Bihar News: बिहार के वैशाली जिले के लालगंज इलाके से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां बच्चों के बीच क्रिकेट खेलने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद अचानक खूनी संघर्ष में बदल गया. मामला पोझिया गांव का बताया जा रहा है, जहां दो दिन पहले बच्चों के बीच कहासुनी हुई थी.
घात लगाकर किया गया हमला
जानकारी के मुताबिक रिजवान अहमद अपने परिवार के साथ किसी रिश्तेदार के घर जाने के लिए निकले थे. तभी पहले से घात लगाए बैठे मोहम्मद सिराज, मोहम्मद इजाजुल और उनके साथियों ने उन पर हमला कर दिया. आरोप है कि हमलावर तलवार और अन्य हथियारों से लैस थे और चौराहे पर ही वारदात को अंजाम दिया.
बीच सड़क पर मची अफरा-तफरी
अचानक हुए इस हमले से इलाके में हड़कंप मच गया. लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. इस घटना में रिजवान अहमद की पत्नी, बेटा और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही लालगंज थाना अध्यक्ष मनमोहन कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को काबू में किया. पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
एसडीपीओ गोपाल मंडल ने बताया कि एक ही समुदाय के दो गुटों के बीच बच्चों के विवाद को लेकर मारपीट हुई है. मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और कानूनी कार्रवाई जारी है.
पीड़ितों का दर्द
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने बताया कि पहले बच्चों का झगड़ा हुआ था जिसे शांत करा दिया गया था लेकिन अगले दिन हमलावर हथियार लेकर आ गए और हमला कर दिया. इस हमले में परिवार के कई सदस्य घायल हो गए. इस घटना के बाद पूरे इलाके में डर और तनाव का माहौल है. लोग खुलेआम हुई इस हिंसा से सहमे हुए हैं और प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें- 4 साल की बच्ची का रेप कर सब इंस्पेक्टर ने शर्मसार की खाकी वर्दी , अब जेल में गुजरेगी पूरी जिंदगी














