भारतीय मूल के लोगों को ठगना नामूमकिन है? मलेशिया की पुलिस ने Scam पर शेयर किया दिलचस्प आंकड़ा

ब भी कोई स्कैमर किसी भारतीय व्यक्ति को फोन करता है, तो उसे 'स्क्रिप्ट' पढ़ने का मौका ही नहीं मिलता. पेनांग CCID के उप प्रमुख पैंग मेंग टक ने एक फोरम के दौरान बताया कि भारतीय मूल के लोग अक्सर स्कैमर्स पर सवालों की झड़ी लगा देते हैं.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

क्या आप जानते हैं कि दुनिया भर के शातिर साइबर अपराधियों और स्कैमर्स के लिए भारतीय मूल के लोगों को अपना शिकार बनाना लोहे के चने चबाने जैसा है? यह हम नहीं, बल्कि मलेशियाई पुलिस के ताज़ा आंकड़े कह रहे हैं. मलेशिया के पेनांग राज्य की पुलिस ने एक बेहद दिलचस्प खुलासा करते हुए बताया है कि भारतीय समुदाय के लोगों को ठगना लगभग नामुमकिन है, क्योंकि वे स्कैमर्स से इतने सवाल पूछते हैं कि अपराधी खुद ही कॉल काटकर भाग खड़ा होता है.

पेनांग वाणिज्यिक अपराध विभाग (CCID) की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले साल राज्य में धोखाधड़ी के कुल 5,090 मामले दर्ज किए गए. चौंकाने वाली बात यह है कि इनमें से केवल 7 प्रतिशत यानी महज 381 मामलों में ही भारतीय शिकार बने. जबकि अन्य समुदायों में यह संख्या काफी ज्यादा रही.

'सवालों की बौछार' बना भारतीयों का सबसे बड़ा हथियार

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के अनुसार, जब भी कोई स्कैमर किसी भारतीय व्यक्ति को फोन करता है, तो उसे 'स्क्रिप्ट' पढ़ने का मौका ही नहीं मिलता. पेनांग CCID के उप प्रमुख पैंग मेंग टक ने एक फोरम के दौरान बताया कि भारतीय मूल के लोग अक्सर स्कैमर्स पर सवालों की झड़ी लगा देते हैं. वे तब तक सवाल पूछते रहते हैं जब तक कि धोखेबाज हार मानकर किसी और को फोन नहीं लगा लेता.

उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया, "मान लीजिए किसी स्कैमर ने फोन किया और झूठी फिरौती या अपहरण की कहानी सुनाई. ऐसे में एक भारतीय पीड़ित तुरंत पूछेगा किसका अपहरण हुआ? कहां से हुआ? कब हुआ? आपने उसे क्यों पकड़ा? वह किस रंग के कपड़े पहने था?" पैंग के अनुसार, यह सिलसिला तब तक चलता है जब तक स्कैमर परेशान होकर फोन न काट दे.

बढ़ रहा है साइबर क्राइम का आंकड़ा

मलेशिया में ऑनलाइन स्कैम्स की स्थिति काफी गंभीर है. साइबर सुरक्षा फर्म फोर्टिनेट मलेशिया के आंकड़ों के अनुसार, पिछले साल मलेशियाई लोगों ने ऑनलाइन स्कैम में करीब 2.7 बिलियन रिंगिट (लगभग 684 मिलियन डॉलर) गंवाए हैं. यह पिछले साल की तुलना में 76 प्रतिशत की भारी बढ़ोतरी है. साइबर अपराधी अब डिजिटल पेमेंट सिस्टम में सेंध लगाकर पैसे उड़ाने के आधुनिक तरीके अपना रहे हैं.

सरकार ने भी इस खतरे को भांपते हुए कार्रवाई तेज की है. संचार मंत्रालय ने जानकारी दी है कि साल 2025 में 98,500 से अधिक स्कैम से संबंधित पोस्ट सोशल मीडिया से हटाए गए, जो पिछले साल के 63,652 के मुकाबले कहीं ज्यादा हैं. लेकिन इस भारी लूट के बीच भी भारतीय समुदाय अपनी सतर्कता और 'क्रॉस-क्वेश्चनिंग' की आदत की वजह से बचा हुआ है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: नेपाल एयरलाइंस को हिमाकत के बाद आया होश, जम्मू-कश्मीर को पाकिस्तान का हिस्सा दिखाने के लिए मांगी माफी

Featured Video Of The Day
Israel Hezbollah War: हथियार डिपो, सैन्य इमारतें तबाह, इजरायल का लेबनान पर हमला | Israel Lebanon War
Topics mentioned in this article