Awarapan 2 Box Office Collection Day 4: इमरान हाशमी की फिल्म 'आवारापन 2' ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी है. हालांकि पहले सोमवार यानी 17 अगस्त को कमाई में थोड़ी गिरावट दर्ज हुई. शानदार ओपनिंग वीकेंड के बाद यह सीक्वल रिलीज के सिर्फ चार दिनों में भारत में 90 करोड़ रुपये की नेट का आंकड़ा पार कर चुका है. 14 अगस्त को रिलीज हुई इस फिल्म की टक्कर सनी देओल की बटवारा 1947 से थी. इस टक्कर में इमरान हाशमी बाजी मारते नजर आए.
आवारापन 2 डे 4 बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
ट्रेड ट्रैकर Sacnilk के मुताबिक 'आवारापन 2' की कमाई में पहले सोमवार को बड़ी गिरावट आई. सीक्वल ने चौथे दिन भारत में 10,849 शो से महज 9.25 करोड़ की कमाई की. इसमें कुल ऑक्यूपेंसी 22% रही. यह रविवार (16 अगस्त) की 26 करोड़ की कमाई के मुकाबले 64.4% की गिरावट थी. सोमवार की कमाई के साथ फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन अब सिर्फ चार दिनों में 91 करोड़ हो गया है.
फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर मजबूत शुरुआत की थी और शुक्रवार को 22 करोड़ नेट कमाए थे. शनिवार को इसकी रफ्तार बढ़ी और आजादी की छुट्टी का फायदा उठाते हुए इसने जबरदस्त उछाल के साथ 33.75 करोड़ रुपये कमाए. रविवार को फिल्म ने और 26 करोड़ कमाए, जिससे तीन दिनों का कुल कलेक्शन 81.75 करोड़ नेट हो गया.
यह भी पढ़ें: 63 साल पहले आया था गुलजार का पहला गाना, नूतन की सादगी और लता मंगेशकर की आवाज ने बना दिया सदाबहार
इसके साथ रिलीज हुई फिल्म 'बंटवारा 1947' के साथ अंतर भी साफ देखा जा सकता है. जहां 'आवारापन 2' ने पहले सोमवार को 9.25 करोड़ कमाए, वहीं सनी देओल की फिल्म उसी दिन सिर्फ 2 करोड़ नेट कमा पाई, जिससे उसका चार दिनों का कुल कलेक्शन 28.50 करोड़ हो गया. दोनों फिल्मों के बीच का अंतर काफी बढ़ गया है और 'आवारापन 2' अब बॉक्स ऑफिस की रेस में मजबूती से आगे है.
क्या 'आवारापन 2' 200 करोड़ तक पहुंच सकती है?
ट्रेड एनालिस्ट की मानें तो आवारापन-2 लाइफटाइम इंडिया नेट कलेक्शन अभी 150-160 करोड़ के बीच रहने की उम्मीद है. हालांकि आने वाले दिनों में लगातार अच्छा परफॉर्म करना फिल्म को और ऊंचाई तक ले जा सकता है. यश की फिल्म 'टॉक्सिक' के थिएटर में आने में अभी दो हफ्ते बाकी हैं, ऐसे में 'आवारापन 2' के पास अपनी कुल कमाई बढ़ाने का अच्छा मौका है. अगर यही रफ्तार बनी रही, तो यह सीक्वल 200 करोड़ का आंकड़ा भी छू सकती है.
इमरान हाशमी की 'शिव पंडित' के रोल में वापसी
नितिन कक्कड़ के डायरेक्शन और विशेष भट्ट के प्रोडक्शन में बनी 'आवारापन 2' में इमरान हाशमी लगभग 19 साल बाद 'शिव पंडित' के रोल में वापसी कर रहे हैं. दिशा पटानी और शबाना आजमी अहम किरदारों में हैं, जबकि कास्ट में पूरन गब्बी, अनिरुद्ध रावल, सुरेंद्र विक्की, विजयंत कोहली और अतुल कुमार भी शामिल हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं