजिद खान की भी बड़े पर्दे पर वापसी हो रही है. इस फिल्म में नितांशी गोयल, सुनीता आहूजा, जेमी लीवर, चंकी पांडे, बृजेंद्र काला और सिमरत कौर रंधावा भी अहम भूमिकाओं में हैं. यह फिल्म सुपरनैचुरल (अलौकिक) चीजों को कॉमेडी के अंदाज में पेश करती है, जिसमें हॉरर, रोमांस और ह्यूमर का मेल है. यशवर्धन आहूजा के लिए यह फिल्म हिंदी सिनेमा में लीड एक्टर के तौर पर उनकी शुरुआत है. उनके साथ नितांशी गोयल लीड एक्ट्रेस के तौर पर नजर आएंगी. वह ऐसे कलाकारों के साथ काम कर रहे हैं, जिनमें जाने-माने और नए टैलेंटेड कलाकार शामिल हैं.
इस फिल्म को एकता आर. कपूर, शोभा कपूर और अमर बुटाला ने साजिद खान के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया है. अमर बुटाला, जिन्होंने पहले 'बजरंगी भाईजान', 'केसरी' और क्रिटिक्स द्वारा सराही गई 'मिशन मजनू' जैसी कई बॉक्स-ऑफिस हिट फिल्में प्रोड्यूस की हैं. इस आने वाली एंटरटेनिंग फिल्म के लिए एकता आर. कपूर के साथ जुड़े हैं. यह फिल्म 'जय हो मीडिया वेंचर्स' के प्रोडक्शन की है, जिसे बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड ने पेश किया है और साजिद खान ने डायरेक्ट किया है.'हीरो की हॉररइन' 7 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. इस फिल्म से साजिद 12 साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं.
बता दें कि डायरेक्टर पर मंदाना करीमी, सलोनी चोपड़ा, रेचल व्हाइट, सिमरन सूरी, मरीना कुंवर, आहना कुमरा, डिंपल पॉला, शर्लिन चोपड़ा और पत्रकार करिश्मा उपाध्याय समेत कई महिलाओं ने यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे. भारत में #MeToo मूवमेंट के दौरान, अक्टूबर 2018 से साजिद पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगे थे. इन आरोपों के चलते इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन ने खान पर फिल्में डायरेक्ट करने से रोक लगा दी थी. बाद में एक साल बाद 10 दिसंबर, 2019 को इसे रद्द कर दिया गया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं