- इटली की प्रधानमंत्री जार्जिया मेलोनी ने ट्रंप के लगातार बिना उकसावे के हमलों को निराधार बताया और जवाब दिया
- मेलोनी ने कहा उनकी लोकप्रियता ट्रंप के साथ संबंधों पर नहीं बल्कि राष्ट्रीय हितों की रक्षा पर निर्भर है
- उन्होंने अमेरिकी मिलिट्री बेस के मामले में इटली की संप्रभुता और समझौतों के सम्मान को भी स्पष्ट किया
इटली की प्रधानमंत्री जार्जिया मेलोनी पर ट्रंप ने दोबारा तंज कसा तो मेलोनी ने भी ट्रंप को दोबारा जवाब देने में देर नहीं लगाई. मेलोनी ने कहा, 'राष्ट्रपति ट्रंप, बिना किसी उकसावे के लगातार किए जा रहे ये हमले बेमतलब हैं. जहां तक मेरी लोकप्रियता की बात है, तो आपका दोस्त होने से इसमें कोई मदद नहीं मिली है, और ना ही यह आपके साथ मेरे रिश्तों पर निर्भर करती है. मेरी लोकप्रियता इटली के राष्ट्रीय हितों की रक्षा करने की मेरी क्षमता पर निर्भर करती है, और मैंने हमेशा यही किया है.'
मेलोनी का ट्रंप को और तीखा जवाब
मेलोनी इतने पर ही नहीं रुकीं. उन्होंने आगे लिखा, 'इटली में अमेरिकी मिलिट्री बेस के मामले में भी मैंने यही किया है. उनके इस्तेमाल से जुड़े समझौतों का हमने हमेशा सम्मान किया है और जब तक मैं प्रधानमंत्री हूं, उनका उल्लंघन नहीं किया जा सकता. इटली एक संप्रभु देश है. वैसे भी, मेरी लोकप्रियता आपकी चिंता का विषय नहीं है. मेरा सुझाव है कि आप अपनी लोकप्रियता पर ध्यान दें.'
ट्रंप और मेलोनी विवाद
ट्रंप ने जी 7 मीटिंग के बाद कह दिया कि उनके साथ तस्वीर खिंचवाने के लिए मेलोनी गिड़गिड़ा रही थीं. इस पर मेलोनी ने वीडियो जारी कर कहा कि ट्रंप झूठ बोल रहे हैं. ना तो वो और ना ही इटली कभी किसी के सामने गिड़गिड़ाएंगे. इस बात के बाद इटली के विदेश मंत्री ने अपना अमेरिका का दौरा रद्द कर दिया. इटली की सरकार भी अपने प्रधानमंत्री के साथ एकजुट नजर आई. अमेरिका और इटली के संबंधों में तल्खी आने लगी. मगर ट्रंप तो ट्रंप ठहरे. उन्होंने फिर आज बयान दिया कि मेलोनी ने पहले तो ईरान युद्ध में साथ नहीं दिया और अब जब अमेरिका जीत गया है तो उनके साथ फोटो खिंचवाने के लिए गिड़गिड़ाने लगीं. उनकी लोकप्रियता इटली में कम हो गई है. मेलोनी ने इसी पर फिर पलटवार किया है.
ये भी पढ़ें-
ईरान ने फिर बंद किया स्ट्रेट ऑफ होर्मुज, क्या टूट गई अमेरिका से डील, आखिर क्यों लिया ये फैसला?