एसी कंटेनर, 2800 KM का हवाई सफर... बर्फीले पहाड़ों के जादुई फल खुबानी की खेप रेगिस्तान वाले देश UAE पहुंची

लद्दाख के किसानों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है. यहां के पहाड़ों में उगने वाली ऑर्गेनिक खुबानी अब सीधे दुबई और संयुक्त अरब अमीरात के बड़े-बड़े मॉल में बिकने जा रही है.

विज्ञापन
Read Time: 5 mins
लद्दाख से UAE भेजी गई 5 मीट्रिक टन ऑर्गेनिक खुबानी की पहली खेप, पीयूष गोयल बोले- किसानों को मिलेगा अच्छा दाम
X@PiyushGoyal

Viral News: लद्दाख की कड़कड़ाती ठंड और साफ-सुथरे माहौल में उगने वाला एक खास फल अब सात समंदर पार खाड़ी देशों (UAE) में अपनी मिठास घोलने जा रही है. लद्दाख से सीधे दुबई के लिए 5 मीट्रिक टन (5000 किलो) प्रीमियम और पूरी तरह से केमिकल-मुक्त (ऑर्गेनिक) खुबानी की पहली खेप रवाना कर दी गई है. केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने इस ऐतिहासिक कदम की जानकारी देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, 'सरकारी एजेंसी APEDA के प्रयासों से देशभर के किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य और वैश्विक बाजार तक नई पहुंच मिल रही है. यह पहल भारतीय ऑर्गेनिक उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने, किसानों की आय बढ़ाने और उनकी जिंदगी को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.'

क्या है यह पूरी डील?

यह कोई छोटा-मोटा एक्सपोर्ट नहीं है, बल्कि लद्दाख के इतिहास का सबसे बड़ा व्यापारिक समझौता है. अप्रैल 2026 में लद्दाख प्रशासन और दुनिया की मशहूर रीटेल कंपनी लुलु रीटेल (Lulu Retail) के बीच एक समझौता (MoU) हुआ था. इसके तहत इस साल लद्दाख से कुल 1000 मीट्रिक टन (यानी 10 लाख किलो) ताजी खुबानी सीधे विदेश भेजी जाएगी. यह कितनी बड़ी छलांग है, इसका अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि पिछले दो सालों में लद्दाख से कुल मिलाकर सिर्फ 1500 किलो खुबानी ही बाहर भेजी जा सकी थी. 

किसानों के खाते में आएगा पैसा

पहले लद्दाख के सीधे-साधे किसानों के सामने सबसे बड़ी समस्या यह थी कि फल तोड़ने के बाद उसे छांटना, साफ करना, पैक करना और फिर बाजार में बेचना उनके लिए बहुत सिरदर्दी का काम था. सही कोल्ड स्टोरेज न होने की वजह से बहुत सारा फल सड़ जाता था और बिचौलिए उन्हें बेहद कम दाम देते थे. लेकिन अब लुलु रीटेल के साथ हुए नए समझौते के तहत किसानों की सारी टेंशन खत्म हो गई है. किसानों को सिर्फ फसल तैयार होने पर अपने बाग कंपनी को सौंपने होंगे. फल तोड़ने से लेकर, उसकी छंटाई, पैकेजिंग, हवाई जहाज से दुबई ले जाने और वहां के बाजारों में बेचने की पूरी जिम्मेदारी कंपनी की होगी. इससे फल खराब नहीं होंगे और किसानों को बिना किसी भाग-दौड़ के सीधे उनकी फसल की अच्छी और वाजिब कीमत मिल जाएगी.

Advertisement

इस वैरायटी की दुनियाभर में डिमांड

इस बार लद्दाख की सबसे मशहूर और स्वदेशी वैरायटी रक्तसे कारपो (Raktsey Karpo) और हलमान (Halman) खुबानी को विदेश भेजा जा रहा है. यह फल पूरी दुनिया में अपनी गजब की मिठास, बेहतरीन स्वाद और भरपूर पोषक तत्वों के लिए जाना जाता है. लद्दाख की ऊंचाइयों पर मिलने वाली तेज धूप और प्रदूषण मुक्त वातावरण के कारण यह फल बिना किसी यूरिया या केमिकल के बिल्कुल शुद्ध रूप से उगता है.

ये भी पढ़ें:- इतिहास में पहली बार टाई हुआ मिस इंग्लैंड कंपटीशन, जजों ने एक साथ दो सुंदरियों को पहनाया ताज

Advertisement

बर्फीले पहाड़ों से रेगिस्तान तक का सफर कैसे होगा तय?

खुबानी बहुत ही नाजुक फल होता है जो गर्मी में तुरंत खराब हो जाता है. इसके ताजेपन और मिठास को बनाए रखने के लिए इसे 0 से 4 डिग्री सेल्सियस के ठंडे तापमान में रखना जरूरी होता है. इसके लिए लद्दाख प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं. स्पेशल एयर-कंडीशनर वाले ट्रकों और रेफ्रिजरेटेड कंटेनरों के जरिए इस फल को सुरक्षित एयरपोर्ट तक पहुंचाया गया, ताकि जब दुबई के लोग इसे खाएं, तो उन्हें लद्दाख की वादियों जैसा ही बिल्कुल फ्रेश स्वाद मिले.

सेहत के लिए वरदान है खुबानी, जानिए इसके फायदे-नुकसान

लद्दाख की यह प्रीमियम खुबानी स्वाद में तो लाजवाब है ही, साथ ही यह सेहत का भी एक बेहतरीन खजाना है. हालांकि, किसी भी अन्य फल की तरह इसे खाते समय कुछ बातों का ध्यान रखना भी जरूरी है. 

फायदे

  1. खुबानी में प्रचुर मात्रा में एंटी-ऑक्सीडेंट, एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं. ये आपके हार्ट को हेल्दी रखने का काम करते हैं. यह शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल के लेवल को कम करने में भी काफी मददगार है. 
  2. इसमें कैल्शियम, फॉस्फोरस भरपूर मात्रा में पाया जाता है. ये तत्व हड्डियों के घनत्व को बढ़ाते हैं, उन्हें फौलादी मजबूती देते हैं. यह अर्थराइटिस (गठिया) के मरीजों को दर्द से राहत दिलाने में भी मदद कर सकता है.
  3. खुबानी में मौजूद खास पोषक तत्व, विटामिन्स आपकी स्किन के लिए काफी अच्छे माने जाते हैं. ये चेहरे को चमकदार, बेदाग बनाए रखने में मदद करते हैं.

नुकसान

  1. खुबानी में फाइबर की मात्रा काफी अधिक होती है. अगर आप इसका जरूरत से ज्यादा सेवन करते हैं, तो कुछ लोगों को पाचन (Digestion) से जुड़ी परेशानियां, पेट खराब होने की शिकायत हो सकती है.
  2. कुछ लोगों को खुबानी खाने से, इसके सीधे संपर्क में आने से एलर्जी हो सकती है. इससे त्वचा पर लाल चकत्ते (Rashes), खुजली जैसी अन्य समस्याएं सामने आ सकती हैं.

डिस्क्लेमर: खुबानी के स्वास्थ्य संबंधी लाभ और नुकसान सामान्य जानकारियों पर आधारित हैं. किसी भी विशेष मेडिकल स्थिति में आहार में बदलाव करने से पहले डॉक्टर या विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें.

यह भी पढ़ें:- 21 साल के लड़के को आया शादी का रिश्ता, मां ने किया रिजेक्ट; लड़की की फोटो देख युवक बोला- 'इस मुस्कान के लिए तो जान दे दूं'

Advertisement
Featured Video Of The Day
'पाकिस्तान छोड़ो' के नारों से गूंजा POK, जनता ने खोली इस्लामाबाद की पोल

Topics mentioned in this article
Ladakh News
Apricot
UAE
Piyush Goyal
Apeda