- स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में दो भारतीय जहाजों पर गोलीबारी हुई, जो भारत की ओर बढ़ रहे थे और उन्हें यू-टर्न लेना पड़ा
- गोलीबारी में किसी के घायल होने या जहाज को नुकसान पहुंचने की खबर नहीं है
- ईरान ने होर्मुज पर सख्त पाबंदियां लगाईं और अमेरिकी नाकेबंदी को कारण बताया है
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में शनिवार को दो भारतीय जहाजों पर गोलीबारी की खबर आ रही है. बताया जा रहा है कि ये गोलीबारी उस वक्त हुई जब ये जहाज होर्मुज से भारत की तरफ बढ़ रहे थे. सरकार से जुड़े सूत्रों के अनुसार इस गोलीबारी के बाद दोनों भारतीय जहाज को होर्मुज में यू-टर्न लेना पड़ा है. इस घटना में किसी के घायल होने या किसी जहाज को नुकसान पहुंचने की खबर नहीं है. जिन भारतीय झंडे लगे जहाजों पर गोलीबारी की बात आ रही है उनमे से एक पर 20 लाख बैरल तले लदा हुआ था. इस घटना के बाद भारत ने ईरान के राजदूत को तलब किया है.
खास बात ये है कि ईरान ने शनिवार को ही ऐलान किया है कि वो एक बार फिर होर्मुज पर सख्त पाबंदियां लागू कर रहा है. ईरान का कहना है कि अमेरिका ने ऐसा इसलिए किया है क्योंकि यूएस ने उनके बंदरगाहों और जहाजों पर नाकेबंदी कर रखी है.
आपको बता दें कि शनिवार को होर्मुज में दो ईरानी गनबोट ने एक दूसरे टैंकर पर भी गोलीबारी की थी. यह घटना अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा नौसैनिक नाकाबंदी को "पूरी ताकत से" जारी रखने की घोषणा के ठीक एक दिन बाद हुई.ब्रिटेन के समुद्री व्यापार संचालन केंद्र ने एक बयान में कहा कि टैंकर के कप्तान ने बताया कि ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कोर की दो गनबोट उसके पास आईं और बिना किसी रेडियो चेतावनी के, गनबोटों ने "टैंकर पर गोलीबारी की".
गनबोटों ने ओमान से 37 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में टैंकर के पास आने का प्रयास किया. हालांकि, टैंकर और चालक दल सुरक्षित हैं और अधिकारियों द्वारा घटना की जांच की जा रही है.ईरान के संयुक्त सैन्य कमान ने शनिवार को कहा कि "होर्मुज पर नियंत्रण पहले जैसा हो गया है... सशस्त्र बलों के सख्त प्रबंधन और नियंत्रण में". उसने चेतावनी दी कि जब तक ईरानी बंदरगाहों पर अमेरिकी नाकाबंदी प्रभावी रहेगी, तब तक वह जलडमरूमध्य से आवागमन को अवरुद्ध करना जारी रखेगा.
यह भी पढ़ें: होर्मुज टेंशन के बीच भारतीय जहाजों की सुरक्षा के लिए बड़ा फैसला, 12980 करोड़ रुपए का 'सुरक्षा कवच' मंजूर














