बतख के पेट में छिपा था खज़ाना! किसान को ऐसे मिला लाखों का सोना, गांव वाले भी रह गए हैरान

चीन के हुनान प्रांत में एक किसान को बतख के पेट से करीब 10 ग्राम सोना मिला है, जिसकी कीमत लगभग 1.65 लाख रुपये बताई जा रही है. इस अनोखी घटना ने लोगों को हैरान कर दिया है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
बतख के पेट से निकला लाखों का सोना!

चीन के एक गांव से सामने आई एक अजीब लेकिन दिलचस्प घटना ने लोगों का ध्यान खींच लिया है. यहां एक शख्स को बतख के पेट से सोने के कण मिले, जिनकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है. इस अनोखी खोज के बाद इलाके में चर्चा शुरू हो गई है और कई लोग इसे शुभ संकेत भी मान रहे हैं. साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के मुताबिक, यह घटना चीन के हुनान प्रांत के लोंगहुई काउंटी में फरवरी महीने में हुई. गांव के एक शख्स, जिसका उपनाम लियू बताया जा रहा है, जब एक बतख को काटने की तैयारी कर रहा था, तभी उसे बतख के पेट में छोटे-छोटे सोने जैसे कण दिखाई दिए.

जांच में निकला असली सोना

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इन कणों को बाद में जलाकर और जांच कर देखा गया, जिसमें पुष्टि हुई कि यह असली सोना है. इन कणों का कुल वजन करीब 10 ग्राम बताया गया है. अगर इसकी कीमत की बात करें तो इसकी कीमत लगभग 12,000 युआन यानी करीब 1.65 लाख रुपये के आसपास बताई जा रही है. लियू के पिता ने इस घटना को आने वाले साल के लिए शुभ संकेत बताया है.

नदी की मिट्टी से पेट में पहुंचा सोना

लियू का कहना है कि गांव में बतखों को खुले में पाला जाता है और वे अक्सर पास की नदी के किनारे घूमती रहती हैं. यह नदी पहले सोने के कणों के लिए जानी जाती थी. ऐसे में संभावना है कि बतख ने नदी किनारे की मिट्टी या रेत निगल ली होगी, जिसमें सोने के छोटे-छोटे कण मौजूद रहे होंगे और वही उसके पेट में पहुंच गए.

पहले भी मिल चुके हैं सोने के कण

लियू ने बताया कि वह पहले शख्स नहीं है जिसे ऐसी चीज मिली हो. गांव के कुछ लोगों को पहले भी बतखों के पेट में सोने के छोटे कण मिले थे, लेकिन इतनी ज्यादा मात्रा में मिलना काफी दुर्लभ है. स्थानीय अधिकारियों ने कहा है कि यह संभव है क्योंकि इसी नदी में पिछले साल भी ग्रामीणों को रेत धोते समय 10 ग्राम से ज्यादा सोना मिला था.

Advertisement

कभी सोने के लिए मशहूर थी यह नदी

लोंगहुई काउंटी से बहने वाली चेनशुई नदी कभी इस इलाके में सोने के भंडार के लिए मशहूर थी. 1970 से 1990 के बीच यहां बड़ी संख्या में लोग सोने की तलाश में आते थे. हालांकि, बाद में सरकार ने निजी तौर पर सोना निकालने की गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा दिया.

प्राचीन परंपरा से भी जुड़ी है यह घटना

इतिहास में भी इस तरह की घटनाओं का जिक्र मिलता है. कहा जाता है कि तांग वंश (618-907) के समय कुछ किसान बतख और हंस के मल से सोने के कण इकट्ठा करते थे. उस समय माना जाता था कि ये पक्षी सोने वाली मिट्टी निगल लेते हैं. इसी वजह से आज सामने आई यह घटना लोगों को उस पुरानी परंपरा की भी याद दिला रही है.

Advertisement

(Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. एनडीटीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.)

यह भी पढ़ें: 70 की उम्र का प्यार! पति ने पत्नी को जगाते हुए गाया ‘क्या खूब लगती हो', Video ने छू लिया दिल

42 दांतों वाले शख्स ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, मुस्कान ने बना दिया दुनिया में सबसे खास

लेडी ट्रेन मैनेजर, थका लोको पायलट और पाइल्स पीड़ित कर्मी...ये वायरल खबरें बता रहीं रेलकर्मियों की टफ लाइफ

Featured Video Of The Day
Shahbaz Sharif Middle East दौरे पर, Pakistan Economy Crisis में कर्ज के लिए हाथ फैलाए!
Topics mentioned in this article