पड़ोसियों से लड़ाई-झगड़े की खबरें अक्सर सुनने को मिलती रहती हैं. आखिर हो भी क्यों न? क्योंकि हम जिनके आसपास या साथ में रहते हैं, उनसे कभी न कभी किसी न किसी वजह से कहासुनी या किसी बात को लेकर अनबन हो ही जाती है. लेकिन, अब जो खबर सामने आई है, वो काफी अजीब है. जिसमें बताया गया है कि चीन में पड़ोसियों के बीच एक विवाद ने ऐसा मोड़ लिया, जिसने सभी को हैरान कर दिया. रिपोर्ट के मुताबिक, गुआंगझोउ शहर में रहने वाले दो लोगों ने अपने पड़ोसी से बदला लेने के लिए एक अनोखा तरीका अपनाया.
स्पीकर पर चलने लगीं भूतों की कहानियां
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, गुआंगडोंग प्रांत के Guangzhou में रहने वाले Lu और उनके रूममेट Li का अपने पड़ोसी Xie से विवाद हो गया. इसके बाद उन्होंने बीच दीवार के पास एक लाउडस्पीकर लगा दिया और रोजाना भूतों की डरावनी कहानियां चलाने लगे. सुबह 8:45 बजे से दोपहर तक और फिर शाम 3:30 बजे से रात 10 बजे तक. इस तरह रोजाना 10 घंटे से ज्यादा देर तक डरावनी आवाजें गूंजती रहती थीं.
सिर्फ एक पड़ोसी नहीं, पूरी बिल्डिंग हुई परेशान
इस शोर से सिर्फ एक शख्स ही नहीं, बल्कि पूरी बिल्डिंग के लोग परेशान होने लगे. ऊपरी मंजिल पर रहने वाले Cui नाम के शख्स को खास परेशानी हुई, क्योंकि उनके बच्चे की परीक्षा की तैयारी चल रही थी और लगातार आवाज के कारण पढ़ाई प्रभावित हो रही थी.
कानून भी नहीं कर पा रहा था तुरंत कार्रवाई
दिलचस्प बात यह रही कि यह आवाज कानूनी सीमा से कम थी. घर के अंदर आवाज का स्तर- 36 डेसिबल, दिन में सीमा- 60 डेसिबल, रात में सीमा- 50 डेसिबल. इसी वजह से प्रशासन तुरंत कोई कड़ी कार्रवाई नहीं कर सका.
कोर्ट ने सुनाया बड़ा फैसला
आखिरकार Cui ने गुआंगज़ौ हाइझू जिला जन न्यायालय का दरवाजा खटखटाया. उन्होंने प्री-लिटिगेशन इंजंक्शन के लिए आवेदन किया, जिससे संभावित नुकसान को रोका जा सके. कोर्ट ने Cui के पक्ष में फैसला सुनाते हुए Lu को तुरंत यह गतिविधि बंद करने का आदेश दिया. इसके बाद Lu ने कोर्ट की निगरानी में स्पीकर हटा दिया, सभी रिकॉर्डिंग डिलीट कर दी और भविष्य में ऐसा न करने का आश्वासन दिया.
यह भी पढ़ें: 1995 में किया गया Amazon का पहला ऑर्डर क्या था? जिसने बदल दी पूरी दुनिया, Bezos-Musk भी मान रहे इसकी अहमियत
3 लाख रुपये खर्च, फिर भी हर महीने मोटी बचत! Dublin में भारतीय इंजीनियर की कमाई जान चौंक जाएंगे आप














