- अमेरिका और साउथ कोरिया के बीच चल रहे सैन्य अभ्यास को नॉर्थ कोरिया ने उकसाने वाला और आक्रामक करार दिया है
- किम यो जोंग ने कहा कि फ्रीडम शील्ड अभ्यास से क्षेत्र की स्थिरता और खराब होगी और यह हमेशा दुश्मनी दर्शाता है
- इस सैन्य अभ्यास में अमेरिका और साउथ कोरिया के 18000 से अधिक सैनिक दिन-रात विभिन्न क्षेत्रों में शामिल हैं
अमेरिका की सेना एक तरफ मिडिल ईस्ट में ईरान के खिलाफ फुल स्केल जंग लड़ रही है तो दूसरी तरफ उसकी एक बड़ी टुकड़ी साउथ कोरिया पहुंचकर सैन्य अभ्यास कर रही है. ऐसे में नॉर्थ कोरिया के सुप्रीम लीडर किम जोंग उन की पावरफुल बहन किम यो जोंग ने कहा है कि इस हफ्ते शुरू हुए अमेरिका-दक्षिण कोरिया सैन्य अभ्यास एक “उकसाने वाला और आक्रामक युद्ध अभ्यास” हैं. उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र की स्थिरता को नुकसान पहुंचेगा. रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार यह जानकारी मंगलवार, 10 मार्च को नॉर्थ कोरिया की सरकारी मीडिया केसीएनए ने दी.
किम यो जोंग ने अपने बयान में कहा कि हर साल होने वाला फ्रीडम शील्ड सैन्य अभ्यास यह दिखाता है कि अमेरिका और साउथ कोरिया की नॉर्थ कोरिया के प्रति हमेशा से दुश्मनी वाली नीति रही है. उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र की स्थिरता और खराब होगी. किम ने कहा कि साउथ कोरिया में हो रहे इन अभ्यासों में साउथ कोरिया और अमेरिका के 18,000 से ज्यादा सैनिक शामिल हैं. उन्होंने कहा कि यह अभ्यास दिन और रात नॉर्थ कोरिया के जमीन, समुद्र, हवा, अंतरिक्ष और साइबर क्षेत्र के आसपास किया जा रहा है.
साउथ कोरिया चाहता है कि 2030 में राष्ट्रपति ली जे म्युंग के कार्यकाल खत्म होने से पहले अमेरिका से सैन्य कमान का हस्तांतरण (ट्रांसफर) पूरा हो जाए. ये सैन्य अभ्यास उस बयान के करीब एक महीने बाद हो रहे हैं, जब किम जोंग उन ने नॉर्थ कोरिया की सत्तारूढ़ पार्टी की बैठक में कहा था कि वह अपने देश के परमाणु हथियारों के जखीरे को और बढ़ाने पर ध्यान देंगे.













