नब्बे के दशक में गोविंदा और करिश्मा कपूर की जोड़ी बॉलीवुड की सबसे हिट जोड़ियों में से एक थी. दोनों ने एक साथ में कई हिट फिल्में दीं, जिसमें राजा बाबू, हीरो नंबर 1, कुली नंबर 1, हसीना मान जाएगी और दुलारा शामिल हैं. इस हिट जोड़ी ने एक से बढ़कर एक गाने भी दिए, चाहे वो 'सोना कितना सोना है' हो या फिर 'सरकाई लो खटिया'. लेकिन इस जोड़ी का एक गाना ऐसा भी है, जिसमें एक बड़ी मिस्टेक होने के बावजूद भी ये गाना न केवल उस वक्त सुपरहिट रहा बल्कि आज भी यादगार है और लोगों के जुबां पर चढ़ा रहता है. इस गाने को आज भी यूट्यूब पर सर्च कर-करके सुना जाता है. आइए जानते हैं कि वो गाना कौन सा है और उसकी बड़ी मिस्टेक क्या है.
कौन सा है वो गाना?
हम बात कर रहे हैं 29 साल पहले आई फिल्म हीरो नंबर 1 के गाने ‘मैं तुझको भगा लाया हूं तेरे घर से, तेरे बाप के डर से' गाने की. ये गाना बेहद पॉपुलर हुआ था. इस गाने में गोविंदा और करिश्मा की केमिस्ट्री के साथ ही उनका डांस और मस्ती भरा अंदाज दर्शकों को बेहद पसंद आया. गाने को कुमार शानू और अलका याग्निक ने गाया था और बोल लिखे थे समीर अनजान ने. गाने के बोल में ही ऐसी गलती थी, जिसे आज तक लोग पकड़ नहीं पाए.
क्या था इस गाने में मिस्टेक?
एक इंटरव्यू में गीतकार समीर ने बताया कि उन्होंने बस ऐसे ही इस गाने की कुछ लाइनें डायरेक्टर डेविड धवन को सुनाई थीं. डेविड धवन को ये लाइनें इतनी अधिक पसंद आई कि उन्होंने जिद पकड़ ली कि वह अपनी फिल्म हीरो नंबर वन में ही इस गाने को डालेंगे. हालांकि समीर इस बात के एकदम खिलाफ थे. उन्होने डायरेक्टर को समझाया कि ये गाना इस फिल्म में बिल्कुल भी नहीं जाएगा, ये गाना टेक्नीकली गलत होगा, क्योंकि फिल्म में हीरोइन के पिता ही नहीं है बल्कि उसके दादा ने उसे पाला है. ऐसे में 'बाप के घर से' लाइन गलत लगेंगी.
डेविड धवन नहीं माने. उन्होंने कहा कि किसी ने भी ऐसा लॉजिक अगर खोजा इस गाने को सुनने के बाद तो मैं हमेशा के लिए डायरेक्शन छोड़ दूंगा. उन्होंने समीर से कहा कि तुम गाना लिखो, ये गाना सुपरहिट होगा. सच में ऐसा ही हुआ. हीरो नंबर 1 रिलीज होने पर गाना इतना बड़ा हिट हुआ कि किसी का ध्यान ही इस लॉजिक की ओर नहीं गया और जब तक खुद समीर ने इंटरव्यू में इसका जिक्र नहीं किया था, तब तक किसी का ख्याल इस बात की ओर नहीं गया था.
यूट्यूब पर आज भी ट्रेंडिंग
‘मैं तुझको भगा लाया हूं तेरे घर से' आज भी यूट्यूब पर खूब सुना जाता है. इस पर अब तक 134 मिलियन से ज्यादा व्यूज आ चुके हैं. फिल्म की बात करें को महज 6.7 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनिया भर में लगभग 30 करोड़ रुपये की कमाई की थी.
यह भी पढ़ें: अंकिता लोखंडे ने ठुकराईं थीं बॉलीवुड की ये 5 बड़ी फिल्में, शाहरुख, सलमान, रणवीर को किया रिजेक्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं