टेक्नोलॉजी की दुनिया में हर दिन कुछ नया देखने को मिल रहा है. इसी कड़ी में बेंगलुरु के एक टेक प्रोफेशनल ने दावा किया है कि उन्होंने अपने घर की रसोई में AI रूममेट लगाकर अपनी कुक को फल चुराते हुए पकड़ लिया. यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है.
कैसे काम करता है यह AI सिस्टम?
बेंगलुरु के रहने वाले पंकज अक्सर पर अपने बनाए AI गैजेट्स के बारे में पोस्ट करते रहते हैं. उन्होंने बताया, कि उन्होंने अपनी किचन में एक AI आधारित निगरानी सिस्टम लगाया है. यह सिस्टम किचन पर नजर रखता है और जैसे ही कुक फ्रिज से कोई सामान उठाती है, तुरंत उन्हें अलर्ट भेज देता है. पंकज का कहना है, कि यह सिस्टम उन्हें साप्ताहिक रिपोर्ट भी भेजता है, जिससे पता चलता है कि किचन में क्या-क्या हुआ. उन्होंने यह भी बताया कि सिस्टम को इस तरह ट्रेन किया गया है कि वह यह देख सके कि खाना बनाने से पहले हाथ धोए गए या नहीं, और काम खत्म होने के बाद स्लैब साफ किया गया या नहीं. पंकज का दावा है कि इसी सिस्टम की मदद से उन्होंने इस हफ्ते दो बार चोरी पकड़ी और बाद में कुक को हटा दिया.
किस टेक्नोलॉजी का हुआ इस्तेमाल?
पंकज ने बताया, कि फिलहाल वह विज़न मॉडल के तौर पर Anthropic के मॉडल Claude Haiku 4.5 का इस्तेमाल कर रहे हैं. आगे चलकर वह इसे रास्पबेरी पाई डिवाइस पर लोकल मॉडल में शिफ्ट करना चाहते हैं, ताकि सिस्टम पूरी तरह ऑफलाइन काम कर सके. उन्होंने यह भी कहा, कि फेस डिटेक्शन लोकल डिवाइस पर होता है और बड़े भाषा मॉडल को भेजने से पहले चेहरों को ब्लर कर दिया जाता है.
सोशल मीडिया पर उठे सवाल
जैसे ही यह पोस्ट वायरल हुई, लोगों ने कई सवाल पूछे. एक यूजर ने पूछा, कि अगर कैमरा खुला हुआ है, तो क्या कुक सावधान नहीं रहती? इस पर पंकज ने जवाब दिया कि शुरुआत में वह सावधान थी, लेकिन बाद में उसे लगा कि कोई घंटों की रिकॉर्डिंग नहीं देखेगा. एक अन्य यूजर ने पूछा, कि क्या उन्होंने कुक को खाना देने के बारे में सोचा? इस पर पंकज ने कहा, कि उन्हें इजाजत लेकर खाना लेने से कोई दिक्कत नहीं थी, लेकिन चोरी करना स्वीकार्य नहीं है.
पहले भी बना चुके हैं अनोखे गैजेट
पंकज इससे पहले भी कई अनोखे AI डिवाइस बना चुके हैं. हाल ही में उन्होंने एक ऐसा बटन बनाया था, जिसे दबाने पर वह खुद को किडनैप कर लेता है, मतलब यह बटन अपने आप शहर की किसी रोचक जगह के लिए कैब बुक कर देता है. इसके अलावा उन्होंने ऐसा सिस्टम भी बनाया है जो सोने की मुद्रा के हिसाब से पंखे की स्पीड एडजस्ट करता है. बेंगलुरु के इस टेक्नीशियन का AI रूममेट अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. जहां कुछ लोग इसे स्मार्ट इनोवेशन बता रहे हैं, वहीं कुछ लोग इसे निजता से जुड़ा मुद्दा भी मान रहे हैं.
(Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. एनडीटीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.)
यह भी पढ़ें: 3 घंटे का काम 15 मिनट में! वायरल हुआ गुजिया बनाने का आसान तरीका, होली पर छा गया देसी जुगाड़














