Badshah Tateeree Song Controversy: पंजाबी सिंगर और रैपर बादशाह का विवादित सॉन्ग 'टटीरी' को अश्लील लिरिक्स की वजह से सारे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया था. सिंगर ने गलती को मानते हुए माफी भी मांग ली थी, लेकिन अब सिंगर इसी गाने के साथ दोबारा दर्शकों के दिलों में हरियाणा की लोकल और लोक संगीत की झलक दिखाने के लिए तैयार हैं. बादशाह ने बदलावों के साथ 'टटीरी' गाने को दोबारा रिलीज करने की घोषणा की है और नए टाइटल की घोषणा भी की है.
फिर से रिलीज होगा टटीरी गाना
सिंगर बादशाह ने सोशल मीडिया के जरिए 'टटीरी' को 'टटीरी फिर से' के रूप में रिलीज करने की घोषणा की है. सिंगर ने गाने के साथ सभी की भावनाओं का सम्मान करने की भी बात कही है और सभी को भरोसा दिलाया है कि जिन कारणों से हरियाणा और देश की भावनाओं को ठेस पहुंची थी, वो दोबारा नहीं होगा. गाना 14 अप्रैल को दोबारा यूट्यूब पर रिलीज किया जाएगा.
सिंगर ने इंस्टाग्राम पर गाने की झलक शेयर करते हुए लिखा, "पिछले कुछ हफ्तों में हमने अपने गीत 'टटीरी' को लेकर सरकारी अधिकारियों, महिला आयोग, समाजसेवियों और हमारी संस्कृति की परवाह करने वाले कई लोगों की बातों को सुना है. उसी के आधार पर हमने गाने में जरूरी बदलाव किए हैं और जो भी हिस्सा अपमानजनक माना गया, उसे हटा दिया है. मैं इस प्रतिक्रिया और उसके पीछे की भावना का सम्मान करता हूं. एक कलाकार होने के साथ-साथ, अपनी समाज और संस्कृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी उतनी ही अहम है."
उन्होंने लिखा, “टटीरी फिर से उसी सफर का अगला कदम है. आपका साथ, आपकी आवाज और आपका विश्वास ही है, जिसने इस गाने को जिंदा रखा है. उम्मीद है इसका नया रूप वही ऊर्जा और वही सम्मान लेकर चलेगा. गाना 14 अप्रैल को आधिकारिक तरीके से रिलीज किया जाएगा." ऐसा लग रहा है कि गाने में बदलाव के साथ सिंगर ने गाने के टाइटल में भी बदलाव करना सही समझा है.
यह भी पढ़ें: 7 साल में एक नाम से बनी 3 फिल्म, पहली हिट, दूसरी फ्लॉप और तीसरी महाफ्लॉप, सभी फिल्मों में थी एक ही लीड कास्ट
हाल ही में सिंगर को राष्ट्रीय महिला आयोग के सामने पेश होना पड़ा था और उन्होंने अपनी गलतियों की माफी मांगते हुए कुछ बच्चियों की शिक्षा का भार अपने कंधों पर लिया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं