रणबीर कपूर की मोस्ट अवेटेड फिल्म रामायणम इन दिनों सोशल मीडिया से लेकर फिल्मी गलियारों तक चर्चा का बड़ा विषय बनी हुई है. फिल्म का टीजर सामने आने के बाद लोगों के बीच इसे लेकर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं. कुछ फैंस रणबीर को भगवान राम के रोल में देखने के लिए काफी एक्साइटेड हैं, जबकि कुछ लोगों ने उनकी कास्टिंग पर सवाल भी उठाए हैं. इसी बीच टीवी की आइकॉनिक रामायण में भगवान राम का किरदार निभाकर घर-घर पहचान बनाने वाले अरुण गोविल ने इस पूरे मामले पर अपनी राय रखी है. खास बात ये है कि अरुण गोविल भी रामायणम का हिस्सा हैं और फिल्म में राजा दशरथ के रोल में नजर आएंगे.
4000 करोड़ रुपये की फिल्म पर सबकी नजर
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही रामायणम को भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्मों में गिना जा रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म का बजट करीब 4000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है. यही वजह है कि फैंस की नजरें इस फिल्म पर टिकी हुई हैं. टीजर रिलीज होने के बाद फिल्म को लेकर एक्साइटमेंट और बहस दोनों बढ़ गए हैं. सोशल मीडिया पर कई लोगों ने फिल्म की तारीफ की, तो कुछ लोगों ने इसे ट्रोल भी किया.
ये भी पढ़ें: राम और कृष्ण ही नहीं, टीवी पर इन 5 देवी-देवताओं की भी दिख चुकी है कहानी, कुछ सीरियल्स ने तो सालों तक किया राज
ट्रोलिंग पर क्या बोले अरुण गोविल
हाल ही में वैराइटी को इंटरव्यू के दौरान अरुण गोविल ने रामायणम को लेकर हो रही ट्रोलिंग पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने रणबीर कपूर की तारीफ करते हुए कहा कि वो एक बेहतरीन एक्टर हैं. उनके मुताबिक हर कलाकार किसी भी किरदार को अपने तरीके से निभाता है और उसी आधार पर उसे देखा जाना चाहिए. अरुण गोविल ने कहा कि किसी कलाकार के काम पर फिल्म रिलीज होने से पहले राय बनाना सही नहीं है.
'लोग किसी दूसरे राम को नहीं देखना चाहते'
अरुण गोविल ने कहा कि शायद लोगों की नाराजगी की एक वजह ये भी हो सकती है कि टीवी की रामायण आज भी दर्शकों के दिलों में बसी हुई है. उन्होंने कहा कि आज भी कई जगह भगवान राम की तस्वीरों में लोग उनका चेहरा देखते हैं. यही कारण है कि दर्शकों के लिए किसी दूसरे कलाकार को राम के रूप में स्वीकार करना आसान नहीं होता. हालांकि उन्होंने साफ कहा कि हर कलाकार को अपने तरीके से किरदार निभाने का पूरा अधिकार है.
क्यों निभा रहे हैं दशरथ का रोल
अरुण गोविल ने बताया कि शुरुआत में उनकी इस रोल को करने में ज्यादा दिलचस्पी नहीं थी. लेकिन फिल्म के डायरेक्टर नितेश तिवारी चाहते थे कि पुरानी रामायण और नई रामायणम के बीच एक भावनात्मक कनेक्शन बनाया जाए. इसी वजह से उन्हें राजा दशरथ का किरदार ऑफर किया गया. अरुण गोविल ने कहा कि अगर उन्हें लगता कि ये रोल सही नहीं है तो वो इसे कभी स्वीकार नहीं करते. अब फैंस दिवाली पर रिलीज होने वाली इस बड़ी फिल्म का इंतजार कर रहे हैं.
कौन-कौन आएगा नजर
रामायणम में रणबीर कपूर के अलावा सनी देओल, साई पल्लवी, रवि दुबे और लारा दत्ता जैसे सितारे भी नजर आने वाले हैं. फिल्म की स्टारकास्ट और इसकी भव्यता ने पहले ही फैंस की एक्साइटमेंट को काफी बढ़ा दिया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं