July 2026 Movie Lineup: मनोरंजन के लिहाज से जुलाई 2026, बॉक्स ऑफिस के लिए साल के सबसे बड़े महीनों में से एक बनने जा रहा है, क्योंकि इस महीने दर्शकों को पौराणिक कहानियां, एक्शन, सुपरहीरो, सामाजिक मुद्दों पर आधारित ड्रामा और फैमिली कॉमेडी जैसी अलग-अलग जॉनर की कई बड़ी फिल्में देखने को मिलेंगी. इनमें पैन-इंडिया एंटरटेनर्स से लेकर हॉलीवुड ब्लॉकबस्टर तक सभी फ़िल्में शामिल होंगी, तो आइए जानते हैं जुलाई की उन 5 फिल्मों के बारे में, जिनका दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है.
फिल्म: नागबंधम
रिलीज डेट: 3 जुलाई 2026
पौराणिक कथा, फैंटेसी और एडवेंचर का शानदार मेल पेश करती 'नागबंधम' दर्शकों को एक भव्य सिनेमाई अनुभव देने का वादा करती है. अभिषेक नामा के निर्देशन में बनी इस फिल्म को निशिता नागिरेड्डी और किशोर अन्नापुरेड्डी ने निक स्टूडियोज़ और अभिषेक पिक्चर्स के बैनर तले प्रोड्यूस किया है. फिल्म में विराट कर्ण मुख्य भूमिका में नजर आएंगे.
फिल्म: अल्फा
रिलीज डेट: 3 जुलाई 2026
यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की पहली महिला-केंद्रित फिल्म 'अल्फा' में आलिया भट्ट और शरवरी दमदार एक्शन अवतार में नजर आएंगी, जबकि बॉबी देओल और अनिल कपूर भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे. शिव रवैल के निर्देशन और आदित्य चोपड़ा के निर्माण में बनी यह स्पाई थ्रिलर बड़े पैमाने, हाई-ऑक्टेन एक्शन सीक्वेंस और रोमांचक कहानी के दम पर भारतीय एक्शन सिनेमा को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की उम्मीद जगाती है.
फिल्म: धमाल 4
रिलीज डेट: 10 जुलाई 2026
लोकप्रिय कॉमेडी फ्रेंचाइजी 'धमाल' एक बार फिर हंसी और मनोरंजन का जबरदस्त डोज लेकर लौटी है. इंद्र कुमार के निर्देशन में बनी 'धमाल 4' को अजय देवगन, भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, अशोक ठकेरिया, इंद्र कुमार, आनंद पंडित और कुमार मंगत पाठक ने प्रोड्यूस किया है. फिल्म में अजय देवगन, रितेश देशमुख, अरशद वारसी, जावेद जाफरी, संजय मिश्रा सहित कई कलाकार नजर आएंगे. कॉमेडी, एडवेंचर और फैमिली एंटरटेनमेंट से भरपूर यह फिल्म दर्शकों को एक बार फिर ठहाके लगाने पर मजबूर करने के लिए तैयार है.
फिल्म: द इंडिया स्टोरी
रिलीज डेट: 24 जुलाई 2026
जुलाई की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल 'द इंडिया स्टोरी' देश में बढ़ती खाद्य मिलावट जैसे गंभीर मुद्दे को दमदार कोर्टरूम और सोशल ड्रामा के माध्यम से पेश करती है. चेतन डीके के निर्देशन में बनी इस फिल्म को सागर शिंदे ने लिखा और प्रोड्यूस किया है. फिल्म में काजल अग्रवाल, श्रेयस तलपड़े, मुरली शर्मा और मनीष वाधवा अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. यह फिल्म 24 जुलाई 2026 को हिंदी, तमिल और तेलुगु में रिलीज होगी.
फिल्म: स्पाइडर-मैन: ब्रैंड न्यू डे
रिलीज डेट: 31 जुलाई 2026
मार्वल का लोकप्रिय सुपरहीरो 'स्पाइडर-मैन' एक नए रोमांचक सफर के साथ बड़े पर्दे पर वापसी कर रहा है. शानदार एक्शन, भावनात्मक कहानी और बेहतरीन विजुअल इफेक्ट्स के लिए मशहूर यह फ्रेंचाइजी दुनियाभर के दर्शकों की पसंद रही है. 'स्पाइडर-मैन: ब्रैंड न्यू डे' जुलाई की सबसे बड़ी हॉलीवुड रिलीज में से एक मानी जा रही है और हर उम्र के दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने की पूरी क्षमता रखती है. फिल्म का बजट 200 मिलियन डॉलर यानी लगभग 1900 करोड़ रुपये है.
बड़े सितारे, अलग-अलग जॉनर और हाई-प्रोफाइल रिलीज के साथ जुलाई 2026 सिनेमा प्रेमियों के लिए बेहद खास साबित होने वाला है. अब देखना यह है कि गुड्डी किसकी चढ़ती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं