बॉलीवुड का संगीत हमेशा से बेहद पॉपुलर रहा है. यहां दिल को छू लेने वाला संगीत कंपोज किया गया. लेकिन ये भी सच है कि बॉलीवुड ने दूसरे देशों के धुनों से भी इंस्पिरेशन ली है. पड़ोसी देश पाकिस्तान भी इसमें शामिल है. पाकिस्तान के कई गानों से बॉलीवुड के गाने इंस्पायर्ड रहे हैं. ऐसा ही एक गाना है संजय दत्त और पूजा भट्ट पर फिल्माया गया एक क्लासिक रोमांटिक नंबर ‘तुझे अपना बनाने की कसम खाई है'. इस गाने को आप ने भी कई बार सुना होगा लेकिन क्या आप जानते है कि इसकी धुन को पाकिस्तान के एक गाने से कॉपी किया गया है?
कौन सा है वो पाकिस्तानी गाना?
1991 में आई फिल्म सड़क का गाना ‘तुझे अपना बनाने की कसम खाई है',1983 के पाकिस्तानी ट्रैक ‘चले तो कट ही जाएगा सफर आहिस्ता-आहिस्ता' से इंस्पायर्ड है. इस गाने को मूल रूप से मुसर्रत नजीर ने गाया था. सड़क फिल्म का ये गाना बेहद पॉपुलर रहा और इसे बॉलीवुड के सबसे चर्चित क्लासिक रोमांटिक गानों में गिना जाता है.
नदीम-श्रवण की सुपरहिट जोड़ी
इस गाने का म्यूजिक नब्बे के दशक के सुपरहिट संगीतकारों की जोड़ी नदीम-श्रवण दिया था. इसके बोल समीर ने लिखा थे और इसे अपनी मखमली आवाज में अनुराधा पौडवाल और कुमार सानू ने गाया था. कुमार सानू उस दौर में रोमांटिक गानों में जान डाल दिया करते थे. वहीं अनुराधा पोडवाल ने भले ही ज्यादातर भक्ति गीत गाए हों लेकिन इस गाने में उनकी मीठी आवाज ने दिल छू लिया. उनका ये रोमांटिक गाना आज भी आशिकों के दिल के करीब है. ये गाना 1991 का सबसे बड़ा चार्टबस्टर साबित हुआ था. यूट्यूब पर इस गाने को 58 मिलियन बार देखा जा चुका है.
पहले जैकी श्रॉफ करने वाले थे लीड रोल
इस फिल्म को हॉलीवुड फिल्म टैक्सी ड्राइवर से इंस्पायर्ड बताया जाता है. फिल्म में लीड रोल पहले जैकी श्रॉफ को दिया जाना था लेकिन बाद में इसके लिए संजय दत्त को फाइनल किया गया. रिपोर्ट्स के अनुसार, यह फिल्म साल 1991 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल थी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं