- बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी ने अभिषेक बंटी की जगह नीरज सिन्हा को अपना उम्मीदवार घोषित किया है
- नीरज सिन्हा पर बीजेपी संविधान के खिलाफ 12 साल की उम्र में ही सदस्यता लेने का आरोप लगा है
- विपक्ष ने भाजपा पर फर्जीवाड़े का आरोप लगाया है, जबकि पार्टी ने फिलहाल इस पर चुप्पी साध रखी है
बीजेपी ने बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में अपना प्रत्याशी बदल दिया है. अभिषेक बंटी की जगह अब नीरज सिन्हा को उम्मीदवार बनाया गया है. अभिषेक के पिता रविन्द्र प्रसाद चारा घोटाला मामले में दोषी थे. पार्टी ने फजीहत से बचने के लिए उनकी जगह दूसरा उम्मीदवार दिया. पार्टी को लगा कि चारा घोटाला मामले से प्रत्याशी का नाम जुड़ने पर विवाद होगा. लेकिन अब नीरज सिन्हा पर पार्टी संविधान और नियमों के खिलाफ जाकर सदस्यता लेने का आरोप लग रहा है. उनकी सदस्यता पर ही सवाल उठ रहे हैं.
क्या है विवाद?
भारतीय जनता पार्टी की तरफ से नीरज सिन्हा का जो बायोडाटा मीडिया को उपलब्ध करवाया गया, उसके मुताबिक वे 2006 में भारतीय जनता पार्टी के प्राथमिक सदस्य बन गए थे. उस वक्त नीरज की उम्र महज 12 साल थी. भारतीय जनता पार्टी के संविधान के मुताबिक पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के लिए किसी व्यक्ति का 18 साल का होना जरूरी है. 1994 में पैदा हुए नीरज 2006 में ही पार्टी के प्राथमिक सदस्य बन गए जो पार्टी संविधान के खिलाफ है.
विपक्ष ने उठाए सवाल
इस मुद्दे पर अब विपक्षी दल भाजपा पर हमलावर हैं. जन सुराज संघर्ष वाहिनी के आदित्य मोहन ने कहा कि ये भाजपा का एक और फर्जीवाड़ा है. पार्टी की सदस्यता लेने की उम्र जब 18 साल तय है, तो नीरज सिन्हा 12 साल में ही सदस्य कैसे बन गए? भाजपा पहले से ही फर्जीवाड़ा कर रही है, लेकिन इस बार उनकी दाल नहीं गलेगी.
इसे भी पढ़ें: बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार अभिषेक कुमार ने वापस लिया नामांकन, वजह भी बताई
भाजपा नेता फिलहाल इस मामले पर खुलकर कुछ नहीं कह रहे, लेकिन पार्टी मानती है कि ये चूक हुई है. भाजपा के नेताओं की मानें तो ऐसा नीरज को पुराना कार्यकर्ता बताने की कोशिश में हुआ है. 2006 में अगर उसने पार्टी ज्वाइन की, तो इससे यह संदेश जाता है कि वो 20 साल से पार्टी से जुड़े हुए हैं, लेकिन अब यह कोशिश बैक फायर कर रही है.
इस मामले पर हमने नीरज सिन्हा का भी पक्ष जानने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला.
इसे भी पढ़ें: बांकीपुर में भाजपा कैंडिडेट बदलते ही पीके हुए और तीखे, बोले- भाग गया उम्मीदवार
इसे भी पढ़ें: बांकीपुर उपचुनाव के लिए बीजेपी ने अब नीरज कुमार सिन्हा को बनाया उम्मीदवार