माया नगरी और ग्लैमर की दुनिया में पहचान बनाना लाखों लोगों का सपना होता है, लेकिन कुछ लोग ऐसे भी होते हैं जो सफलता मिलने के बाद भी भीतर से खालीपन महसूस करते हैं. प्रनवी तिवारी की कहानी भी कुछ ऐसी ही है. कभी एयर होस्टेस रहीं प्रनवी ने मॉडलिंग और विज्ञापनों की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई थी. उन्होंने बॉलीवुड अभिनेत्री कृति सेनन समेत कई बड़े चेहरों के साथ काम किया. अभिनय की दुनिया में आगे बढ़ने का सपना भी उनके पास था, लेकिन भीतर की बेचैनी उन्हें लगातार परेशान करती रही. आखिरकार उन्होंने शोबिज की चमक-दमक से दूरी बनाकर अध्यात्म और कृष्ण भक्ति का मार्ग चुन लिया.
सफलता मिली, लेकिन मन को नहीं मिला सुकून
हाल ही में मेरो वृन्दावन के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान प्रनवी तिवारी ने अपने जीवन के इस बड़े फैसले के बारे में खुलकर बात की. उन्होंने बताया कि एयर होस्टेस की नौकरी करने के बाद उन्होंने विज्ञापनों में काम शुरू किया था. कई प्रोजेक्ट्स में उन्हें मुख्य भूमिका भी मिली. धीरे-धीरे वह अभिनय की दुनिया में पूरी तरह कदम जमाना चाहती थीं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें मानसिक शांति नहीं मिल रही थी.

प्रनवी के मुताबिक, उनके पास अच्छा काम, परिवार और पैसा सब कुछ था, लेकिन भीतर एक खालीपन बना हुआ था. उन्हें हमेशा लगता था कि जिंदगी में कुछ ऐसा है जो अभी अधूरा है. यही सवाल उन्हें लगातार परेशान करता रहा. इसी दौरान उन्होंने आध्यात्मिक विषयों में रुचि लेना शुरू किया और उनका झुकाव भक्ति की ओर बढ़ने लगा.
प्रेमानंद महाराज से मिलीं, बदल गई जिंदगी
प्रनवी ने बताया कि वर्ष 2025 में उन्होंने पहली बार प्रेमानंद महाराज के प्रवचन सुनने शुरू किए. उनके विचारों का असर इतना गहरा हुआ कि उन्होंने उनके बारे में और जानने की कोशिश की. धीरे-धीरे उन्हें महसूस हुआ कि जिस शांति की तलाश वह लंबे समय से कर रही थीं, शायद उसका रास्ता यहीं से होकर जाता है. उन्होंने अपने परिवार से इस बारे में चर्चा की और फिर जीवन की दिशा बदलने का निर्णय लिया. इसके बाद वह वृंदावन पहुंचीं, जहां उन्हें ऐसे लोग मिले जिन्होंने प्रेमानंद महाराज से मिलने में मदद की. बाद में उन्होंने उनसे दीक्षा ग्रहण की और खुद को पूरी तरह कृष्ण भक्ति के मार्ग पर समर्पित कर दिया.

यह भी पढ़ें: 8 करोड़ की फिल्म ने कमाए 53 करोड़, पब्लिक डिमांड पर एक ही साल में दो बार रिलीज हुई थी ये फिल्म
आज प्रनवी तिवारी को लोग ‘भागवती' के नाम से जानते हैं. वह वृंदावन में रहकर भजन, नाम-जप और आध्यात्मिक जीवन में अपना समय बिता रही हैं. उनका कहना है कि अब उन्हें वह सुकून मिल गया है, जिसकी तलाश उन्हें वर्षों से थी. ग्लैमर की दुनिया छोड़कर भक्ति का रास्ता चुनने वाली उनकी कहानी इन दिनों सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बनी हुई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं