फिल्मों और टीवी में नाम कमाने के बाद अर्चना पूरन सिंह अब डिजिटल दुनिया में भी काफी एक्टिव हैं. एक्ट्रेस अपने पति परमीत सेठी, दोनों बेटों आर्यमन और आयुष्मान एवं घरेलू सहायिका भाग्यश्री के साथ अक्सर यूट्यूब व्लॉग्स में नजर आती हैं. इस बीच उनके बड़े बेटे आर्यमन ने भी अपनी खुद की एक अलग पहचान बनाने की राह पकड़ ली है. एक्टिंग में करियर बनाने का सपना देखने वाले आर्यमन ने 100 से भी ज्यादा ऑडिशन दिए, लेकिन बार-बार उन्हें रिजेक्शन का सामना करना पड़ा. मगर उन्होंने हार नहीं मानी और यूट्यूब व्लॉग्स को अपना करियर बना लिया. अब उनकी मेहनत का फल ऐसा मिला है कि वह अपनी कमाई से मुंबई में घर खरीदने जा रहे हैं.
यूट्यूब ने बदली आर्यमन की जिंदगी
आर्यमन ने करीब दो साल पहले अपने यूट्यूब चैनल 'आरी व्लॉग' की शुरुआत की थी. इसके बाद उनके कंटेंट को धीरे-धीरे दर्शकों का प्यार मिलने लगा. आर्यमन अपने चैनल पर अपनी पर्सनल लाइफ, परिवार और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े वीडियो शेयर करते हैं. अब इसी चैनल से हुई कमाई के जरिए आर्यमन अपना पहला घर में खरीदने जा रहे हैं.
ये भी पढ़ें- मां यशोदा और कान्हा का प्यारा गाना, सास पर प्यार लुटाती 3 बहुएं, 27 साल पुराना गाने में दिखती संस्कारों की झलक
मां का सपना कर रहे हैं पूरा
अपने नए व्लॉग में आर्यमन ने बताया कि उनके लिए यह दिन बेहद खास है. वह मुंबई में एक 3 BHK अपार्टमेंट देखने पहुंचे थे. इस दौरान उनके साथ उनकी मंगेतर योगिता बिहानी और मां अर्चना पूरन सिंह और पिता परमीत सेठी भी नजर आए. आर्यमन ने व्लॉग में कहा कि वह घर अपनी कमाई से खरीदने वाले हैं. इस दौरान उन्होंने अपने फैंस का शुक्रियादा भी किया. उन्होंने कहा कि यह कमाई असल में उनके फैंस की वजह से है. उन्होंने कहा कि उनकी मां हमेशा चाहती थीं कि वह अपनी कमाई से अपने लिए घर खरीदें और अब वह उस सपने को पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं.
100 से ज्यादा ऑडिशन, फिर भी नहीं मिली सफलता
आर्यमन की कहानी इसलिए भी दिलचस्प है क्योंकि यूट्यूबर से पहले उनका सपना एक्टर बनने का था. उन्होंने 100 से ज्यादा ऑडिशन दिए, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली. आर्यमन ने बताया था कि उन्हें लगता था कि उनकी मां के मशहूर होने की वजह से भी उन्हें ऑडिशन में मुश्किलों का सामना करना पड़ा. एक्टिंग में मनचाहा ब्रेक नहीं मिलने के बाद उन्होंने अर्चना के यूट्यूब वीडियोज में काम करना शुरू किया और यहीं से उन्हें डिजिटल दुनिया में अपनी राह मिल गई.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं