ATM का नाम सुनते ही दिमाग में सबसे पहले पैसे निकालने वाली मशीन की तस्वीर आती है. लोग ATM के बाहर लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते हैं, कार्ड डालते हैं, और नकदी निकालकर बाहर निकल जाते हैं, लेकिन बिहार के दानापुर में एक ATM में लोग पैसे निकालने नहीं, बल्कि बाल कटवाने और दाढ़ी बनवाने पहुंच रहे हैं. यह नजारा इन दिनों इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इसे देखकर हैरान भी हैं और मुस्कुरा भी रहे हैं.
SBI लिखा ATM बूथ
दानापुर इलाके में स्थित इस छोटे से ATM बूथ के बाहर आज भी बड़े अक्षरों में SBI का ATM का बोर्ड लगा हुआ है. बाहर से देखने पर किसी को भी यही लगेगा कि अंदर बैंक का ATM संचालित हो रहा होगा, और लोग वहां नकदी निकालने जाते होंगे, लेकिन जैसे ही कोई व्यक्ति अंदर प्रवेश करता है तो उसे ATM मशीन नहीं बल्कि कुर्सी, शीशा, हेयर कटिंग मशीन, कैंची और शेविंग का सामान दिखाई देता है. अंदर एक नाई ग्राहकों के बाल काटते और दाढ़ी बनाते नजर आता है.
ATM को बंद कर दिया गया
स्थानीय लोगों के अनुसार, पहले यहां वास्तव में एसबीआई का ATM संचालित होता था. आसपास के लोग इसी ATM से पैसे निकालते थे, और दिनभर यहां ग्राहकों की आवाजाही लगी रहती थी, लेकिन किसी कारणवश बैंक ने इस ATM को बंद कर दिया और मशीन को वहां से हटा लिया. हालांकि ATM का बोर्ड, केबिन और पूरा सेटअप जस का तस छोड़ दिया गया. बाद में इस जगह को किराये पर दे दिया गया.
हेयर कटिंंग सैलून खोल लिया
जिस व्यक्ति ने यह जगह किराये पर ली, उसने वहां अपनी हेयर कटिंग सैलून की दुकान शुरू कर दी. अब हालत यह है कि बाहर ATM का बोर्ड लगा होने के कारण राहगीर भ्रमित हो जाते हैं. कई लोग पैसे निकालने की उम्मीद में ATM बूथ तक पहुंचते हैं, लेकिन अंदर सैलून देखकर मायूस होकर लौट जाते हैं. दूसरी ओर, बाल कटाने के लिए नाई की दुकान खोज रहे लोग जब इस ATM के पास पहुंचते हैं तो पहले तो चौंक जाते हैं, लेकिन फिर वहीं बैठकर बाल और दाढ़ी बनवा लेते हैं. इलाके में यह ATM पॉइंट अब लोगों के बीच मजाक और चर्चा दोनों का विषय बन गया है.
'हेयर कटिंग एटीएम' पड़ गया नाम
एक स्थानीय दुकानदार ने बताया कि शुरुआत में लोगों को यह समझने में काफी दिक्कत हुई कि आखिर ATM के अंदर सैलून कैसे चल रहा है, लेकिन धीरे-धीरे यह जगह इलाके में पहचान बन गई और अब लोग इसे 'हेयर कटिंग एटीएम' के नाम से बुलाने लगे हैं. कई युवा यहां सिर्फ तस्वीर लेने और वीडियो बनाने भी पहुंच रहे हैं.
यह भी पढ़ें: जब वकील दे रहे थे दलील, गधा रेंकने लगा, जज ने लिए मजे, CJI ने सुनाए कोर्टरूम के कई मजेदार किस्से














