नलंदा जिले के रहुई थाना क्षेत्र के पुनहा गांव में मामूली तंज के बाद खूनी संघर्ष हो गया. गृह प्रवेश के भोज से लौट रहे दो युवकों के बीच ‘भोज में खूब रसगुल्ला खाए' कहने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि बदमाशों ने युवक की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी. हमले में मृतक के परिवार के चार अन्य सदस्य भी गंभीर रूप से जख्मी हो गए.
मृतक की पहचान अनिल चौधरी के 25 वर्षीय पुत्र रवि कुमार के रूप में हुई है. घायल सगा भाई सन्नी कुमार को बेहतर इलाज के लिए विम्स रेफर किया गया है, जबकि मां गौरी देवी, बहन काजल कुमारी और चाचा दामोदर चौधरी का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है.
गृह प्रवेश के भोज में गया था युवक
परिजनों के अनुसार गांव में गृह प्रवेश का भोज था. भोज से लौटने के दौरान रवि कुमार ने मुख्य आरोपित वाल्मिकी चौधरी पर तंज कसते हुए कहा कि “भोज में खूब रसगुल्ला खाए.” इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई. ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया, लेकिन देर रात वाल्मिकी चौधरी अपने सहयोगियों के साथ रवि के घर पहुंच गया.
नशे में धुत थे बदमाश
आरोप है कि सभी बदमाश नशे में धुत थे, और लाठी-रॉड लेकर परिवार पर हमला कर दिया. महिलाओं को भी दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया. हमले के बाद गांव में दहशत फैल गई और लोग बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं जुटा सके.
14 लोगों पर मामला दर्ज
घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से पुलिस सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाई, जहां डॉक्टरों ने रवि कुमार को मृत घोषित कर दिया. मृतक के पिता के बयान पर 14 लोगों को नामजद आरोपित बनाया गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित वाल्मिकी चौधरी समेत 13 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. एक फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
रहुई थानाध्यक्ष ललित विजय ने बताया कि मामूली विवाद में घटना को अंजाम दिया गया. FSL टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. गिरफ्तार सभी आरोपितों को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल लाया गया.
यह भी पढ़ें: तलाकशुदा महिला से शादी करने की खौफनाक सजा; युवक को पीटा, जूतों की माला पहनाकर पिलाई पेशाब














