अमेरिका के यूटा राज्य में पुरातत्वविदों को खुदाई के दौरान एक बेहद दुर्लभ खोज मिली है. लगभग 150 साल पुरानी शराब की एक बोतल पूरी तरह सुरक्षित हालत में मिली, जिसने इतिहासकारों और विशेषज्ञों को उस दौर के जीवन को समझने का अनोखा मौका दिया है. पीपल डॉट कॉम की खबर के मुताबिक, यह खोज यूटा स्टेट हिस्टोरिक प्रिजर्वेशन ऑफिस (USHPO) की टीम द्वारा की गई, जिसे अब राज्य के इतिहास से जुड़ी एक खास उपलब्धि माना जा रहा है.
पहाड़ी से लुढ़ककर मिली पूरी भरी बोतल
रिपोर्ट के अनुसार, यह बोतल पिछले साल गर्मियों में अल्टा क्षेत्र में खुदाई के दौरान मिली थी. पुरातत्वविद इयान राइट ने बताया, कि यह बोतल यूएस फॉरेस्ट सर्विस की जमीन पर निर्माण कार्य के दौरान पहाड़ी से लुढ़ककर नीचे आई थी. जब इसे उठाया गया, तो यह पूरी तरह भरी हुई और कॉर्क से बंद थी. विशेषज्ञों के मुताबिक, पुरातात्विक स्थलों पर इस तरह की कॉर्क लगी और सुरक्षित बोतल मिलना बेहद दुर्लभ होता है, क्योंकि आमतौर पर कॉर्क सूखकर टूट जाता है. USHPO ने बताया, कि 1870 से 1890 के बीच की यह बोतल यूटा में अब तक मिली एकमात्र पूरी तरह सुरक्षित ऐतिहासिक शराब की बोतल है.
कैसा था 150 साल पुरानी शराब का स्वाद?
जनवरी में इस बोतल में मौजूद तरल का स्वाद हाई वेस्ट डिस्टिलरी के मास्टर डिस्टिलर आइजैक विंटर ने चखा. उन्होंने बताया, कि इसमें अल्कोहल की मात्रा काफी कम थी और इसका स्वाद फिनो शेरी जैसा लगा. उन्होंने इसके फ्लेवर में ऑक्सीडाइज्ड फल, किशमिश और शहद जैसे नोट्स महसूस किए. इसकी खुशबू भी फल जैसी थी और इसमें समय के साथ हुए बदलाव साफ नजर आए.
इतिहास से जुड़ने का अनोखा जरिया
विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसी खोजें लोगों को अतीत के वास्तविक जीवन से जोड़ने में मदद करती हैं. यह बोतल उस दौर के लोगों की जीवनशैली, खानपान और स्थानीय संस्कृति के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी देती है. यह अनोखी खोज न सिर्फ पुरातत्वविदों के लिए आश्चर्यजनक रही, बल्कि इतिहास को करीब से समझने का एक दुर्लभ अवसर भी बन गई है.
यह भी पढ़ें: जीजू ध्यान रखना...विदाई में रो रही थी दुल्हन, तभी भाई ने जीजा से कही ऐसी बात, चौंक गया दूल्हा, घरवाले भी हैरान
हमने गलत सोचा था... मुंबई पहुंचते ही विदेशी कपल ने ऐसा क्या देख लिया, कि भारत को लेकर बदल गया नजरिया
सुबह 3 बजे का Zepto ऑर्डर बना ‘अलार्म', मुंबई की महिला की छूटने से बची फ्लाइट














