Alpha Box Office Collection Day 1: आलिया भट्ट और शरवरी वाघ की मोस्ट अवेटेड फिल्म एक्शन थ्रिलर 'अल्फा' आखिरकार सिनेमाघरों में आ गई है. यह वाईआरएफ स्पाई यूनिवर्स की पहली महिला-प्रधान फिल्म है. रिलीज के बाद 'अल्फा' को दर्शकों और क्रिटिक्स की मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है. वहीं अब फिल्म के पहले दिन का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन सामने आ गया है. 'अल्फा' वाईआरएफ स्पाई यूनिवर्स की सबसे कम ओपनिंग करने वाली फिल्म बन गई है. विकिपीडिया के अनुसार आलिया भट्ट और शरवरी वाघ की इस फिल्म का बजट करीब 100 करोड़ रुपये है.
अल्फा की पहले दिन की कमाई
इस हिसाब से देखा जाए तो 'अल्फा' ने बेहद कमजोर शुरुआत की है. सैकनिल्क से मिले अब तक के आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ने अब तक करीब 9 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है. हालांकि यह अभी फिल्म के अनुमानित आंकड़े हैं. पूरे आंकड़े सुबह तक जारी होंगे. 'अल्फा' देश भर में 7,534 शो में रिलीज हुई है. इसके बावजूद देखा जाए तो 'अल्फा' वाईआरएफ स्पाई यूनिवर्स की सबसे कमजोर फिल्म साबित होती दिखाई दे रही है. इस यूनिवर्स की पिछली फिल्म वॉर ने अपने पहले दिन 52 करोड़ से ज्यादा की ओपनिंग की थी. इस फिल्म 19,445 शोज थे.
यह भी पढ़ें: सिनेमाघरों में रिलीज हुई अल्फा, फर्स्ट डे फर्स्ट शो पर जानें कैसी है आलिया भट्ट और बॉबी देओल की फिल्म
जिगरा से निकली आगे
हालांकि 'अल्फा' आलिया भट्ट की जिगरा से आगे निकल गई है, जोकि बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह से फ्लॉप हुई थी. जिगरा ने 4.55 करोड़ रुपये कमाए थे. वहीं बात करें फिल्म 'अल्फा' की तो शिव रवैल की डायरेक्ट की गई फ़िल्म 'अल्फा' में आलिया भट्ट और शरवरी के साथ बॉबी देओल और अनिल कपूर मुख्य भूमिका में हैं. ऋतिक रोशन 'कबीर' के तौर पर एक स्पेशल अपीयरेंस में नजर आएंगे. वे 'वॉर' फ्रैंचाइजी वाले अपने मशहूर किरदार को ही दोबारा निभा रहे हैं. यह वाईआरएफ स्पाई यूनिवर्स की पहली फिल्म है जिसमें महिला मुख्य भूमिका में है. इस यूनिवर्स में अब तक 'एक था टाइगर', 'टाइगर जिंदा है' 'वॉर', 'पठान', 'टाइगर 3' और 'वॉर 2' फिल्में बन चुकी हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं