- जेडीयू में चर्चा चल रही है कि नीतीश कुमार राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन कर सकते हैं, अंतिम फैसला जल्द होगा.
- बिहार में 16 मार्च को राज्यसभा के पांच सीटों के लिए चुनाव होना है, एनडीए ने तीन उम्मीदवार घोषित किए हैं.
- नीतीश के राज्यसभा जाने से मुख्यमंत्री पद खाली हो सकता है, जिससे बिहार की राजनीतिक स्थिति में बड़ा बदलाव आएगा.
गुरुवार का दिन बिहार और देश की राजनीति के लिहाज़ से बड़ा अहम दिन साबित हो सकता है . जेडीयू के भीतर इस बात की चर्चा शुरू हो गई है कि पिछले 21 सालों से करीब-करीब लगातार मुख्यमंत्री बनते आ रहे नीतीश कुमार राज्यसभा का चुनाव लड़ सकते हैं. जेडीयू के कुछ सूत्रों का कहना है कि इस मुद्दे पर पार्टी के भीतर गंभीर चर्चा हो रही है अंतिम फैसले का इंतजार है. कल राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन का आख़िरी दिन है लिहाज़ा अगले कुछ घंटों में अंतिम फ़ैसला हो जाएगा .
16 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनाव में बिहार की 5 सीटों के लिए चुनाव होना है, जिनमें एनडीए की तरफ़ से तीन उम्मीदवारों के नाम का ऐलान हो चुका है और केवल जेडीयू के दो उम्मीदवारों के नाम का इंतजार है. ऐसे में नीतीश कुमार के नाम पर फैसला हो सकता है. अभी तक नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को राज्यसभा भेजे जाने की अटकलें लगाई जा रही थी.
ऐसे में सबसे बड़ा सवाल ये होगा कि अगर वास्तव में नीतीश कुमार राज्यसभा का नामांकन करते हैं तो क्या वह तुरंत अपने पद से इस्तीफा देंगे और बिहार को नया मुख्यमंत्री मिलेगा? अगर ऐसा होता है तो बिहार की राजनीति में इसे नीतीश युग का अंत माना जाएगा. ऐसे में सवाल यह होगा कि आखिर नीतीश कुमार की जगह बिहार की गद्दी पर कौन बैठेगा ? क्या जदयू का ही कोई नेता सीएम के पद पर आसीन होगा या फिर इस बार भाजपा अपना मुख्यमंत्री बनाएगी क्योंकि विधानसभा में बीजेपी के पास जेडीयू से ज़्यादा विधायक हैं.
राज्यसभा चुनाव के लिए जेडीयू के उम्मीदवारों को ज़बरदस्त हलचल चल रही है. होली का दिन होने के बावजूद आज जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने सुबह सुबह दिल्ली में पार्टी के बड़े नेता और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह से मुलाक़ात की और उसके बाद सीधे पटना के लिए रवाना हो गए. पटना पहुंचते ही संजय झा एयरपोर्ट से सीधे एक अणे मार्ग के मुख्यमंत्री निवास पहुंचे. सूत्रों के मुताबिक़ इस दौरान संजय झा लगातार बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व के संपर्क में रहे. केंद्रीय मंत्री ललन सिंह भी दिल्ली में ही मौजूद हैं और कल सुबह पटना पहुंचेंगे.
ये भी पढ़ें :- निशांत नहीं नीतीश कुमार जा रहे राज्यसभा! क्यों शुरू हो गई चर्चा? संजय झा दिल्ली से पटना के लिए रवाना













