विज्ञापन

मनोज बाजपेयी को 'लास्ट मैन इन टॉवर' में लेने की डायरेक्टर ने बताई वजह, किरदारों की भावनाओं पर की बात

Manoj Bajpayee Movie: इस मकसद को पूरा करने में कास्टिंग की सबसे अहम भूमिका थी।मनोज बाजपेयी सिर्फ एक अभिनेता नहीं हैं, बल्कि देश की अनमोल धरोहर हैं. अभिनय में गहराई, बारीकियों और संयम के मामले में वह दुनिया के बेहतरीन कलाकारों को टक्कर देते हैं. वहीं जरूरत पड़ने पर उनका अभिनय बेहद प्रभावशाली और विस्फोटक भी हो सकता है.

मनोज बाजपेयी को 'लास्ट मैन इन टॉवर' में लेने की डायरेक्टर ने बताई वजह, किरदारों की भावनाओं पर की बात
Manoj Bajpayee Movie: लास्ट मैन टॉवर देती है खास संदेश

Manoj Bajpayee Movie: ‘लास्ट मैन इन टॉवर' के हिंदी Zee 5 पर स्ट्रीम होने के साथ ही, फिल्म के निर्देशक बेन रेकही ने इसे दर्शकों तक पहुंचाने के लंबे सफर और इसके उनके लिए क्या मायने हैं, इस पर बात की. अरविंद अडिगा के उपन्यास पर आधारित इस फिल्म को पर्दे तक पहुंचने में एक दशक से भी ज्यादा का समय लगा. बेन के लिए सफलता सिर्फ बॉक्स ऑफिस के आंकड़ों या अवॉर्ड्स तक सीमित नहीं है, बल्कि यह इस बात से भी जुड़ी है कि क्या उन्हें अपनी बनाई फिल्म पर गर्व है और क्या यह उन दर्शकों तक पहुंच पाई है, जो इसकी कहानी से जुड़ाव महसूस करते हैं.

सवाल- इस फिल्म में मनोज बाजपेयी, बोमन ईरानी और दिव्या दत्ता जैसे तीन अलग-अलग अंदाज के कलाकार एक साथ नजर आ रहे हैं? इन कलाकारों को चुनने के पीछे आपकी क्या सोच थी? क्या इन किरदारों को लेकर आपके मन में कोई खास नजरिया था? साथ ही, इन कलाकारों ने अपनी समझ और अभिनय की बारीकियों से इन किरदारों को किस तरह एक नया आयाम दिया?

उत्तर- मैं हमेशा से जानता था कि हमें कुछ ऐसा बनाना है, जो देखने और महसूस करने में बिल्कुल अलग हो. इसके लिए सबसे ज्यादा जरूरी था कलाकारों के अभिनय का अंदाज और उनके संवाद बोलने का तरीका, कई भारतीय फिल्मों में किरदारों की भावनाओं और उनके विचारों को काफी सीधे और स्पष्ट तरीके से दिखाया जाता है. सही जॉनर में यह तरीका बहुत अच्छा काम भी करता है. लेकिन इस फिल्म के लिए हर परिस्थिति को बिल्कुल वास्तविक अंदाज में दिखाना बेहद जरूरी था. इस मकसद को पूरा करने में कास्टिंग की सबसे अहम भूमिका थी।मनोज बाजपेयी सिर्फ एक अभिनेता नहीं हैं, बल्कि देश की अनमोल धरोहर हैं. अभिनय में गहराई, बारीकियों और संयम के मामले में वह दुनिया के बेहतरीन कलाकारों को टक्कर देते हैं. वहीं जरूरत पड़ने पर उनका अभिनय बेहद प्रभावशाली और विस्फोटक भी हो सकता है. बोमन ईरानी की अभिनय क्षमता भी बेमिसाल है। हालांकि, वह अपनी कॉमेडी के लिए जाने जाते हैं, लेकिन इस फिल्म में हमें उनका एक बिल्कुल अलग पहलू दिखाने का मौका मिला. उनका किरदार कहीं ज्यादा नकारात्मक और रहस्यमयी है, लेकिन साथ ही काफी व्यावहारिक भी है. इस फिल्म में सबसे ज्यादा प्रभावित करने वाली कलाकार हैं दिव्या दत्ता, मैं उनके काम से पहले से परिचित था, लेकिन जब मैंने उन्हें इस फिल्म के लिए अपना किरदार पढ़ते हुए देखा, तो मैं पूरी तरह हैरान रह गया. वह बिना किसी झिझक के अपने किरदार के ऐसे पहलुओं को अपनाने के लिए तैयार थीं, जो दर्शकों को चौंका सकते हैं. उन्होंने किरदार के कुछ गहरे और नकारात्मक पहलुओं को भी पूरी ईमानदारी से निभाया।इस शानदार कास्ट के साथ काम करने का मौका मिलना मेरे लिए बहुत बड़ी बात है. सुकांत गोयल, हरीश खन्ना, उदय चंद्रा और ऐसे कई कलाकार इस फिल्म का हिस्सा हैं. हर किसी ने अपना सर्वश्रेष्ठ दिया है। ऐसा लगता है जैसे कोई ऑर्केस्ट्रा मिलकर किसी क्लासिक धुन को बजा रहा हो. मुझे सभी कलाकारों के अभिनय पर बेहद गर्व है.

सवाल- मनोज बाजपेयी के मास्टरजी इस कहानी के ऐसे संघर्ष के केंद्र में हैं, जो परिस्थितियों के साथ-साथ मानसिक स्तर पर भी चलता है? उनके किरदार के उसूलों, कमजोरियों और मन की दुनिया को पर्दे पर उतारने के लिए आपने मनोज के साथ किस तरह काम किया? उनकी किरदार को समझने और निभाने की किसी खास बात ने आपको हैरान किया?

उत्तर- फिल्म शुरू करने से पहले मनोज और मेरे बीच हुई सबसे अहम चर्चाओं में से एक यह थी कि मास्टरजी हमेशा दर्शकों को पसंद आएं, ऐसा जरूरी नहीं है. वह कई बार ऐसी बातें कहते और करते हैं, जो दर्शकों को परेशान या नाराज कर सकती हैं. मैंने उनसे पूछा कि क्या उन्हें इस बात से कोई परेशानी होगी? इस पर मनोज ने जवाब दिया, “जब तक मैं अपने किरदार के साथ ईमानदार हूं, मेरे लिए वही सबसे ज्यादा मायने रखता है।”उनके अभिनय की जिस बात ने मुझे हैरान किया, वह थी किताब में लिखे किरदार के मुकाबले मास्टरजी को कहीं ज्यादा शांत अंदाज में निभाने का उनका फैसला. अरविंद अडिगा ने किताब में इस किरदार को काफी बेबाक और मजाकिया अंदाज में लिखा है. लेकिन मनोज ने उसे एक शांत और गरिमापूर्ण अंदाज में निभाने का फैसला किया. इससे कहानी के कुछ प्रसंग और गंभीर हो गए और उनमें हास्य का पहलू भी थोड़ा कम हो गया. लेकिन आखिरकार उन्होंने एक बेहद दमदार परफॉर्मेंस दी है और मेरे लिए यही सबसे ज्यादा मायने रखता है.

सवाल- यह फिल्म घर से जुड़े भावनात्मक रिश्ते, तरक्की की कीमत और अपने निजी हितों के लिए लोगों द्वारा किए जाने वाले समझौतों जैसे कई सवाल उठाती है? इस कहानी के साथ समय बिताने के बाद क्या घर, अपनेपन और समुदाय को लेकर आपका अपना नजरिया बदला है? फिल्म देखने के बाद आप चाहते हैं कि दर्शक किस एक सवाल पर विचार करें?

उत्तर- हम अक्सर घर को सिर्फ उस जगह के रूप में देखते हैं, जहां हम रहते हैं। यह हमारी विकास यात्रा का भी हिस्सा है. इंसान हमेशा से ऐसी जगह की तलाश करता आया है, जहां वह खुद को दुनिया में सबसे सुरक्षित महसूस कर सके. जहां वह सुकून से रह सके, यादें बना सके और जहां बाहरी दुनिया की परेशानियां उस तक न पहुंचें. हालांकि, यह सब सच है, लेकिन घर की एक और परिभाषा है, जिसे मैं अब पहले से कहीं ज्यादा अहम मानने लगा हूं. वह है वे लोग, जिनसे हम प्यार करते हैं और जो हमसे प्यार करते हैं।फिल्म में एक संवाद है, जो मुझे बेहद पसंद है. वह कहता है, “घर सिर्फ चार दीवारों और एक छत से नहीं बनता. उसमें रहने वाले लोग ही उसे घर बनाते हैं।” मेरे लिए इस एक संवाद में सब कुछ समाया हुआ है.

ये भी पढ़ें- 'रामायण' की मंथरा ने की ऐश्वर्या राय की तारीफ में कही ये बात, बोलीं- 'बॉलीवुड में आने से पहले ही सुपरस्टार'

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bollywood News, Entertainment, Manoj Vajpayee Film
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com