विज्ञापन

क्रिस्टोफर नोलन की ‘द ओडिसी’ को लेकर बढ़ा जबरदस्त क्रेज, 3000 स्क्रीन्स पर होगी रिलीज, पहले वीकेंड कर सकती है इतनी कमाई

क्रिस्टोफर नोलन की ‘ओडिसी’ रिलीज से पहले ही जबरदस्त चर्चा में है और एक्सपर्ट्स का मानना है कि फिल्म पहले वीकेंड में बड़े आंकड़े को छू सकती है.

क्रिस्टोफर नोलन की ‘द ओडिसी’ को लेकर बढ़ा जबरदस्त क्रेज, 3000 स्क्रीन्स पर होगी रिलीज, पहले वीकेंड कर सकती है इतनी कमाई
'द ओडिसी' भारत में 16 तारीख को रिलीज हो सकती है

सिनेमा जगत में इस समय एक ही नाम की सबसे ज्यादा चर्चा है और वह है 'द ओडिसी'. अपनी भव्यता और नोलन के निर्देशन के लिए जानी जाने वाली यह फिल्म अब भारत में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है. 'द ओडिसी' के भारत में 16 तारीख को रिलीज होने की खबर ने प्रशंसकों के बीच उत्साह की एक नई लहर दौड़ा दी है. यह फिल्म देश भर में 5 प्रमुख भाषाओं- हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और अंग्रेजी में रिलीज हो रही है, जिससे इसकी पहुंच और अधिक विस्तृत हो गई है.

सितारों का आगमन और बढ़ता उत्साह

फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच दीवानगी का स्तर इस बात से समझा जा सकता है कि हाल ही में इसके प्रमोशन के लिए निर्देशक क्रिस्टोफर नोलन, अभिनेता मैट डेमन और टॉम हॉलैंड का भारत दौरा चर्चा का केंद्र बना रहा. मुंबई में फिल्म के प्रीमियर से लेकर इन तीनों दिग्गजों के स्थानीय चाय और बन-मस्का का लुत्फ उठाने तक, हर पल ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया. प्रशंसकों को नोलन और उनकी स्टार कास्ट का यह सादगी भरा अंदाज बेहद भा गया, जिससे फिल्म के प्रति जिज्ञासा और अधिक बढ़ गई है.

फिल्म का बॉक्स ऑफिस प्रेडिक्शन

फिल्म कारोबार के विशेषज्ञ गिरीश वानखेड़े ने 'ओडिसी' को लेकर बेहद सकारात्मक राय व्यक्त की है. उनका मानना है कि 'ओपेनहाइमर' की जबरदस्त सफलता के बाद नोलन की किसी भी फिल्म को लेकर दर्शकों का भरोसा और बढ़ गया है. गिरीश वानखेड़े के अनुसार, "मुझे लगता है 'ओडीसी' का स्वागत बहुत शानदार है और बहुत उत्साह है. पहले दिन की कमाई 15 से 18 करोड़ के बीच होनी चाहिए और वीकेंड 50 करोड़ से कम नहीं होना चाहिए क्योंकि देश भर में इंटरनेट की पहुंच के कारण इस फिल्म के लिए बहुत उत्साह है और फिर 'नोलन' की देश में प्रीमियर पर उपस्थिति ने भी बहुत उत्साह बढ़ा दिया है. मुझे लगता है कि यह हाल के समय की सबसे रोमांचक फिल्म होगी."

स्क्रीन काउंट और तकनीकी अनुभव

इस फिल्म का तकनीकी पक्ष भी बहुत मजबूत है. गिरीश वानखेड़े ने आगे कहा कि यह फिल्म खास तौर पर आईमैक्स (IMAX) फॉर्मेट में दर्शकों को लुभाएगी, जिसके लिए देश के विभिन्न राज्यों में करीब 34 स्क्रीन्स तैयार हैं. कुल मिलाकर 'ओडिसी' देश भर में करीब 3000 स्क्रीन्स पर रिलीज की जा रही है. क्रिस्टोफर नोलन की फिल्मों की भारत में हमेशा से ही एक विशाल फैन फॉलोइंग रही है, जिसका सीधा लाभ इस फिल्म को मिलना तय माना जा रहा है.

यह भी पढ़ें: बिना सेंसर सर्टिफिकेट स्ट्रीम हुई ‘सतलुज', सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी, Zee5 पर भी हो सकती है कार्रवाई

फिल्म की कहानी और नोलन का नाम, दोनों मिलकर इसे बॉक्स ऑफिस पर एक बड़ी चुनौती पेश करने के लिए तैयार कर रहे हैं. अब देखना यह है कि क्या 'ओडिसी' फिल्म जगत में चल रही सुस्ती को तोड़कर एक नया रिकॉर्ड स्थापित कर पाती है या नहीं. प्रशंसकों की नजरें अब रिलीज की तारीख पर टिकी हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
The Odyssey, Bollywood, Entertainment, Christopher Nolan
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com