ईरान के अगले सुप्रीम लीडर को भी इजरायल ने दी हत्या की धमकी, पद संभालने के पहले ही खामेनेई के बेटे निशाने पर

US-Israel War against Iran: मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अयातुल्ला अली खामेनेई के मारे जाने के बाद उनके बेटे मोज्तबा अली खामेनेई को नया सुप्रीम लीडर चुनने की बात सामने आई थी लेकिन ईरान ने इन दावों को गलत बता दिया है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
अली खामेनेई के बेटे मोज्तबा अली खामेनेई (बाएं) और इजरायल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज

इजरायल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने बुधवार, खामेनेई के बेटे को हत्या की खुली धमकी दी है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कड़े शब्दों में लिखे पोस्ट में काट्ज ने कहा: “ईरान की आतंकवादी सरकार जिस भी नेता को इजरायल को नष्ट करने की योजना जारी रखने, अमेरिका और आजाद दुनिया को धमकाने, क्षेत्र के देशों को डराने और ईरान के लोगों पर अत्याचार करने के लिए चुनेगी- वह साफ तौर पर खत्म किए जाने के लिए हमारे निशाना होगा.”

काट्ज ने आगे हिब्रू भाषा में लिखा है: “उसका नाम चाहे जो भी हो और वह कहीं भी छिपा हो.”

उन्होंने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री और इजरायल रक्षा बल (IDF) को आदेश दिया है कि वे मिशन को पूरा करने के लिए “हर संभव तरीके से तैयारी करें और कार्रवाई करें.” यह मिशन इजरायल के 'ऑपरेशन रोरिंग लायन' के उद्देश्यों का हिस्सा है. उन्होंने कहा: “हम अपने अमेरिकी साथियों के साथ मिलकर पूरी ताकत से काम करते रहेंगे, ताकि इस शासन की ताकत को तोड़ा जा सके और ईरान के लोगों के लिए इसे गिराकर नई सरकार बनाने की स्थिति बनाई जा सके.”

बता दें कि 28 फरवरी को जब अमेरिका-इजरायल ने ईरान के खिलाफ अपने हमलों को शुरू किया तो उसी हमले में अली खामेनेई की मौत हो गई. हमले के वक्त वह अपने परिसर (कम्पाउंड) में मौजूद थे. हमले में उनकी बेटी, दामाद और पोती भी मारे गए. उनकी पत्नी मंसूरेह खोजस्तेह बाघेरज़ादेह भी हमले में घायल हुईं और बाद में उनकी मौत हो गई.

खामेनेई के बेटे को चुना गया है नया सुप्रीम लीडर- रिपोर्ट

अमेरिका और इजरायल के हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अयतुल्लाह अली खामेनेई की मौत के बाद उनके बेटे मोज्तबा अली खामेनेई उनके पद को संभालने वाले हैं. इजरायली मीडिया के अनुसार, ईरान की 88 सदस्यों वाली असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स ने मोज्तबा को चुना है. ईरान इंटरनेशनल ने भी सूत्रों के हवाले से यह खबर प्रकाशित की है. ईरान के संविधान के अनुसार सुप्रीम लीडर का उच्च धार्मिक दर्जा होना अपेक्षित है. इसलिए मोज्तबा की धार्मिक रैंक लंबे समय से वरिष्ठ धर्मगुरुओं के बीच बहस का विषय रही है.

खामेनेई को आज देर रात से आखिरी विदाई देंगे ईरान के लोग

एक वरिष्ठ ईरानी अधिकारी ने सरकारी मीडिया को बताया कि बुधवार की देर रात तेहरान में एक समारोह में दिवंगत सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई को ईरान के लोग आखिरी विदाई देना शुरू करेंगे. ईरान के इस्लामिक प्रचार परिषद के प्रमुख होज्जतोलेस्लाम महमौदी ने कहा कि आखिरी विदाई देने का यह समारोह तीन दिनों तक जारी रहेगा और अंतिम संस्कार के जुलूस की घोषणा बाद में की जाएगी.

Advertisement

उन्होंने कहा कि जनता रात 10 बजे (स्थानीय समयानुसार) से तेहरान के इमाम खुमैनी प्रार्थना हॉल में दिवंगत सुप्रीम लीडर अली खामेनेई के पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि दे सकेगी. ईरानी मीडिया के अनुसार उन्होंने कहा, "मोसल्ला (प्रार्थना कक्ष) लोगों का स्वागत करेगा और प्रिय लोग विदाई समारोह में भाग ले सकते हैं और एक बार फिर से अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा सकते हैं."

यह भी पढ़ें: कौन हैं मोज्तबा खामेनेई? ईरान के अगले सुप्रीम लीडर पर मुहर, समझें पिता की विरासत कांटों भरी क्यों है

Advertisement
Featured Video Of The Day
Iran War | Qatar पर ईरान का मिसाइल हमला, दोहा की ओर दागी दो बैलेस्टिक मिसाइलें | BREAKING NEWS