Gaya News: बिहार के गया रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने 'ऑपरेशन विलेप' के तहत एक बड़ी कार्रवाई कर तस्करों की कमर तोड़ के रख दी है. वन्यजीवों की तस्करी के प्रयास को नाकाम करते हुए आरपीएफ ने 28 जीवित कछुए बरामद किए हैं. बरामद कछुओं को सुरक्षित रूप से वन विभाग को सौंप दिया गया है, जबकि मामला वन्य जीव तस्करी से जुड़ा प्रतीत हो रहा है.
रात के अंधेरे में मिली सफलता
बीते रविवार की रात को RPF और राजकीय रेल पुलिस की संयुक्त टीम ने 28 जीवित कछुओं को बरामद किया है. इन कछुओं को तस्करों ने देहरादून-हावड़ा दून एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 13010) के सामान्य कोच में लावारिस बैगों में छिपा रखा था. वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देशन में RPF पोस्ट गया, सीपीडीएस (CPDS) टीम और GRP की टीम में गश्त कर रही थी. तलाशी के दौरान, इंजन के पीछे वाले दूसरे सामान्य कोच में दो लावारिस बैग (एक पिट्ठू बैग और एक प्लास्टिक का झोला) मिले.
शक होने पर जब जवानों ने इन बैगों की जांच की, तो अंदर जूट के बोरों में 28 कछुए (कछुए वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत संरक्षित प्रजाति में आते हैं) जीवित मिले , जिसे देखते हुए टीम ने तुरंत इन्हें अपनी सुरक्षा में ले लिया.
वन विभाग को सौंपे गए कछुए
बरामदगी के बाद, टीम कछुओं को लेकर RPF पोस्ट गया पहुंची और तुरंत वन विभाग को सूचित किया. इसके बाद वन विभाग की उपस्थिति में सभी 28 जीवित कछुओं को उन्हें सौंप दिया. इस पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक मुकेश कुमार, प्रधान आरक्षी वी.एन. शर्मा, आरक्षी अमित कुमार और सुनील कुमार सहित अन्य जवानों की टीम ने अहम भूमिका निभाई.
पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्ध आरपीएफ
RPF गया की इस कार्रवाई से न केवल वन्य जीव तस्करी पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी, बल्कि यह भी साबित होता है कि रेलवे सुरक्षा बल यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ पर्यावरण और वन्य जीव संरक्षण के प्रति भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
यह भी पढ़ें; गोलियों की तड़तड़ाहट से थर्राया मुजफ्फरपुर, 72 घंटे में 4 हत्या...जमीन करोबारी के बाद युवती को गोलियों से भूना














