- इजरायल और लेबनान के बीच दस दिनों के लिए अस्थायी सीजफायर लागू हो गया है
- सीजफायर के बाद तीन दोस्त लेबनान-इजरायल सीमा पर बिना भय बाइक सवारी का आनंद ले रहे हैं
- हिज्बुल्लाह और इजरायली हमलों के कारण पहले इस इलाके में खुले में निकलना असंभव था
इजरायल और लेबनान के बीच 10 दिन का सीजफायर हो गया है. 50 दिन बाद इजरायल और लेबनान की सीमा पर शांति आई है. इस अस्थायी सीजफायर से जिंदगी पटरी पर लौटती दिख रही है. इजरायल-लेबनान की जो बॉर्डर, कुछ दिन पहले तक दुनिया की सबसे खतरनाक सीमाओं में से एक थी, वहां तीन दोस्त अपनी बाइक पर सैर के लिए निकले हैं.
लेबनान और इजरायल में सीजफायर की घोषणा के कुछ ही घंटों बाद तीन दोस्तों ने अपनी बाइक पर लेबनान सीमा के साथ-साथ एक सैर पर निकलने का फैसला किया है. तीनों काफी खुश हैं. थम्ब्स अप और विक्ट्री साइन दिखाते हुए तीनों निकल रहे हैं. अब तक हिज्बुल्लाह और इजरायल के हमलों के कारण कोई भी इस इलाके में खुले में बाहर निकलने की सोच भी नहीं सकता था.
यह भी पढ़ेंः 2 दिन में पूरी तरह खत्म होगी अमेरिका-ईरान जंग? दुनिया के लिए 5 'शुभ संकेत' आए
'रात में अब चैन की नींद आएगी'
तीनों दोस्त इजरायल के गलील के रहने वाले हैं. सीजफायर के बाद तीनों अपनी बाइक पर सैर के लिए निकल पड़े हैं. उनका कहना है कि बहुत दिन बाद बिना किसी परेशानी के वे अपनी बाइक पर यहां से सफर कर रहे हैं. उनका कहना है कि सीजफायर से वे काफी खुश हैं.
यहां कई हफ्तों तक हिज्बुल्लाह के गोले सिर के ऊपर से गुजरते रहे, जबकि इजरायली सेना दक्षिणी लेबनान में उसके कमांड सेंटरों को निशाना बना रही थी. उनका कहना है कि जब तक हिज्बुल्लाह के पास हथियार हैं, तब तक शांति मुमकिन नहीं है. उन्होंने कहा कि सीजफायर के बाद अब रात में वे चैन से सो सकेंगे.
यह भी पढ़ेंः ईरान की धमकी या अपनों का विरोध... 5 कारण, जिन्होंने ट्रंप को होर्मुज खोलने पर कर दिया मजबूर
इजरायल-लेबनान में 10 दिन का सीजफायर
इजरायल और लेबनान के बीच गुरुवार रात से सीजफायर लागू हो गया है. सीजफायर के बाद लोगों को मॉल और रेस्टोरेंट में देखा गया. हालांकि, सीजफायर को लेकर इजरायल में लोग खुश नहीं हैं.
असाफ ओकिल ने कहा, 'मैं बॉर्डर से 100 मीटर की दूी पर रहता हूं. सीजफायर एक गलती है.' उनका कहना है कि लड़ाई तब तक जारी रहनी चाहिए थी, जब तक हिज्बुल्लाह हार नहीं जाता. एक और व्यक्ति ने कहा कि अगर हमले फिर से शुरू होते हैं तो इजरायल को और भी जोरदार हमला करना चाहिए.
28 फरवरी को ईरान के साथ जंग शुरू होने के बाद 2 मार्च को इजरायल ने हिज्बुल्लाह पर हमला कर दिया था. इजरायल ने साउथ लेबनान में हिज्बुल्लाह के ठिकानों पर जमकर बमबारी की है. लेबनान का दावा है कि इजरायली हमलों में अब तक 2,294 लोग मारे गए हैं, जिनमें 274 महिलाएं और 177 बच्चे शामिल हैं.
यह भी पढ़ेंः अमेरिका और इजरायल का हमला नहीं आया काम, ईरान का न्यूक्लियर प्रोग्राम का नहीं हुआ बाल भी बांका- रिपोर्ट














