बिहार विधान परिषद की 9 सीटों के लिए 18 जून को चुनाव होंगे. इन सीटों के लिए NDA में खींचतान शुरू हो गई है. BJP और JDU ने 4-4 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है. लेकिन इसके बाद एक नई सियासी हलचल तेज हो गई है. NDA के उम्मीदवारों की लिस्ट में राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश का नाम नहीं है.
दीपक प्रकाश का नाम लिस्ट में नहीं होने पर उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि 'आप लोग इंतजार कीजिए. नामांकन का आखिरी दिन परसों होना है. आज नामांकन खत्म नहीं हो रहा है. इसलिए इंतजार कीजिए.'
क्या मंत्री पद छीन जाएगा?
दीपक प्रकाश अभी सम्राट सरकार में पंचायती राज मंत्री हैं. मंत्री बने रहने के लिए उन्हें 6 महीने के भीतर विधानसभा या विधान परिषद का सदस्य बनना जरूरी है. अगर उन्हें विधान परिषद का टिकट नहीं मिलता है, तो उन्हें मंत्री पद छोड़ना होगा.
NDA ने 8 सीटों पर घोषित किए उम्मीदवार
बिहार की 9 सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए NDA ने आठ सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं. इनमें BJP और JDU के 4-4 उम्मीदवार हैं.
BJP की तरफ से पवन सिंह, डॉ. संजय मयूख, अनिल कुमार ठाकुर और शीला पंडित को टिकट मिला है. वहीं, JDU कोटे से निशांत कुमार, भारती मेहता, शिवरानी देवी और ललन प्रसाद हैं.
बताया जा रहा है कि बाकी एक सीट पर चिराग पासवान की LJP(R) का दावा मजबूत है. अगर ऐसा होता है तो दीपक प्रकाश का टिकट कटना तय है.
यह भी पढ़ेंः NDA के लिए बिहार विधान परिषद चुनाव बड़ी चुनौती! ताकत-हिस्सेदारी और राजनीतिक प्रभाव की परीक्षा