भोजपुरी दुनिया के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव अपना नया छठ गीत छठ पूजा के अवसर पर ले आए हैं, जिसे फैंस का खूब प्यार मिल रहा है. गांवों के घाट पर छठ की तैयारियां जोरों पर हैं, जिसके बीच खेसारी लाल यादव का छठ गीत धनिया मोर शहरी बाड़ी रिलीज हो गया है. इस छठ सॉन्ग में खेसारी के साथ पल्लवी सिंह नजर आ रही हैं, जिसे देखकर फैंस जय छठी मैया कहते हुए नजर आ रहे हैं. इस पूरे वीडियो में छठ की प्रथा को दिखाया गया है, जो दर्शकों का दिल जीत रहा है. आइए आपको दिखाते हैं खेसारी लाल यादव के नए छठ गीत की झलक...
खेसारी लाल यादल का धनिया मोर शहरी बाड़ी गाना रिलीज
धनिया मोर शहरी बाड़ी के वीडियो में खेसारी लाल यादव अपनी शहरी पत्नी यानी पल्लवी सिंह के साथ गांव आते हैं, जो अपना पहला छठ का व्रत रखते हुए नजर आती है. पल्लवी ने शहर में सुना था कि छठ बहुत कठिन व्रत है. लेकिन गांव आकर जब उसने देखा कि महिलाएं बिना पानी पिए, बिना नमक खाए पूरे दिन गुजार रही हैं तो उसका दिल कांप जाता है. हालांकि वह हिम्मत जुटाती है. वहीं उसकी सास हंसते हुए कहती है, “बहू, शहर की हो, लेकिन छठी मईया सबकी हैं. थोड़ी-बहुत गलती हो जाए तो माफ कर देंगी.”
छठ के व्रत की दिखी झलक
वीडियो में पल्लवी पीयरिया साड़ी पहने, मांग में सिंदूर और माथे पर रोली का टीका लगाए घाट पर पहुंचती है. लेकिन दउरा उठाते समय उसके हाथ कांप जाते हैं. जबकि कभी अर्घ्य देते समय दिशा भूलती हुईं दिखती हैं. वहीं कभी ठंडे पानी में खड़े होकर सूरज का इंतजार करते-करते पैर सुन्न पड़ जाते हैं. इस पर खेसारी लाल कहते हैं...
“मईया, धनिया मोर शहरी बाड़ी.
पहली बार छठवा कइले बाड़ी.
विधि-विधान नइखे आवत,
भूल-चूक हो जाव त माफ कर दीह मईया…”
“छठी मईया, धन्यवाद.
मैं शहर की थी, अब आपकी हो गई.”
“धनिया मोर शहरी बाड़ी…
लेकिन अब तूं छठी मईया के प्यारी बाड़ी.”
खेसाली लाल यादव के छठी मैया के गीत
धनिया मोर शहरी बाड़ी गीत के बारे में बात करें तो खेसारी लाल यादव ने इसे गाया है. जबकि वह पल्लवी सिंह के साथ इस वीडियो में नजर आ रहे हैं. लिरिक्स कृष्णा बेदर्दी ने लिखे हैं. जबकि आर्या शर्मा ने म्यूजिक कंपोज किया है. इस वीडियो को देख फैंस रिएक्शन देते हुए नजर आ रहे हैं और छठ गीत की तारीफ कर रहे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं