Viral Video: विदेशों में बसने का सपना जितना हसीन दिखता है, इसकी असल कीमत अक्सर उन भावुक पलों में चुकानी पड़ती है जब आप अपनों से मीलों दूर होते हैं. आयरलैंड के डबलिन में रहने वाली एक भारतीय महिला ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचा है. उन्होंने विदेश में रहने की सच्चाई को भावनात्मक तरीके से बताया और कहा कि इसका खर्च सिर्फ पैसों का नहीं होता. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसपर इंटरनेट यूजर्स अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.
यह भी पढ़ें: 111 साल के बुजुर्ग ने बताया लंबी उम्र का राज! सिर्फ 3 आसान आदतों ने बदली जिंदगी
क्या है विदेश में रहने की असली कीमत?
प्राची दुसाद ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल से एक वीडियो शेयर किया जिसमें उन्होंने बताया कि घर से दूर रहने का सबसे बड़ा नुकसान भावनाओं से जुड़ा होता है. उन्होंने कहा कि जब लोग विदेश में रहने के खर्च के बारे में पूछते हैं, तो वे आमतौर पर किराया, बिल और खाने-पीने की बात करते हैं. लेकिन प्राची का कहना है कि परिवार से दूर रहकर जरूरी मौकों को मिस करना सबसे मुश्किल होता है, जिसकी कोई कीमत नहीं लगाई जा सकती.
प्राची बताती हैं कि इस समय भारत में उनके कजिन की शादी हो रही है. पूरा परिवार भारत में इकट्ठा होकर शादी का जश्न मना रहा है. उनकी बड़ी मारवाड़ी फैमिली साथ में नाच-गा रही है और हर पल का आनंद ले रही है. परिवार के व्हाट्सऐप ग्रुप में शादी की बहुत सारी तस्वीरें और वीडियो आ रहे हैं, जिन्हें वो बार-बार देख रही हैं और उन्हें घर की बहुत याद आ रही है.
उन्होंने बताया कि उनका मन बहुत है कि वह भारत लौटें और इस खुशी के मौके पर अपने परिवार के साथ रहें. आगे प्राची ने कहा कि यह मामला पैसों की कमी का नहीं . वह फ्लाइट का टिकट खरीद सकती हैं, लेकिन विदेश में जो जिम्मेदारियां और जो जिंदगी उन्होंने बना ली है, वही इस समय उनके इंडिया जाने में रुकावट बन रही हैं. यही असली कीमत है जो विदेश में रहने पर चुकानी पड़ती है.
वीडियो के कमेंट्स में लोगों ने दी प्रतिक्रियाएं
यह वीडियो इंस्टाग्राम पर @inner_voice_chronicles नाम के हैंडल से शेयर किया गया है, जिसे देखकर कई इंटरनेट यूजर्स ने खुद को इससे जुड़ा हुआ महसूस किया. वीडियो को लेकर लोगों ने भावुक प्रतिक्रियाएं दी हैं और कमेंट सेक्शन में अपने अनुभव साझा किए हैं. एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, 'So true', जबकि दूसरे यूजर ने कहा, '100% true, I can understand'. इसके अलावा भी कई लोगों ने इस बात से सहमति जताई कि विदेश में रहने का सबसे बड़ा दर्द पैसों का नहीं, बल्कि अपनों से दूर रहने का होता है.
Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. एनडीटीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.














