- अफगान वायु सेना ने पाकिस्तान के कई सैन्य ठिकानों पर हमले कर रावलपिंडी के नूर खान एयरबेस को निशाना बनाया
- हमलों में पाकिस्तान के बलूचिस्तान, खैबर पख्तूनख्वा और अन्य रणनीतिक कमांड केंद्रों को भी भारी नुकसान पहुंचाया
- अफगान रक्षा मंत्रालय के अनुसार इन हमलों में पाकिस्तान की सेना के 32 सैनिक मारे गए और दो ड्रोन गिराए गए
अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच जारी जंग का दायरा बढ़ता जा रहा है. तालिबान ने दावा किया है कि उसने पाकिस्तान के कई सैन्य ठिकानों को टारगेट किया है. अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि उसकी वायु सेना ने कई पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों पर सटीक हवाई हमले किये हैं. इनमें रावलपिंडी स्थित पाकिस्तानी एयरफोर्स का महत्वपूर्ण एयर बेस नूर खान भी शामिल है. तालिबान के इस हमले से दोनों देशों के बीच जंग और भड़क सकती है. भारत ने पिछले साल मई में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान नूर खान एयर बेस को निशाना बनाया था.
कई सैन्य ठिकानों पर एयरस्ट्राइक
अफगान रक्षा मंत्रालय ने एक्स पर जारी एक बयान में कहा कि ये हमले रावलपिंडी स्थित नूर खान एयरबेस, बलूचिस्तान के क्वेटा में 12वीं डिवीजन के मुख्यालय और खैबर पख्तूनख्वा के मोहम्मंद एजेंसी में स्थित ख्वाजाई कैंप सहित प्रमुख पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर किए गए. अफगानिस्तान ने इसके साथ ही ये भी दावा किया कि इस हमले के दौरान पाकिस्तान भर में कई अन्य स्ट्रेटेजिक कमांड सेंटर्स को भी निशाना बनाया गया. बयान में कहा गया, "शुरुआती आकलन के आधार पर हमलों से लक्षित ठिकानों को काफी नुकसान पहुंचा है. ये अभियान पाकिस्तानी सेना द्वारा हाल ही में किए गए हवाई हमलों के जवाब में चलाए गए थे, जिनमें काबुल और बगराम पर हमले शामिल थे."
पाक के 32 सैनिकों के मारे जाने का दावा
अफगानिस्तान के 'टोलो न्यूज' की खबर में रक्षा मंत्रालय के हवाले से कहा गया कि ये हमले शनिवार और रविवार को रात काबुल, बगराम और कई दूसरे इलाकों में पाकिस्तान की बमबारी के जवाब में किए गए हैं. हमलों में पाकिस्तान के मिलिट्री शासन को भारी नुकसान पहुंचा है. हमलों में पाकिस्तानी सेना के 32 सैनिक मारे गए हैं. मंत्रालय के डेप्युटी प्रवक्ता सेदुकुल्लाह नसरत ने कहा कि इस्लामिक अमीरात (तालिबान) की सेना ने पाकिस्तानी सेना के दो ड्रोन भी मार गिराए.
ये भी पढ़ें :- पाकिस्तान–अफगानिस्तान की 'महाजंग' का होगा खौफनाक अंजाम, जानें खतरा कितना बड़ा
पाकिस्तान का ऑपरेशन ‘गजब लिल हक'
पाकिस्तान के जारी सैन्य अभियान में 415 अफगान तालिबान लड़ाके मारे जा चुके हैं और 580 से अधिक घायल हो गये हैं. पाकिस्तान के सूचना एवं प्रसारण मंत्री अत्ताउल्लाह तरार ने रविवार को यह जानकारी दी. अफगान तालिबान आतंकवादियों द्वारा 2,600 किलोमीटर से अधिक लंबी सीमा पर 53 स्थानों पर हमले करने और हवाई हमलों के माध्यम से देश के भीतर स्थित सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने के जवाब में पाकिस्तान ने बृहस्पतिवार की रात ‘गजब लिल हक' अभियान शुरू किया था.
एक सोशल मीडिया पोस्ट में, तरार ने कहा कि सुरक्षा बलों द्वारा कम से कम 182 अफगान चौकियों को नष्ट कर दिया गया है और 31 अन्य पर कब्जा कर लिया गया है. उन्होंने यह भी कहा कि इस अभियान के दौरान 185 टैंक, बख्तरबंद वाहन और तोपें भी नष्ट कर दी गई हैं, जबकि अफगानिस्तान में 46 स्थानों को हवाई हमलों से प्रभावी ढंग से निशाना बनाया गया है.
ये भी पढ़ें :- आतंकियों की आड़ लेकर अफगानिस्तान में मासूमों पर मौत बरसा रही मुनीर की फौज?













