बिहार: फंदे पर लटकते म‍िली मह‍िला की लाश, भाई बोला- रेप के बाद बहन को मार डाला

मह‍िला के पत‍ि की पहले की मौत हो चुकी है. वह अपने बेटे के साथ रहती थी. पर‍िजन के आरोप पर पुल‍िस जांच कर रही है. 

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
पुलिस और परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

नालंदा के छबिलापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत छबिलापुर गांव में रविवार देर शाम महिला का शव कमरे में फंदे से लटकते म‍िला. परिजन दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगा रहे हैं. महिला के पत‍ि की मौत पहले ही हो चुकी है. वह अपने बेटे के साथ घर में रहती थी. घटना के समय महिला घर में अकेली थी. उसका बेटा बाहर काम से गया हुआ था.

जमीन का था विवाद 

मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि उनकी बहन का गोतिया (परिवार के अन्य लोगों) से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. उनका कहना है कि इसी रंजिश में बहन के साथ पहले दुष्कर्म किया गया, और फिर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से फंदे से लटकाकर हत्या कर दी गई. उन्होंने बताया कि जब उन्हें घटना की सूचना मिली, और वे मौके पर पहुंचे, तो बहन का शव संदिग्ध अवस्था में था और कपड़े भी अस्त-व्यस्त थे.

पुलिस को गुमराह करने का आरोप 

परिजनों का आरोप है कि पुलिस को गुमराह करने के लिए इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है. घटना के बाद गांव में तनाव और तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. सूचना मिलते ही छबिलापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. 

परिजनों के आरोप पर भी जांच कर रही पुलिस 

थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगने से मौत का प्रतीत होता है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है, और परिजनों के आरोपों को भी गंभीरता से लेते हुए आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: अयातुल्ला अली खामेनेई को मौत के 50 दिनों बाद भी ईरान ने क्यों नहीं दफनाया? जानें एक्सपर्ट ने क्या बताया कारण

Featured Video Of The Day
'भाई Jhalmuri खिलाओ': Jhargram में PM Modi का दिखा अलग अंदाज | West Bengal Election 2026