- JDU के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि बिहार की अगली सरकार नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में ही चलेगी.
- मुख्यमंत्री पद को लेकर संजय झा ने फिलहाल कोई स्पष्ट टिप्पणी नहीं की और मिलकर निर्णय लेने की बात कही है.
- निशांत कुमार को सरकार में शामिल करने के सवाल पर झा ने कहा कि यह सब आगे आने वाले समय में हम लोग तय करेंगे.
जनता दल यूनाइटेड के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने बिहार की राजनीति को लेकर बड़ा बयान दिया है. एनडीटीवी से बातचीत में उन्होंने साफ किया कि बिहार में अगली सरकार नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में ही चलेगी. साथ ही मुख्यमंत्री पद को लेकर उन्होंने फिलहाल कोई सीधी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है. हालांकि यह कहा कि हम सभी लोग मिल-बैठकर के यह तय करेंगे. साथ ही उन्होंने कहा कि अभी तक कुछ तय नहीं हुआ है.
संजय झा ने एक सवाल के जवाब में कहा कि 2025 के विधानसभा चुनाव प्रधानमंत्री और नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ा गया था. उनका कहना था कि जेडीयू और भाजपा लंबे समय से मिलकर काम कर रहे हैं, इसलिए हमें कोई दिक्कत नहीं होगी.
बिहार का अगला सीएम कौन? ये बोले संजय झा
बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि हम सभी लोग मिल-बैठकर के यह तय करेंगे.
पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष से सवाल किया गया कि क्या बिहार में अगला मुख्यमंत्री जेडीयू का होगा? इस पर संजय झा ने कहा कि इस विषय पर अभी कोई टिप्पणी नहीं करूंगा. उन्होंने कहा कि हम जब एक साथ बैठेंगे तो इस पर विचार करेंगे. इस पूरी प्रक्रिया में नीतीश कुमार की भूमिका अहम होगी.
बिहार सरकार में शामिल होंगे निशांत कुमार?
एनडीटीवी के सवालों का जवाब देते हुए संजय झा ने यह संकेत भी दिया कि जेडीयू नेतृत्व जल्दबाजी में कोई निर्णय नहीं लेना चाहता है. पार्टी सभी पहलुओं पर विचार‑विमर्श के बाद आगे की रणनीति तय करेगी.
जेडीयू में हाल ही में शामिल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को सरकार में शामिल करने के सवाल पर संजय झा ने कहा कि यह सब आगे आने वाले समय में हम लोग तय करेंगे. उन्होंने कहा कि कल उन्होंने पार्टी में अपना काम शुरू किया है. पार्टी के बहुत सारे लोगों की काफी दिनों से इच्छा थी कि निशांत कुमार पार्टी में आकर के काम करें. साथ ही कहा कि उनका आगे क्या रोल रहेगा, यह आगे तय किया जाएगा.














