विज्ञापन
This Article is From Feb 04, 2026

बॉर्डर 2 के गाने में गूंजा सितार का जादू, भगीरथ भट्ट हुए इमोशनल, कहा- ये पल जिंदगी भर याद रहेगा

प्रसिद्ध सितार वादक और संगीतकार भगीरथ भट्ट ने हाल ही में फिल्म ‘बॉर्डर 2’ के गीत ‘जाते हुए लम्हों’ (Jaate Hue Lamhon) में लीड सितार प्लेयर के रूप में काम करने के अपने अनुभव को सोशल मीडिया पर साझा किया.

बॉर्डर 2 के गाने में गूंजा सितार का जादू, भगीरथ भट्ट हुए इमोशनल, कहा- ये पल जिंदगी भर याद रहेगा
बॉर्डर में भगीरथ ने बिखेरा है सितार का जादू

प्रसिद्ध सितार वादक और संगीतकार भगीरथ भट्ट ने हाल ही में फिल्म ‘बॉर्डर 2' के गीत ‘जाते हुए लम्हों' (Jaate Hue Lamhon) में लीड सितार प्लेयर के रूप में काम करने के अपने अनुभव को सोशल मीडिया पर साझा किया. गाने में भगीरथ के साथ सहयोगी सितार वादक के रूप में गौरव, पार्थ और अपर्णा भी थे. इस भावुक सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने टीम वर्क, संगीत की भावना और पुराने दौर की रिकॉर्डिंग परंपराओं को याद करते हुए इसे अपने करियर का एक खास पल बताया. भगीरथ ने लिखा कि आज के समय में फिल्मों में ग्रुप सितार रिकॉर्डिंग बहुत कम देखने को मिलती है, लेकिन ‘बॉर्डर 2' के इस गीत में उन्हें यह दुर्लभ अवसर मिला, जो उनके लिए बेहद खास रहा.

अपने पोस्ट में भगीरथ भट्ट ने संगीतकार मिथुन शर्मा (Mithoon) और अनु मलिक का आभार जताते हुए लिखा, “इस खूबसूरत गाने के लिए हमें शामिल करने के लिए @mithoon11 सर को धन्यवाद! @anumalikmusic द्वारा अद्भुत रचना”. उन्होंने यह भी बताया कि उनकी टीम सितार सोलफुल स्वरा को इस गीत का हिस्सा बनने का सौभाग्य मिला. भगीरथ ने गायक विशाल मिश्रा और रूपकुमार राठौड़ की आवाज़ की भी दिल से सराहना की और इसे एक यादगार संगीत अनुभव बताया.

भगीरथ भट्ट का मानना है कि संगीत में टीम वर्क और सामूहिक भावना ही किसी रचना को अमर बनाती है. ‘जाते हुए लम्हों' के माध्यम से उन्होंने पुराने समय की उस परंपरा को फिर से जीवंत होते देखा, जब फिल्मों में लाइव इंस्ट्रूमेंट रिकॉर्डिंग को विशेष महत्व दिया जाता था. इस प्रोजेक्ट ने न केवल उनके पेशेवर अनुभव को समृद्ध किया, बल्कि उन्हें भावनात्मक रूप से भी गहराई से जोड़ा.

‘बॉर्डर 2' के अलावा भगीरथ भट्ट कई महत्वपूर्ण फिल्मों और प्रोजेक्ट्स का हिस्सा रह चुके हैं, जिनमें निशाचनी, भगवत, गुस्ताख इश्क, लालो, आवे दे जैसी फिल्में शामिल हैं. साथ ही, उन्होंने प्रसिद्ध एल्बम और म्यूजिक प्रोजेक्ट्स जैसे भूमि 2025, कोक स्टूडियो भारत, गणेश उत्सव (Zee5) में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है. सोशल मीडिया पर उनके इस भावुक पोस्ट को प्रशंसकों और संगीत प्रेमियों से खूब सराहना मिल रही है. यह पोस्ट न केवल उनके समर्पण को दर्शाती है, बल्कि भारतीय शास्त्रीय संगीत को आधुनिक सिनेमा से जोड़ने की उनकी निरंतर कोशिशों को भी उजागर करती है. भगीरथ भट्ट आज नई पीढ़ी के संगीतकारों के लिए प्रेरणा बनकर उभर रहे हैं, जो परंपरा और आधुनिकता के बीच संतुलन बनाकर आगे बढ़ रहे हैं.
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bhagirath Bhatt, Border 2 Song, Jaate Hue Lamhon
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com