- मैक्सिको की आर्मी ने जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल के प्रमुख एल मेनचो को मार गिराया है
- जलिस्को कार्टेल अमेरिका में फेंटेनिल सहित कई ड्रग्स की तस्करी करता है और उसे आतंकवादी संगठन घोषित किया गया है
- अमेरिकी सरकार ने एल मेनचो की गिरफ्तारी के लिए 1.5 करोड़ डॉलर का इनाम घोषित किया था
मैक्सिको की आर्मी ने देश के सबसे वांटेंड ड्रग लॉर्ड को मार गिराया है. आर्मी ने रविवार, 22 फरवरी को घोषणा की कि उसने एक ऑपरेशन चलाकर जलिस्को न्यू जेनरेशन (CJNG) नाम के ड्रग्स कार्टेल के बॉस नेमेसियो रुबेन ओसेगुएरा सर्वेंटेस को मार गिराया. इस खूंखार अपराधी को मैक्सिको के लोग और पूरी दुनिया ही "एल मेंचो" के नाम से जानती थी. इस कार्रवाई के बाद देश के कई हिस्सों में हिंसा फैल गई है.
आर्मी के बयान के अनुसार 59 साल के एल मेंचो को जलिस्को राज्य के तपलपा शहर में सैनिकों के साथ एनकाउंटर में गोली लगी. उसे हवाई जहाज से मैक्सिको सिटी ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई. चलिए आपको बताते हैं कि एक पुलिस ऑफिस आखिर मैक्सिको में सबसे बड़ा ड्रग माफिया कैसे बन गया.
एल मेंचो की कहानी
एल मेंचो मैक्सिको के सबसे बड़े ड्रग माफियाओं में से एक था. अमेरिका के न्याय विभाग के अनुसार उसका कार्टेल 2009 में बना था और यह मैक्सिको के सबसे हिंसक ड्रग तस्करी संगठनों में से एक बन गया है. अमेरिकी ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) इसे शक्तिशाली सिनालोआ कार्टेल का प्रतिद्वंद्वी मानता है, जिसकी सभी 50 अमेरिकी राज्यों में मौजूदगी है. उन पर मैक्सिकन सरकारी अधिकारियों की हत्या के प्रयास का भी आरोप लगाया गया था.
जून 2025 में यूएस कस्टम्स एंड बॉर्डर पेट्रोल ने आंकड़ें जारी किए थे, जिसके अनुसार अक्टूबर 2024 से अमेरिका में 9,200 पाउंड (4,182 किलोग्राम) फेंटेनाइल जब्त किया गया है. इनमें से लगभग सभी (96%) को मैक्सिको से लगे बॉर्डर के पास पकड़ा गया था. अमेरिकी विदेश विभाग ने एल मेंचो को पकड़ने में मदद करने वाली जानकारी के लिए 1.5 करोड़ डॉलर का इनाम देने की पेशकश की थी. भारतीय करेंसी में यह रकम 136 करोड़ रुपए से अधिक होती है.
यह कार्रवाई ऐसे समय हुई जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मैक्सिको पर दबाव डाल रहे थे कि वह खासकर फेंटानिल जैसी ड्रग्स की अमेरिका में तस्करी को रोके.ट्रंप ने कई बार धमकी दी है कि वह मैक्सिको से आने वाले सामान पर टैक्स (टैरिफ) लगाएंगे. उनका कहना है कि मैक्सिको की पहली महिला राष्ट्रपति शेनबाउम ने ड्रग व्यापार को रोकने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए हैं. बता दें कि इससे पहले सिनालोआ कार्टेल के संस्थापक जोआक्विन “एल चापो” गुजमान और इस्माइल जाम्बादा पकड़े जा चुके हैं. दोनों इस समय अमेरिका में जेल की सजा काट रहे हैं.













