विज्ञापन

दिलजीत दोसांझ से फैन ने पूछा कॉकरोच जनता पार्टी से जुड़ा सवाल, सिंगर ने दिया ऐसा जवाब जीता फैंस का दिल

इंस्टाग्राम लाइव के दौरान CJP विरोध प्रदर्शन पर सवाल पूछे जाने पर दिलजीत दोसांझ ने मुस्कुराते हुए खुद को राजनीति से दूर बताया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

दिलजीत दोसांझ से फैन ने पूछा कॉकरोच जनता पार्टी से जुड़ा सवाल, सिंगर ने दिया ऐसा जवाब जीता फैंस का दिल
कॉकरोच जनता पार्टी बोले दिलजीत दोसांझ

दिलजीत दोसांझ अपनी हाजिरजवाबी और बेबाक अंदाज के लिए जाने जाते हैं. यही वजह है कि जब भी वो फैंस से रूबरू होते हैं, कुछ न कुछ ऐसा जरूर हो जाता है जो सुर्खियां बन जाता है. इस बार भी कुछ ऐसा ही हुआ. फैंस से बातचीत के बीच अचानक कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन का जिक्र छिड़ गया. हर किसी को लगा कि अब शायद कोई बड़ा बयान सुनने को मिलेगा. लेकिन दिलजीत ने अपने ही अंदाज में ऐसा जवाब दिया कि देखते ही देखते उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और अब लोग उसी की चर्चा कर रहे हैं.

फैन ने पूछ लिया ऐसा सवाल

दिलजीत दोसांझ इंस्टाग्राम लाइव के जरिए फैंस से बातचीत कर रहे थे. इस दौरान लोग उनसे गानों, फिल्मों और टूर को लेकर सवाल पूछ रहे थे. तभी एक फैन ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन का जिक्र कर दिया और इस पूरे मामले पर उनकी राय जाननी चाही. सवाल थोड़ा अलग था, इसलिए हर कोई दिलजीत के जवाब का इंतजार करने लगा.

दिलजीत ने क्या कहा?

सवाल सुनने के बाद दिलजीत ने सबसे पहले कहा कि उन्हें इस पूरे मामले की ज्यादा जानकारी नहीं है. इसके बाद उन्होंने कहा, "जंतर-मंतर कहां है प्रोटेस्ट के लिए... ब्रो, मुझे दूर ही रखो प्रोटेस्ट जैसी चीजों से." उन्होंने आगे मुस्कुराते हुए कहा, "मैं एक आर्टिस्ट हूं, मैं थोड़ी ना नेता हूं." उनका कहना था कि वो राजनीति या विरोध प्रदर्शन जैसे मामलों पर टिप्पणी करने से बचना पसंद करते हैं.

गुरु ग्रंथ साहिब की पंक्ति का भी किया जिक्र

अपनी बात खत्म करते हुए दिलजीत ने गुरु ग्रंथ साहिब की एक पंक्ति भी सुनाई. उन्होंने कहा, "नानक दुखिया सब संसार, सो सुखिया जिस नाम अधार." इसके साथ ही उन्होंने दोनों पक्षों के लिए शुभकामनाएं दीं. उन्होंने दोबारा कहा कि वो इस पूरे मामले से अनजान हैं, इसलिए इस पर इससे ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहते.

आखिर किस बात को लेकर हो रहा है विरोध

दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है. प्रदर्शनकारी कथित पेपर लीक और दूसरी गड़बड़ियों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं. उनकी मांग है कि परीक्षाओं और सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए. इसी विरोध प्रदर्शन को लेकर फैन ने दिलजीत से सवाल पूछा था.

फिल्मों और टूर में बिजी हैं दिलजीत

वर्कफ्रंट की बात करें तो दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने 'ओरा टूर 2026' में व्यस्त हैं और लगातार अलग-अलग देशों में परफॉर्म कर रहे हैं. हाल ही में वो इम्तियाज अली की फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' में भी नजर आए हैं. इस फिल्म में उनके साथ नसीरुद्दीन शाह, शरवरी और वेदांग रैना भी अहम भूमिकाओं में दिखाई दिए हैं.

यह भी पढ़ें: इस एक्ट्रेस की शादी के 11वें दिन हो गई थी पति की मौत, 37 की उम्र में दो बार उजड़ा सुहाग, किशोर कुमार थे प्यार में पागल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Diljit Dosanjh, Entertainment
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com