राजेश खन्ना को बॉलीवुड का पहला सुपरस्टार कहा जाता है. उन्होंने बॉक्स ऑफिस पर लगातार 17 सोलो हिट्स दिए थे. वह दौर ऐसा था जब कोई भी उनके आस-पास नहीं था. लेकिन फिर अमिताभ बच्चन का उदय हुआ और धीरे-धीरे राजेश खन्ना धूमिल होते गए. खुद उनके दामाद अक्षय कुमार ने भी इस बात को माना है कि वह उनके लिए इंस्पिरेशन नहीं है. बल्कि अक्षय कुमार ने ये कह कर सबको हैरान कर दिया कि उन्होंने अपना ससुर से ये सीखा है कि बॉलीवुड में क्या नहीं करना चाहिए.
ये भी पढ़ें: तो इसलिए बदला गया सलमान खान की फिल्म 'बैटल ऑफ गलवान' का नाम, डायरेक्टर ने बताई ये वजह
अक्षय के जवाब ने चौंकाया
हाल ही में इंडिया टुडे के साथ एक बातचीत के दौरान, अक्षय से उन एक्टर्स के नाम बताने को कहा गया जिन्होंने उन्हें सबसे ज्यादा प्रेरित किया है. उन्होंने अमिताभ बच्चन, संजीव कुमार और महमूद के नाम लिए. जब उनसे पूछा गया कि उन्होंने अपने ससुर राजेश खन्ना का जिक्र क्यों नहीं किया, तो उन्होंने जवाब दिया, "मैंने अपने ससुर से बहुत कुछ सीखा है. मैंने उनसे यह सीखा कि क्या नहीं करना चाहिए. वह असल में मुझे अपने पास बिठाते थे और मुझे अपनी उन सभी गलतियों के बारे में बताते थे जो उन्होंने की थीं. वह भारत के देखे हुए नंबर एक सुपरस्टार थे."
‘मैंने कभी नहीं सोचा था उनकी बेटी से होगी शादी'
इस इंटरव्यू में अक्षय ने बताया कैसे बचपन में वह राजेश खन्ना के बंगले के बाहर भीड़ में खड़े होकर एक्टर की एक झलक पाने का इंतजार करते थे, और उन्होंने इसे 'किस्मत' बताया कि अब उनकी शादी उसी सुपरस्टार की बेटी ट्विंकल खन्ना से हुई है. वह बोले "जब मैं 7-8 साल का था, तो मैं अपने पिता के साथ कार्टर रोड से गुजरता था. मैं और मेरे माता-पिता राजेश खन्ना के बंगले 'आशीर्वाद' के बाहर खड़े होते थे, और मेरे पिता मुझे अपने कंधों पर बिठा लेते थे ताकि मैं उनकी एक झलक पा सकूं. यही तो किस्मत है. मैंने कभी सोचा भी नहीं था कि उनकी बेटी मेरी पत्नी बनेगी."
पहले भी राजेश खन्ना पर बोले
यह पहली बार नहीं है जब अक्षय ने अपने ससुर की असफलताओं के बारे में बात की है. इससे पहले, Galatta Plus के साथ एक इंटरव्यू में, अक्षय से पूछा गया था कि वह असफलता और सफलता के बारे में क्या सोचते हैं. इस पर उन्होंने राजेश खन्ना का उदाहरण देते हुए कहा, "मैं किसी भी चीज को अपने दिमाग पर हावी नहीं होने देता. मैंने बहुत से लोगों को गिरते हुए देखा है, मैंने कई कहानियां सुनी हैं. मेरे ससुर ने मुझे बहुत कुछ सिखाया है, क्योंकि उन्होंने जिंदगी में सबसे बड़ी सफलता देखी थी और फिर उन्होंने पूरी तरह से गिरावट भी देखी. मैंने कहानियां सुनी हैं. मैं जो करता हूं, वह यह है कि मैं दूसरे लोगों से सीख लेता हूं, और मुझे एहसास होता है कि इन चीज़ों को एक हाथ की दूरी पर रखना चाहिए. मेरा काम बस काम करते रहना है."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं