पटना के अस्पताल में ITBP दरोगा का 5वीं मंज‍िल से ग‍िरने का आया वीड‍ियो

स्वास्थ्य ठीक नहीं होने की वजह से उन्हें अस्‍पताल में भर्ती कराया गया था, जहां पर उनका इलाज चल रहा था.  

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
आईटीबीपी का जवान अस्पताल के पांचवीं मंजिल से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई. (सीसीटीवी फुटेज की GIF फाइल)

पटना के दीघा थाना क्षेत्र स्थित एशियन सिटी हॉस्पिटल में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के एक दरोगा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है, और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू को खंगाला जा रहा है. 

मृतक की पहचान विजय सिंह (44) के रूप में हुई है. वह राजस्थान के भरतपुर जिले के निवासी थे, और वर्तमान में छपरा के जलालपुर स्थित ITBP कैंप में तैनात थे. बताया जा रहा है कि कुछ दिनों से उनकी तबीयत खराब थी, जिसके बाद 3 जून को उन्हें इलाज के लिए पटना के एशियन सिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था. 

5वीं मंजिल से नीचे गिरे 

रविवार को इलाज के दौरान एक ऐसी घटना हुई, जिसने अस्पताल प्रशासन और पुलिस दोनों को सकते में डाल दिया. जानकारी के अनुसार, विजय सिंह अस्पताल की 5वीं मंजिल पर स्थित वॉशरूम गए थे. इसी दौरान वह ऊपर से नीचे गिर गए. घटना के बाद अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई, और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. 

सीसीटीवी फुटेज आया सामने 

घटना का एक CCTV फुटेज भी सामने आया है. फुटेज में विजय सिंह ऊपर से नीचे गिरते हुए दिखाई दे रहे हैं. हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उन्होंने खुद छलांग लगाई या फिर किसी अन्य कारण से नीचे गिरे. पुलिस सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. 

Advertisement

वाशरूम का दरवाजा अंदर से बंद था 

घटना की सूचना मिलते ही दीघा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. जांच के दौरान पुलिस टीम पांचवीं मंजिल पर भी गई, जहां संबंधित वॉशरूम का दरवाजा अंदर से बंद पाया गया. इस वजह से मामले को और भी गंभीर माना जा रहा है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर घटना से ठीक पहले वहां क्या हुआ था. 

कर्मचारियों से पुलिस कर रही पूछताछ 

मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है. फॉरेंसिक विशेषज्ञ घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रहे हैं और तकनीकी जांच की जा रही है. साथ ही अस्पताल के कर्मचारियों और वहां मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है.  दीघा थाने के दरोगा सुजीत कुमार ने बताया कि रव‍िवार दोपहर करीब 12:30 बजे घटना की सूचना मिली थी.  पुलिस को अस्पताल का CCTV फुटेज मिला है, जिसकी बारीकी से जांच की जा रही है. 

Advertisement

फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और FSL जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.  फिलहाल यह मामला रहस्य बना हुआ है और पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी हुई है. 

यह भी पढ़ें: आनंद मोहन ने जेडीयू कार्यकर्ताओं को बगावत के लिए उकसाया, बोले- 'नीतीश से गन प्वाइंट पर लिया इस्तीफा'

Featured Video Of The Day
खान सर के कोचिंग सेंटर पर मंडराया सील का खतरा! | Khan Sir News