Aspirants New Season: यूपीएससी की तैयारी करने वाले 'एस्पिरेंट्स' की कड़ी मेहनत और परिश्रम की तारीफ कई बार होती है, लेकिन उनकी जिंदगी की असली कहानी ज्यादा लोगों तक नहीं पहुंच पाती. टीवीएफ ने इन एस्पिरेंट्स की अनकही कहानियों को वेब सीरीज 'एस्पिरेंट्स' के जरिए उतारा है. इसका पहला सीजन 2021 में रिलीज किया गया था, जिसके बाद इसे काफी तारीफ मिली थी. इसी को देखते हुए मेकर्स ने सीरीज के तीसरे सीजन की घोषणा कर दी है. यह सीरीज अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज की जाएगी. ‘एस्पिरेंट्स सीजन 3' का दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे थे. अब आज मेकर्स ने शो के नए सीजन की घोषणा करने के साथ ही इसकी प्रीमियर की तारीख भी जारी कर दी है.
अमेजन ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर सीरीज का पोस्टर जारी किया. उन्होंने पोस्ट कर लिखा, "तैयारी सिर्फ करियर की नहीं बल्कि रिश्तों की भी होती है. एस्पिरेंट्स के नए सीजन को अमेजन प्राइम पर 13 मार्च से स्ट्रीम किया जाएगा." टीवीएफ ने एस्पिरेंट्स के जरिए दिल्ली में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रहे छात्रों की असल जिंदगी को बखूबी से दिखाया. उन्होंने इसमें कोचिंग क्लासेस, दोस्तों के साथ ग्रुप डिस्कशन, घर से दूर रहने की मजबूरी, उस बीच हार्ट ब्रेक और बार-बार असफल होने के बाद भी हिम्मत न हारने की कहानी को दिखाया था.
साल 2021 में रिलीज हुए पहले सीजन की कहानी एक इमोशनल और मोटिवेशनल ड्रामा थी, जिसमें दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर में यूपीएससी की तैयारी करने वाले तीन दोस्तों (अभिलाष, गुरी, एसके) की कहानी को दिखाया गया था. इसके बाद साल 2023 में टीवीएफ की इस लोकप्रिय सीरीज का दूसरा सीजन रिलीज हुआ था. यह सीरीज यूपीएससी उम्मीदवारों के संघर्ष, दोस्ती, प्यार और जीवन के उतार-चढ़ाव को बयां करती है. इसका तीसरा सीजन डीएम अभिलाष की कहानी को दो टाइमलाइन में आगे बढ़ाएगा, जिसमें 'संदीप भैया' के आरोपों के कारण अभिलाष के सामने नई चुनौतियां आएंगी.
दीपेश सुमित्रा जगदीश ने सीरीज का निर्देशन किया। इसके तीसरे सीजन में नवीन कस्तुरिया, शिवांकित सिंह परिहार, अभिलाष थपलियाल, सन्नी हिंदुजा, नमिता दुबे और टेंगम सेलिन अपने पुराने किरदारों में नजर आएंगे. वहीं जतिन गोस्वामी की इस सीजन में नई एंट्री हुई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं