मिडिल ईस्ट में तनाव इन दिनों चरम पर है. जंग का आज नौवां दिन है. ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने घोषणा की कि ईरान अब किसी भी पड़ोसी देश पर हमला नहीं करेगा, जब तक कि ईरान पर होने वाला हमला उसी देश की जमीन से न किया जाए. यह बयान ऐसे समय में आया है जब खाड़ी देश ईरानी मिसाइलों और ड्रोन हमलों के खतरे में हैं.
ईरानियों ने आज सुबह फिर तेहरान और अन्य शहरों में भारी विस्फोटों की आवाज़ें सुनीं. अमेरिका और इजरायल के हमलों का यह दूसरा सप्ताह है और हमले लगातार जारी हैं.
ईरान की ओर से आज भी बहरीन, कुवैत, क़तर, सऊदी अरब, UAE और जॉर्डन की दिशा में मिसाइलें और ड्रोन भेजे गए. कई देशों ने अपने-अपने एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय कर दिए और कुछ जगह अलर्ट जारी किया गया.
अमेरिका-इजरायल के हमले जारी
US-इजरायल ने ईरान की मिसाइल क्षमता, सैन्य ढांचे और नेतृत्व संस्थानों पर हमले किए. तेहरान में Assembly of Experts की इमारत को भी निशाना बनाया गया.
ईरान में मौतों का आंकड़ा 700 से अधिक
ईरान में 787 मौतों की आधिकारिक पुष्टि है, लेकिन अंदरूनी रिपोर्टें कहती हैं कि वास्तविक संख्या हजारों में हो सकती है।
मध्य पूर्व के हालात तेजी से बदल रहे हैं. हम इस लाइव ब्लॉग में आपको हर अपडेट, हर प्रतिक्रिया और हर मोर्चे से आने वाली ताजा जानकारी तुरंत देते रहेंगे. इस पेज को रिफ्रेश करते रहें...
Iran War Live: लेबनान में हफ्तेभर में 400 लोगों की मौत
AP की रिपोर्ट के अनुसार, लेबनान में हिज़्बुल्लाह और इज़राइल के बीच लड़ाई हफ्तेभर में करीब 400 लोगों की मौत हो गई. लेबनान के स्वास्थ्य मंत्री ने रविवार को कहा कि पिछले हफ्ते इज़राइल और हिज़्बुल्लाह मिलिटेंट ग्रुप के बीच लड़ाई में अब तक मारे गए 394 लोगों में 83 बच्चे भी शामिल हैं. इजराइल का नया हमला पिछले हफ्ते तब शुरू हुआ जब हिज़्बुल्लाह ने लड़ाई के शुरुआती दिनों में उत्तरी इजराइल की ओर रॉकेट दागे.
मिडिल ईस्ट जंग पर विदेश मंत्री जयशंकर देंगे लोकसभा में बयान
विदेश मंत्री एस जयशंकर कल लोकसभा में पश्चिम एशिया में चल रहे संकट पर बयान देंगे.
ईरान के हमलों के खिलाफ UAE ने जारी किया बयान
UAE ने कहा है कि वह ईरानी हमले के खिलाफ सेल्फ-डिफेंस में काम कर रहा है. इसमें इंफ्रास्ट्रक्चर और सिविलियन जगहों को निशाना बनाकर 1,400 से ज़्यादा बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन लॉन्च करना शामिल है, जिससे आम लोग मारे गए. यह इंटरनेशनल कानून और UN चार्टर का गंभीर उल्लंघन है, UAE की सॉवरेनिटी और टेरिटोरियल इंटीग्रिटी का उल्लंघन है और इसकी सिक्योरिटी और स्टेबिलिटी के लिए सीधा खतरा है.
UAE का कहना है कि वह किसी भी झगड़े या तनाव को बढ़ाना नहीं चाहता है, बल्कि अपनी सॉवरेनिटी, नेशनल सिक्योरिटी और टेरिटोरियल इंटीग्रिटी की रक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठाने के अपने पूरे अधिकार की पुष्टि करता है.
Iran War Live: नए सुप्रीम लीडर ईरान का अंदरुनी मामला, ये हमारा काम किसी और का नहीं... बोले ईरानी विदेश मंत्री
ईरान ने नए सुप्रीम लीडर के उत्तराधिकार में विदेशी दखल को खारिज किया है. ईरान का कहना है कि नए सुप्रीम लीडर का चुनाव एक अंदरूनी मामला है. ईरान के विदेश मंत्री ने कहा है कि नए सुप्रीम लीडर का चुनाव देश की एक्सपर्ट्स की असेंबली तय करेगी, और इस बात पर जोर दिया कि यह ईरानी लोगों का अंदरूनी मामला है. NBC के साथ एक इंटरव्यू में, अब्बास अराघची ने कहा कि ईरान के राजनीतिक संस्थान सामान्य रूप से काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा, 'एक्सपर्ट्स की असेंबली जल्द ही एक नए सुप्रीम लीडर का चुनाव करेगी. कैबिनेट और संसद सभी अपने काम कर रहे हैं.' उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बयानों का भी विरोध किया और कहा कि ईरान अपने घरेलू मामलों में बाहरी दखल की इजाज़त नहीं देगा. उन्होंने कहा, 'यह ईरानी लोगों पर निर्भर है कि वे अपना नया नेता चुनें. यह सिर्फ़ ईरानी लोगों का काम है और किसी और का नहीं.'
Iran War Live: लेबनान में इजरायल का बड़ा हमला, 14 लोगों की मौत
इजरायल के हमले ले दक्षिण लेबनान के सर अल घरबियाह गांव में भारी तबाही हुई. कई इमारतें और गाड़ियां इसकी जद में आ गईं. सर अल घरबियाह के मेयर सादल्लाह मातौक ने कहा कि इजराइली हवाई हमला रविवार सुबह 6:00 बजे एक तीन मंजिला इमारत पर हुआ. उन्होंने AP को बताया, '14 लोग मारे गए और छह घायल हुए.' एक स्थानीय अली फवाज ने मरने वालों की संख्या 17 बताई. जिनमें सभी महिलाएं और बच्चे हैं. इजराइल का नया हमला पिछले हफ्ते तब शुरू हुआ जब हिज़्बुल्लाह ने युद्ध के शुरुआती दिनों में उत्तरी इज़राइल की ओर रॉकेट दागे.
Iran War Live Update: ईरान के परमाणु भंडार को कब्जे में लेने की तैयारी कर रहा अमेरिका
अमेरिका के ईरान पर हमले जारी हैं. अमेरिका ने कहा हैं कि जब तक ईरान सरेंडर नहीं करता, तब तक हमले जारी रहेंगे. इस बीच खबरें हैं कि ईरान के परमाणु भंडार को कब्जे में लेने के लिए अमेरिका स्पेशल फोर्स भेजने पर विचार कर रहा है. यानी जमीनी सैनिक. मिलिट्री की भाषा में कहें तो Boots on The Ground. खबरें हैं कि अमेरिका और इज़राइल ने युद्ध के बाद के चरण में ईरान के ज्यादातर समृद्ध यानी एनरिच यूरेनियम के भंडार को सुरक्षित करने के लिए स्पेशल फोर्स भेजने पर चर्चा की है.
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि ईरान को कभी भी परमाणु हथियार नहीं बनाने देना ही इस युद्ध का बड़ा लक्ष्य है. ईरान के पास लगभग 450 किलोग्राम 60% तक समृद्ध यूरेनियम है, जिसे कुछ ही हफ्तों में हथियार बनाने लायक स्तर तक बदला जा सकता है.
मिडिल ईस्ट जंग का भारतीय एक्सपोर्ट पर दोहरा प्रहार, दुबई हब ठप, 'पीक सीजन' पर संकट के बादल | middle east war impact indian textile export dubai hub shutdown supply chain
मिडिल ईस्ट में छिड़ी जंग के कारण दुबई का री-एक्सपोर्ट हब पूरी तरह बंद हो गया है, जिससे भारतीय कपड़ा निर्यातकों को करोड़ों का नुकसान हो रहा है.
ईरान युद्ध की वजह से दुबई में एक्सपोर्ट का व्यापार ठप
भारत से मध्य पूर्व एशिया के देशों में एक्सपोर्ट का दुबई सबसे बड़ा एक्सपोर्ट हब है. दुबई के जरिए ही भारत से एक्सपोर्ट होने वाला सामान पूरे मध्य पूर्व एशिया के देशों में पहुंचता है. पिछले 9 दिनों से युद्ध की वजह से भारतीय एक्सपोर्टर का सामान दुबई नहीं पहुंच पा रहा है. इसकी वजह से पूरे मध्य पूर्व एशिया में भारतीय एक्सपोर्ट रुक गया है. मध्य पूर्व एशिया के बड़े खरीदारों ने भारतीय एक्सपोर्टरों से नया प्रोडक्शन रोकने के लिए कहा है. इसकी वजह से पूरे दुबई में एक्सपोर्ट का व्यापार ठप हो गया है. दुबई में रहने वाले नागरिकों में अफरा-तफरी का माहौल है, अधिकतर लोग दुबई छोड़ना चाहते हैं. दुबई में बिजनेस के लिए माहौल सुधारने में अभी कई महीने लगेंगे.
Iran War Update: ईरान ने आज UAE पर लॉन्च किए 117 ड्रोन
UAI का कहना है कि ईरान ने रविवार को नए हमलों में 16 बैलिस्टिक मिसाइलें और 117 से ज्यादा ड्रोन लॉन्च किए हैं. UAE के डिफेंस मिनिस्ट्री का कहना है कि उसने सभी 16 मिसाइलों को इंटरसेप्ट कर लिया, जबकि 17वीं मिसाइल समुद्र में गिर गई. चार ड्रोन UAE के इलाके में गिरे.
पड़ोसी देशों से हमला होगा तो हम बचाव करेंगे, बोले ईरानी राष्ट्रपति
तेहरान टाइम्स ने ईरान के राष्ट्रपति पेज़ेशकियन के हवाले से कहा, 'दुश्मन को मेरी बातों से गलतफहमी हो गई है. अगर पड़ोसी देशों से कोई हमला होता है, तो हम अपना बचाव करेंगे. दुश्मन के आइडिया बेकार थे. दुश्मन चाहता है कि हम इस्लामिक देशों से लड़ें, हमारे और देशों के बीच झगड़ा पैदा हो.
Iran War News Live: ईरान के सुप्रीम लीडर का नाम तय, फैसला आना बाकी
अलजजीरा की एक रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के नए सुप्रीम लीडर के नाम पर फैसला हो गया है. सिलेक्शन बॉडी ने नए लीडर का चयन कर लिया है. हालांकि नाम का ऐलान अभी बाकी है. खुज़ेस्तान प्रांत को रिप्रेजेंट करने वाली सिलेक्शन बॉडी के सदस्य मोहसेन हैदरी ने कहा, 'सबसे सही कैंडिडेट, जिसे असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स की ज्यादातर मंजूरी मिली है, तय हो गया है.'
इजरायल और अमेरिका के खिलाफ 6 महीने तक युद्ध लड़ सकते हैं-ईरान
ईरान जंग इजरायल और अमेरिका के खिलाफ जंग से पीछे हटने के लिए तैयार नहीं है. उसका कहना है कि वह दोनों देशों के साथ छह महीने तक भीषण युद्ध लड़ सकता है. वह आने वाले दिनों में उन्नत और लंबी दूरी की मिसाइलों का इस्तेमाल कर सकता है.
होर्मुज जलडमरूमध्य में 3 इंडोनेशियाई चालक दल के सदस्य लापता
इंडोनेशिया का कहना है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में संयुक्त अरब अमीरात के ध्वज वाले टगबोट मुसफ्फा 2 के डूबने के बाद तीन चालक दल के सदस्य लापता हैं. एक जिंदा व्यक्ति का इलाज वर्तमान में ओमान के खासब शहर के एक अस्पताल में चल रहा है. अन्य तीन इंडोनेशियाई लोगों की तलाश स्थानीय अधिकारी कर रहे हैं.
कुवैत के अल-अदिरी एयरबेस पर ड्रोन और मिसाइलों से किया हमला-ईरान
ईरानी सेना ने दावा किया है कि उसके सुरक्षाबलों ने कुवैत के अल-अदिरी एयरबेस को ड्रोन और मिसाइलों से निशाना बनाया. ये दावा फ़ार्स न्यूज़ एजेंसी की रिपोर्ट में किया गया है.आईआरजीसी के हवाले से कहा गया है कि इस हमले में अमेरिकी हेलीकॉप्टर मरम्मत केंद्र, ईंधन टैंक और कमांड सेंटर नष्ट हो गए. हमले के बाद, इस बेस में भीषण आग लग गई और अभी भी इससे घना, काला धुआं उठ रहा है.
तेहरान की सड़कों पर क्यों उठ रहीं आग की लपटें?
इजरायल के हमलों में नष्ट हुए तेहरान के डिपो से तेल रिसने के बाद वहां की सीवेज व्यवस्था के कुछ हिस्सों में आग लग गई, जिसके चलते ईरानी राजधानी की सड़कों पर आग फैल गई है.
लारीजानी कौन हैं, मुझे नहीं पता वे क्या रहे हैं- ट्रंप की प्रतिक्रिया
ट्रंप को कीमत चुकानी होगी वाले ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव लारीजानी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा," मुझे नहीं पता कि वह क्या कह रहे हैं, वह कौन हैं. मुझे कोई परवाह नहीं है. उनका इरादा मिडिल ईस्ट पर कब्जा करने का था और मेरी वजह से उन्होंने उन सभी देशों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है."
US-इजरायल के हमले में ईरान के इस्फ़हान प्रांत में 11 लोगों की मौत
अमेरिका-इजरायल ने ईरान के इस्फ़हान प्रांत में कई निर्माणाधीन वर्कशॉप र एक घुड़सवारी क्लब पर हमला किया है, जिसमें 11 लोग मारे गए हैं. कई लोग घायल भी हुए हैं. ये दावा तसनीम न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट में किया गया है.
तेहरान में इजरायली हमलों में 4 टैंकर ड्राइवरों की मौत
फ़ार्स न्यूज एजेंसी के मुताबिक, तेहरान और अल्बोर्ज़ प्रांत में ईरानी तेल डिपो पर हुए इजरायली हमलों में चार टैंकर ड्राइवर मारे गए हैं.
इजरायल ने बेरूत के होटल पर किया हमला, 4 लोगों की मौत
इजरायल ने बेरूत के एक होटल पर हमला कर दिया है. लेबनान की राजधानी में संघर्ष बढ़ने से चार लोगों की मौत हो गई है. वहीं कई अन्य घायल हुए हैं.
बहरीन में सायरन एक्टिव, लोगों को सुरक्षित जगहों पर छिपने की सलाह
बहरीन में ईरानी हमलों के खिलाफ लगातार सायरन बजाए जा रहे हैं. आंतरिक मंत्रालय ने कहा है कि देश में सायरन एक्टिव कर दिए गए हैं. लोगों से शांत रहने और पास में किसी सुरक्षित जगह पर जाने की अपील की जा रही है.
ट्रंप ने हमारे नेता की हत्या की, उनको जाने नहीं देंगे- ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद
ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव अली लारीजानी ने कहा," ट्रंप ने हमारे नेता की हत्या की, हम उन्हें जाने नहीं देंगे. हर दिन लगातार सैकड़ों मिसाइलें उन पर गिर रही हैं, ये कहां से आ रही हैं. उन्हें गलतफहमी है. शुक्र है, हमारे मिसाइल भंडार पूरी तरह सुरक्षित हैं और अच्छी तरह से तल रहे हैं.
दुश्मन को अपनी धरती का एक इंच भी कब्जा नहीं करने देंगे-ईरानी राष्ट्रपति
ईरान के राष्ट्रपति ने कहा कि पड़ोसी देशों के साथ हम अच्छे संबंध चाहते हैं. लेकिन दुश्मन फूट डालने की कोशिश कर रहा है. ईरान दूसरे देशों की सीमाओं से होने वाले हमलों का जवाब देने के लिए मजबूर है, लेकिन इस जवाब का मतलब यह नहीं है कि उन देशों के साथ कोई विवाद है. उन्होंने कहा कि लोगों को एकजुट होकर सड़कों पर उतरना चाहिए. ईरान की धरती और पानी की रक्षा के लिए सभी को आगे आना चाहिए. पूरी जनता की मौजूदगी से ईरान दुश्मन को अपनी धरती का एक इंच भी कब्जा नहीं करने देगा.
हमला करने वालों को पूरी ताकत से जवाब देंगे-ईरानी राष्ट्रपति
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन ने राष्ट्र के नाम अपने संबोधित में कहा कि हमारा किसी पड़ोसी देश से झगड़ा नहीं है. हम अपने ऊपर हो रहे हमलों का जवाब देने के लिए मजबूर हैं. अपने ऊपर हमला करने वालों के खिलाफ हम मजबूती से खड़े हैं और पूरी ताकत से जवाब देंगे.
UAE ईरान के मिसाइल और ड्रोन हमलों का दे रहा जवाब
ईरान संयुक्त अरब अमीरात पर लगातार हमले कर रहा है. रक्षा मंत्रालय ने कहा कि UAE की हवाई रक्षा प्रणाली ईरान से आने वाले मिसाइल और ड्रोन हमलों का जवाब दे रही है.
इज़रायल ने शुरू की ईरान पर हमलों की नई लहर
इज़रायली सेना का दावा है कि उसने ईरान में हमलों की नई लहर शुरू कर दी है. इस दौरान सरकार के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया जा रहा है.
अमेरिकी नौसेना के पांचवें बेड़े पर ईरानी का हमला, 21 सैनिकों की मौत
ईरानी की तरफ से अमेरिकी नौसेना के पांचवें बेड़े पर किए गए हमलों में 21 सैनिक मारे गए हैं. वहीं कुछ अन्य घायल हुए हैं. ये जानकारी ईरानी सेना की तरफ से दी गई है.
ईरान-इजरायल जंग पर जानें क्या है चीन का रुख
ईरान जंग पर चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने कहा कि जिस युद्ध से किसी को फायदा या नुकसान नहीं हो, उसे नहीं होना चाहिए. मिडिल ईस्ट का इतिहास बार-बार दुनिया को बताता है कि बल प्रयोग समस्याओं का समाधान नहीं है. सैन्य टकराव केवल नई नफरत को बढ़ावा देगा और नए संकटों पैदा होंगे. चीन ने सैन्य अभियानों को तत्काल रोकने का आह्वान किया, ताकि स्थिति और न बिगड़े और युद्ध को रोका जा सके.
ईरान ने शुरू की US और इज़रायल के खिलाफ जवाबी हमलों की नई लहर
ईरानी न्यू चैनल प्रेस टीवी के मुाबिक, ईरान के क्रांतिकारी गार्ड ने अमेरिका और इज़रायल के खिलाफ जवाबी हमलों की एक नई लहर शुरू की है. इस हमले को "ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस की 27वीं लहर" बताया है. प्रेस टीवी ने IRG के हवाले से यह भी बताया कि उसने कुवैत के आरिफजान में अमेरिकी सैन्य अड्डे के मुख्यालय को सटीक मारक मिसाइलों से निशाना बनाया.
बहरीन और कुवैत पर ईरान के हमले आक्रामकता भरा कृत्य-खाड़ी देशों की परिषद
खाड़ी देशों की परिषद के प्रमुख ने कहा कि बहरीन और कुवैत पर ईरान के लगातार हमले आक्रामकता भरा खतरनाक कृत्य है, जो क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता को खतरे में डालता है. यह तेहरान के गंभीर रवैये को उजागर करता है. इस इस घृणित ईरानी हमले की परिषद ने कड़ी निंदा की. अलबुदैवी ने कहा कि जरूरी सुविधाओं और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना "सभी अंतरराष्ट्रीय मानदंडों और चार्टरों का घोर उल्लंघन है.
कुवैत की ऊंची इमारत में लगी आग, आसमान में उठ रही लपटें
कुवैत सिटी में रविवार तड़के एक ऊंची इमारत में भीषण आग लग गई, जिससे आसमान में ऊंची-ऊंची लपटें उठती नजर आईं. आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है. शहर भर में सायरन बजने लगे. सेना के कहा कि वह हमलों का जवाब दे रही है.
कुवैत ने ईरान की तीन मिसाइलें मार गिराईं
कुवैत ने ईरान की तीन मिसइलों को मार गिराया है. सरकार का कहना है कि उसके हवाई रक्षा तंत्र ने कुछ देर पहले तीन बैलिस्टिक मिसाइलों को हवा में ही इंटरसेप्ट कर दिया. कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर फ्यूल टैंकों और उसके सार्वजनिक सामाजिक सुरक्षा संस्थान के मुख्य भवन पर ड्रोन हमलों के बाद दो जगहों पर आग लग गई. जिसे बुझाने की कोशिश की जा रही है.
ईरान के बुशहर शहर के आसमान में उठा धुएं का बड़ा गुबार
इजरालल और अमेरिका मिलकर ईरान में लगातार कहर बरसा रहे हैं. ईरान में एक और हमले की खबर सामने आई है. बुशहर शहर के ऊपर धुएं का विशाल गुबार उठता दिखाई दे रहा है.
सऊदी अरब ने रियाद के राजनयिक क्षेत्र पर हमले को नाकाम किया
ईरान ने सऊदी अरब के रियाद में राजनयिक क्षेत्र पर ड्रोन हमला किया, जिसे सऊदी ने नाकाम कर दिया.एक्स पर जारी एक बयान में मंत्रालय ने कहा कि हमले में कोई भौतिक क्षति या नागरिक घायल नहीं हुआ है.
मैंने कुर्दों को ईरान के खिलाफ जंग में शामिल होने से मना कर दिया-ट्रंप
ईरान के खिलाफ जंग में कुर्दों के शामिल होने की खबरों पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बयान सामने आया है. ट्रंप ने कहा कि हम कुर्दों को शामिल होते नहीं देखना चाहते. कुर्द शामिल होना चाहते हैं, लेकिन मैंने उन्हें मना कर दिया. मैं नहीं चाहता कि कुर्द मारे जाएं या घायल हों. हम कुर्दों के साथ मैत्रीपूर्ण संबंध रखते हैं, लेकिन युद्ध को और जटिल नहीं बनाना चाहते. मैंने उन्हें ईरान में न जाने के लिए कहा है.
ईरान ने कुवैत हवाई अड्डे पर ड्रोन से फ्यूल टैंकों को बनाया निशाना
ईरान खाड़ी देशों पर हमले जारी रखे हुए है. अब उसने कुवैत में फ्यूल टैंकों को निशाना बनाया है. कुवैत सरकार का कहना है कि कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ईंधन टैंकों पर ड्रोन से हमला हुआ है. सरकार ने एक बयान में कहा कि संबंधित अधिकारी और दमकल टीमें आग को बुझाने में जुटी हैं.
बेरूत के होटल पर इजरायली हमले में 4 लोगों की मौत
बेरूत के एक होटल पर इजरायल ने हमला कर दिया. इस हमले में चार लोगों के मारे जाने और 10 लोगों के घायल होने की खबर है. ये जानकारी अल जज़ीरा ने लेबनानी स्वास्थ्य मंत्रालय के हवाले से दी है.
मिडिल ईस्ट जंग के बीच नोर्वे में अमेरिकी दूतावास के पास जोरदार धमाका
मिडिल ईस्ट जंग के बीच नॉर्वे के ओस्लो में अमेरिकी दूतावास के पास जोरदार हुआ है. नॉर्वेजियन पुलिस के मुताबिक, ओस्लो में अमेरिकी दूतावास के पास एक जोरदार धमाका सुना गया. धमाके का कारण अब तक स्पष्ट नहीं है. पुलिस दूतावास के साथ बातचीत कर रही है. हमले में किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है.
दुबई पर ईरानी हमले में एक पाकिस्तानी नागरिक की मौत
ईरान ने दुबई पर ड्रोन हमला किया था. इस हमले में एक पाकिस्तानी नागरिक की मौत हो गई.
हम ईरान को नुकसान पहुंचाते रहेंगे-इजरायली सैन्य प्रवक्ता
इजरायल ईरान को लेकर सख्त है. इजरायली सैन्य प्रवक्ता एफ़ी डेफ़्रिन ने नए ईरानी सुप्रीम लीडर के बारे में कहा कि हम ईरानी आतंकवादी शासन की कमान और नियंत्रण प्रणालियों पर हमले और उन्हें नुकसान पहुंचाना जारी रखेंगे. यह हम उनके आतंकी नेता के चुनाव की कोशिश को नाकाम करते रहेंगे. वे किसे चुनेंगे, यह उनके हाथ में है. हम नुकसान को और बढ़ाते रहेंगे.
अमेरिका-इजरायल ने ईरान में तेल स्टोरेज फेसिलिटी पर किया हमला
अमेरिका और इजरायल ने मिलकर शनिवार रात तेहरान में ताजा हमले किए. इजरायल ने इन हमलों को लेकर पहले ही आगाह कर दिया था. दोनों ने मिलकर शनिवार देर रात तेहरान में एक तेल भंडारण सुविधा को निशाना बनाया, जिसके बाद वहां आग के गोले देखे गए.
मिडिल ईस्ट जंग में मारे गए अमेरिकी सैनिकों के अंतिम संस्कार में शामिल हुए ट्रंप
मडिल ईस्ट की जंग में शहीद हुए सैनिकों के शवों की वापसी के दौरान ट्रंप ने परिवारों के साथ शोक जताया. ट्रंप शनिवार को डोवर वायु सेना अड्डे पर शहीद हुए छह अमेरिकी सैनिकों के सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार में शामिल हुए.
हम ईरान से कोई बातचीत नहीं करने जा रहे हैं - ट्रंप
ईरान से जारी युद्ध के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा बयान दिया है.उन्होंने कहा है कि ईरान से बात करना चाहेगा लेकिन हमें उनसे कोई बात नहीं करनी है. मैं ईरान की नई लीडरशिप से किसी तरह की बातचीत को तैयार नहीं होने वाला.
ईरान से युद्ध के बीच ट्रंप का बड़ा फैसला, ईजरायल को 20 हजार बम देने के प्रस्ताव को दी मंजूरी
ईरान और इजरायल एक दूसरे पर शनिवार देर रात से एक के बाद एक कई बड़े हमले कर रहे हैं. इन हमलों के बीच अब डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल को और हथियार देने का फैसला किया है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ट्रंप ने कांग्रेस को बाइपास करते हुए इजरायल को 20 हजार बम देने का फैसला किया है.
ईरान का बहरीन के बंदरगाह पर बड़ा हमला, बड़े धमाके के बाद लगी भयंकर आग
ईरान ने रविवार तड़के बहरीन के सलमान बंदरगाह को निशाना बनाया है. ईरान के इस हमले में बंदरगाह के एक बड़े हिस्से में बड़ा विस्फोट हुआ है. इस विस्फोट के बाद बंदरगाह में आग लग गई. ईरान के इस हमले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.
ईरान ने कतर और सऊदी अरब पर फिर दागी ड्रोन और मिसाइलें
ईरान ने अपने पड़ोसी देश कतर और सऊदी अरब पर एक बार फिर मिसाइलें दागी हैं. कतर ने ईरान की इस कार्रवाई को लेकर कहा है कि तेहरान की तरफ से उनेक क्षेत्र पर कुल 12 मिसाइलें दागी गई हैं. वहीं, सऊदी अरबने 8 ईरानी ड्रोन को मार गिराने की बात कही है.
इजरायल ने तेहरान के बड़े तेल डिपो पर किया हमला, कई धमाकों से दहली ईरान की राजधानी
इजरायल ने तेहरान के बड़े फ्यूल डिपो पर हमला कर दिया है. इस हमले से तेहरान में बड़ी तबाही मचने की बात कही जा रही है. तेहरान में एक साथ कई जगहों पर धमाके भी सुने गए हैं.
तेहरान के फ्यूल स्टोरेज डिपो पर किया बड़ा हमाल... इजरायल ने किया दावा
इजरायल ने ईरान को लेकर एक बड़ा दावा किया है. इजरायल ने कहा है कि उसने रविवार तड़के तेहरान के उस इलाके पर बम बरसाए हैं जहां पर फ्यूल स्टोरेज डिपो था. इससे तेहरान में बड़ी तबाही होने का भी दावा किया जा रहा है.
तेहरान में फिर सुना गया बड़ा धमाका, अमेरिका और इजरायल रह रहकर ईरान के कई शहरों को बना रहे निशाना
इजरायल और अमेरिका ने एक बार फिर ईरान की राजधानी तेहरान को निशाना बनाया है. रिपोर्ट्स के अनुसार तेहरान में एक के बाद एक कई धमाके सुने गए हैं.
स्पेन ने ईरान स्थित अपने दूतावास से बचे सभी कर्मचारियों को बाहर निकाला
इजरायल के साथ जारी युद्ध की वजह से बिगड़ते हालात को देखते हुए स्पेन ने ईरान में स्थित अपने दूतावास के सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है.
हमने कई अमेरिकी सैनिकों को पकड़ा है - ईरान के नेता अली लारीजानी का बड़ा दावा
ईरान के बड़े नेता अली लारीजानी ने अमेरिका से जारी युद्ध के बीच एक बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा है कि उनकी सेना ने कई अमेरिकी सैनिकों को पकड़ा है.
हम ईरान का नक्शा बदल देंगे - ट्रंप
डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ चल रहे युद्ध को लेकर एक बड़ा बयान दिया है. ट्रंप ने कहा है कि इस युद्ध के बाद हम ईरान का नक्शा बदल देंगे.
ईरान के स्कूल पर बमबारी के लिए ट्रंप ने ईरान को ही बताया दोषी
डोनाल्ड ट्रंप ने बीते दिनों ईरान के स्कूल में हुई बमबारी के लिए ईरान को ही जिम्मेदार ठहराया है.
हमें अब उनकी जरूरत नहीं है... यूके को डोनाल्ड ट्रंप की दो टूक
ईरान से जारी युद्ध के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूनाइटेड किंगडम को लेकर एक बड़ा बयान दिया है. उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा कि एक समय में यूनाइटेड किंगडम हमारा महान सहयोगी होता था. वो आज हमारे लिए मिडिल ईस्ट में दो विमानवाहक पोत भेजने पर अभी भी गंभीरता से विचार कर रहा है. यह ठीक है. प्रधानमंत्री स्टार्मर को मैं बता देना चाहता हूं कि अब हमें उनकी जरूरत नहीं है.
ड्रोन ने कुर्दिश इराक में एरबिल हवाई अड्डे के पास अमेरिकी सैन्य अड्डे को निशाना बनाया
उत्तरी इराक के कुर्द क्षेत्र में एरबिल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास एक अमेरिकी सैन्य अड्डे को एक ड्रोन ने निशाना बनाया है. कई विस्फोटों की आवाज़ सुनने के बाद विमान-रोधी आग की सूचना दी गई है.
ईरान ने फिर ट्रंप को दी चेतावनी, कहा - हम बदला लेकर रहेंगे
ईरान ने एक बार फिर ट्रंप को चेतावनी दे दी है. ईरान के अली लारीजानी ने कहा है कि ईरान अपने लोगों के खून का बदला लिए बगैर नहीं रुकेगा. उन्होंने कहा है कि ट्रंप को भुगतना पड़ेगा.
सऊदी अरब की तेल कंपनी ने सुरक्षा के मद्देनजर तेल शिपमेंट को लाल सागर के बंदरगाह की तरफ मोड़ा
ईरान और इजरायल के बीच लगातार हो रहे हमले को देखते हुए सऊदी अरब की तेल कंपनी अरामको ने सुरक्षा कारणों से अपने तेल के शिपमेंट को यानूब के लाल सागर बंदरगार की तरफ मोड़ दिया है. कंपनी ने एक बयान जारी कर कहा है कि वो परिस्थिति के सामान्य होने का इंतजार करेंगे.
हिज्बुल्लाह ने हाइफा के नौसैनिक अड्डे पर दागी मिसाइलें
ईरान के इजरायल पर हमले के बीच हिज्बुल्लाह ने भी इजरायल के सैन्य ठिकानों पर हमला शुरू कर दिया है.हिज्बुल्लाह ने हाइफा नौसैनिक अड्डे पर एक के बाद एक कई मिसाइलें दागी हैं.
ईरान इजरायल पर ताबड़तोड़ दाग रहा मिसाइल, आसमान में नष्ट की गई कई मिसाइलें
ईरान भी इजरायल पर लगातार हमला जारी रख रहा है. ईरान की तरफ से दागी गई कई मिसाइलों को इजरायल आसमान में ही नष्ट कर दे रहा है. इजरायल के इस एक्शन का वीडियो भी सामने आया है.
इजारयल के फाइट जेट्स ने ईरान के तीन शहरों में बरपाया कहर
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इजारयली फाइटर जेट्स ने इरान के कूहक, शाहरान और करज में तीन बड़े तेल भंडारण को निशाना बनाया है.
इजरायल के हमले के बीच ईरान में सड़कों पर निकले लोग
ईरान पर इजरायल का हमला लगातार जारी है. शनिवार देर रात जब ईरान के अलग-अलग शहरों पर इजरायल की मिसाइल गिरने लगी तो इन शहरों में रहने वाले लोग अपनी जान बचाने के लिए सड़कों पर निकल गए. इस दौरान उन्होंने इजरायल के खिलाफ नारेबाजी भी की.
हम ईरान में जीत की ओर हैं, उन्हें हम बुरी तरह से तबाह कर रहे हैं - नेतन्याहू
ईरान पर इजरायल के हमले को लेकर पीएम नेतन्याहू ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा है कि हम ईरान में बड़ी जीत के करीब हैं. हमने अपने हमले में उनके परमाणु बुनियादी ढांचे, कमांड सेंटर और सैन्य अड्डों, हथियार कारखानों, मिसाइल डिपो और सैकड़ों बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्चरों को नष्ट कर दिया है.
ईरान ने इजरायल के हाइफा रिफाइनरी पर किया बड़ा हमला
ईरान ने इजरायल के हाइफा रिफाइनरी पर बड़ा हमला कर दिया है. ईरान ने ये हमला उसके तेल टैंकर्स पर किए गए इजरायली हमले के बाद किया है.
इजरायल के हमले के बाद ईरान ने शुरू किया काउंटर अटैक, तेल अवीव समेत कई शहरों पर दागी मिसाइल
ईरान पर इजरायल के हमले के बाद ईरान ने भी इजरायल की राजधानी समेत दूसरे शहरों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ईरान ने अभी फिर से तेल अवीव और जेरुसलेम जैसे शहरों पर मिसाइल दागी हैं.
इजरायली सेना ने ईरान में तेल के टैंकर्स को बनाया निशाना, इस तरह का यह पहला हमला
इजरायली सेना ने ईरान में बने तेल टैंकर्स को निशाना बनाना शुरू कर दिया है. आपको बता दें कि ईरान के साथ जारी युद्ध में ये पहला मौका है जब इजरायल में ईरान के तेल टैंकर्स को निशाना बनाया है.
हिज्बुल्लाह ने इजरायल पर नए सिरे से शुरू किया हमला
ईरान और इजरायल के बीच जारी युद्ध के दौरान हिज्बुल्लाह ने इजरायल पर बड़े पैमाने पर हमला शुरू कर दिया है. हिज्बुल्लाह ने इजरायल के कई इलाकों को निशाना बनाया है.
ईरान के विदेश मंत्री ने ट्रंप को दी चेतावनी, कहा - हमला हुआ तो देंगे करारा जवाब
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को ईरान ने भी चेतावनी दे दी है. ईरान के विदेश मंत्री ने ट्रंप की धमकी का जवाब देते हुए कहा कि अगर हमला हुआ तो हम करारा पलटवार करेंगे.
दुबई के मरीना में एक इमारत पर हमला
शनिवार को दुबई मरीना में एक इमारत पर ईरान द्वारा दागे गए एक मिसाइल का मलबा गिरा, जिससे इमारत से धुआं उठने लगा. दुबई सरकार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि वायु रक्षा प्रणालियों ने मिसाइल को सफलतापूर्वक रोक दिया था, लेकिन गिरे हुए मलबे से मरीना स्थित इमारत के बाहरी हिस्से को मामूली नुकसान पहुंचा है. दुबई सरकार के आधिकारिक मीडिया चैनल ने लिखा, "अधिकारियों ने पुष्टि की है कि सफलतापूर्वक रोके गए मिसाइल के मलबे से दुबई मरीना स्थित एक इमारत को मामूली नुकसान पहुंचा है. स्थिति नियंत्रण में है. किसी के घायल होने की सूचना नहीं है."
दुबई के मरीना टावर पर हमला
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ईरान द्वारा किए गए कथित हमले के बाद दुबई के 23 मरीना टावर से धुआं उठता दिख रहा है, और मिसाइलों के टकराने से हुए संभावित मलबे के कारण नुकसान का अंदाजा लगाना मुश्किल है.
यूएई युद्ध के दौर से गुजर रहा है, राष्ट्रपति ने कहा
अबू धाबी टीवी को दिए गए एक संबोधन में राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने कहा कि मध्य पूर्व युद्ध के बाद संयुक्त अरब अमीरात "और भी मजबूत" होकर उभरेगा. यह ऐसे समय में हुआ जब ईरान खाड़ी क्षेत्र में जवाबी हमले जारी रखे हुए है. उन्होंने टीवी चैनल को बताया कि यूएई "युद्ध के दौर से गुजर रहा है. लेकिन "हम और भी मजबूत होकर उभरेंगे."
30 गांवों में पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई : ईरान के विदेश मंत्री
ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अरघची ने कहा कि मीठे पानी के संयंत्र पर हमला करके अमेरिका ने एक घोर अपराध किया है. इससे 30 गांवों में पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई है. ईरान के बुनियादी ढांचे पर हमला करना एक खतरनाक कदम है जिसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं. यह मिसाल अमेरिका ने कायम की है, ईरान ने नहीं.
तेहरान में बड़े पैमाने पर हमले
इजरायली वायु सेना ने रात भर में तेहरान में बड़े पैमाने पर हमले किए, जिनमें मेहराबाद हवाई अड्डे पर स्थित सैन्य बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया. मेहराबाद हवाई अड्डे का इस्तेमाल इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) की कुद्स फोर्स इकाई द्वारा किया जाता था.
बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी और यूएई में 12वीं की तीन परीक्षाएं स्थगित
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, यानी सीबीएसई, ने मध्य पूर्व एशिया के विभिन्न देशों में आयोजित होने वाली 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर एक नया सर्कुलर जारी किया है. ओमान में भारतीय दूतावास ने बोर्ड के हवाले से ईरान-इजरायल युद्ध के मद्देनजर बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात में स्थित संबद्ध विद्यालयों में 9, 10 और 11 मार्च को होने वाली 12वीं बोर्ड परीक्षा को फिलहाल के लिए टाल दिया है.
कुवैत में ड्रोन को मार गिराया गया
अल जज़ीरा ने कहा कि कुवैत में ड्रोन को मार गिराया गया हैं
अमेरिकी मिसाइल डिफेंस रडार पर बड़ा प्रहार, जॉर्डन में $300 मिलियन का US रडार तबाह; अमेरिकी अधिकारी ने की पुष्टी
इजराइल के कब्जे वाले क्षेत्रों पर हमला
ईरान की नौसेना ने घोषणा की है कि उसके आत्मघाती ड्रोनों ने क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य ठिकानों के साथ-साथ इजराइल के कब्जे वाले क्षेत्रों में रणनीतिक स्थलों को निशाना बनाकर बड़े पैमाने पर हमले किए हैं. नौसेना ने शनिवार को एक बयान में कहा कि हाल के घंटों में एक बड़े अभियान में, अमीरात की राजधानी अबू धाबी के मिन्हाद जिले में स्थित अमेरिकी सैन्य शिविरों और प्रतिष्ठानों, कुवैत में अल-उदैरी शिविर और कब्जे वाले क्षेत्रों में स्थित सदोत मीचा हवाई अड्डे पर अत्याधुनिक कार्बन-आधारित रडार सुविधाओं को निशाना बनाया गया.
आज ईरान पर बहुत बड़ा प्रहार किया जाएगा.... डोनाल्ड ट्रम्प
डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि ईरान, जो बुरी तरह हार रहा है, ने अपने मध्य पूर्वी पड़ोसियों से माफी मांगते हुए आत्मसमर्पण कर दिया है और वादा किया है कि वह अब उन पर गोलीबारी नहीं करेगा. यह वादा अमेरिका और इज़राइल के लगातार हमलों के कारण ही किया गया है. वे मध्य पूर्व पर कब्ज़ा करके शासन करना चाहते थे। हज़ारों वर्षों में यह पहली बार है कि ईरान अपने पड़ोसी मध्य पूर्वी देशों से हारा है। उन्होंने कहा है, "धन्यवाद राष्ट्रपति ट्रम्प।" मैंने कहा है, "आपका स्वागत है!" ईरान अब "मध्य पूर्व का दादा" नहीं रहा, बल्कि "मध्य पूर्व का हारा हुआ" है, और कई दशकों तक ऐसा ही रहेगा जब तक कि वह आत्मसमर्पण नहीं कर देता या, अधिक संभावना है, पूरी तरह से ध्वस्त नहीं हो जाता! आज ईरान पर बहुत बड़ा प्रहार किया जाएगा.
ईआरजीसी ने अल धाफरा हवाई अड्डे पर ड्रोन हमले को अंजाम दिया
आईआरजीसी के जनसंपर्क कार्यालय ने शनिवार को घोषणा की कि आईआरजीसी नौसेना के ड्रोन प्रभाग ने आज सुबह अल धाफरा हवाई अड्डे पर एक बड़ा हमला किया. ड्रोन हमले में लक्ष्यों को सफलतापूर्वक निशाना बनाया गया. इस हमले में अमेरिकी हवाई युद्ध का कमांड सेंटर, उपग्रह संचार केंद्र, प्रारंभिक चेतावनी रडार और फायर कंट्रोल रडार नष्ट हो गए. अल धाफरा सबसे बड़े और महत्वपूर्ण हवाई अड्डों में से एक है, जो फारस की खाड़ी और होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिकी आतंकवादियों को नियंत्रित और निर्देशित करने के केंद्र के रूप में कार्य करता है.
अमेरिका मध्य पूर्व में तीसरा विमानवाहक पोत तैनात करेगा
फॉक्स न्यूज के अनुसार अमेरिका ईरान के खिलाफ संभावित रूप से लंबे सैन्य अभियान की तैयारियों के संकेत के रूप में मध्य पूर्व में अपना तीसरा विमानवाहक पोत तैनात कर रहा है. खबरों के मुताबिक, यूएसएस जॉर्ज एच.डब्ल्यू. बुश और उसका विमानवाहक पोत स्ट्राइक ग्रुप, जिसमें तीन निर्देशित मिसाइल विध्वंसक शामिल हैं, मध्य पूर्व की ओर रवाना हो चुके हैं और 10-12 दिनों के भीतर पूर्वी भूमध्य सागर पहुंचने की उम्मीद है.
दुबई एयरपोर्ट पर हवाई उड़ानें आंशिक रूप से बहाल
एमिरेट्स एयरलाइंस के बाद दुबई एयरपोर्ट ने आंशिक तौर पर हवाई सेवा शुरू करने का ऐलान किया है. एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी गई. एमिरेट्स के ऑपरेशन फिर से शुरू करने के बयान के बाद, दुबई एयरपोर्ट ने ये घोषणा की. सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, "हमने शनिवार, 7 मार्च से आंशिक ऑपरेशन फिर से शुरू कर दिया है, जिसमें कुछ फ्लाइट्स डीएक्सबी (मुख्य एयरपोर्ट) और डीडब्ल्यूसी (साउथ-वेस्ट में अल मकतूम एयरपोर्ट, इसे दुबई वर्ल्ड सेंट्रल भी कहा जाता है) से ऑपरेट हो रही हैं."
दुबई में एमिरेट्स ने उड़ान संचालन फिर शुरू किए
एमिरेट्स एयरलाइंस ने घोषणा की है कि उसके उड़ान संचालन फिर से शुरू हो गए हैं। जिन यात्रियों की आज दोपहर की उड़ानों के लिए कंफर्म बुकिंग है, वे एयरपोर्ट जा सकते हैं. यह सुविधा दुबई में ट्रांजिट करने वाले यात्रियों पर भी लागू होती है, बशर्ते उनकी आगे की कनेक्टिंग उड़ान भी संचालित हो रही हो.
एयरलाइन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपने आगामी उड़ानों का शेड्यूल देखें और टिकट बुकिंग के लिए emirat.es/nowoperating का उपयोग करें. एमिरेट्स का कहना है कि वह हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यकता पड़ने पर संचालन संबंधी बदलाव किए जाएंगे.
एयरलाइन ने यात्रियों के धैर्य और सहयोग के लिए धन्यवाद दिया और दोहराया कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें कोई समझौता नहीं किया जाएगा.
ईरान नहीं झुकेगा: राष्ट्रपति पेजेशकियान का अमेरिका-इजरायल को संदेश
ईरान और पूरे मिडिल ईस्ट में भड़क चुकी जंग के बीच ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने एक अहम बयान जारी किया है. राष्ट्रपति ने स्पष्ट किया है कि ईरान अब किसी भी पड़ोसी देश पर हमला नहीं करेगा. यह स्थिति तब तक लागू रहेगी जब तक कि ईरान पर होने वाला हमला उसी पड़ोसी देश की जमीन से न किया जाए. यह बयान ऐसे समय में आया है जब क्षेत्र में मिसाइलों, ड्रोन हमलों और हवाई हमलों की गूंज लगातार बढ़ रही है.
मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच राष्ट्रपति पेजेशकियान ने साफ कहा है कि ईरान किसी भी दबाव के आगे झुकेगा नहीं. उन्होंने कहा कि ईरान न तो इजरायल और न ही अमेरिका के सामने सरेंडर करेगा.
दुबई आने-जाने वाली सभी उड़ानें अनिश्चितकाल के लिए निलंबित
दुबई एयरपोर्ट के ऊपर जोरदार धमाका, आसमान में उठा धुआं
ईरान के खाड़ी क्षेत्र में लगातार हमलों के बीच शनिवार को दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के ऊपर एक तेज धमाके की आवाज सुनी गई. AFP को एक चश्मदीद ने बताया कि धमाके के तुरंत बाद आसमान में धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया. घटना उस समय हुई जब ईरान खाड़ी के कई हिस्सों में हमले तेज़ कर रहा है.
स्थानीय अधिकारियों की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि या नुकसान की जानकारी जारी नहीं की गई है.
इजरायल में मिसाइल हमलों की नई चेतावनी जारी
इजरायली सेना का कहना है कि उसने बीर शेवा, गाजा के आसपास के इलाकों और दक्षिणी इजरायल की ओर ईरान द्वारा किए गए नए मिसाइल प्रक्षेपणों का पता लगाया है.
ईरान में आया भूकंप
ईरान में जंग के बीच भूकंप भी रिपोर्ट किया गया है. ईरान के शहर बंदर अब्बास में भूकंप आया है. रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.1 मापी गई है.
US ऑयल की कीमतें 90 डॉलर प्रति बैरल के पार, ईरान संघर्ष से वैश्विक ऊर्जा बाजार में हड़कंप
अमेरिका में कच्चे तेल की कीमतें शुक्रवार को 90 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर निकल गईं. जो अक्टूबर 2023 के बाद पहली बार हुआ है. ईरान युद्ध और स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज़ में लगभग पूर्ण रूप से शिपिंग रुक जाने से वैश्विक ऊर्जा सप्लाई पर भारी असर पड़ा है. ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, WTI में 11% से अधिक की तेजी दर्ज की गई और यह दो दशकों में सबसे बड़ी साप्ताहिक बढ़त की ओर बढ़ रहा है. वैश्विक बेंचमार्क ब्रेंट की कीमतें भी उछलकर 92 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गई हैं.
ऊर्जा विश्लेषकों का अनुमान है कि हॉर्मुज संकट के चलते वैश्विक मार्केट को प्रतिदिन 7 से 11 मिलियन बैरल कच्चे तेल की सप्लाई का नुकसान हो रहा है. जो दुनिया की कुल समुद्री तेल आपूर्ति का लगभग एक-पांचवां हिस्सा प्रभावित करता है. इस बाधित सप्लाई ने न केवल क्रूड ऑयल बल्कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों को भी ऊपर धकेल दिया है. अमेरिका में पेट्रोल की औसत कीमतें 11% साप्ताहिक उछाल के साथ साल 2024 के उच्चतम स्तर तक पहुंच चुकी हैं.
ईरान के खिलाफ युद्ध में तीसरा एयरक्राफ्ट कैरियर भेजने की तैयारी में US
अमेरिका जल्द ही मध्य पूर्व में अपना सैन्य दबाव और बढ़ाने वाला है. फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, तीसरा U.S. एयरक्राफ्ट कैरियर स्ट्राइक ग्रुप क्षेत्र की ओर भेजने की तैयारी में है, जो ईरान के खिलाफ चल रहे अभियान में शामिल होगा. रिपोर्ट में कहा गया है कि USS George H.W. Bush ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं और जल्द ही तैनाती के लिए रवाना होगा. इसे USS Gerald R. Ford के बाद पूर्वी भूमध्य सागर की ओर बढ़ना है, जो गुरुवार को स्वेज नहर पार कर रेड सी में प्रवेश कर चुका है.
फॉक्स न्यूज़ के अनुसार, इस नए स्ट्राइक ग्रुप में शामिल दर्जनों स्ट्राइक फाइटर्स के अलावा, इसके साथ तैनात गाइडेड मिसाइल डेस्ट्रॉयर्स भी संभावित हमलों में इस्तेमाल किए जा सकते हैं. रिपोर्ट में कहा गया है कि ये डेस्ट्रॉयर्स जरूरत पड़ने पर यमन में हौथी ठिकानों पर भी प्रहार कर सकते हैं, यदि इजरायल या अंतरराष्ट्रीय शिपिंग के खिलाफ किसी हमले की आशंका दिखती है.
अमेरिका पहले ही दो कैरियर स्ट्राइक ग्रुप- USS Ford और USS Truman क्षेत्र में तैनात कर चुका है. तीसरे कैरियर का पहुंचना ईरान के खिलाफ चल रहे अमेरिकी अभियानों और क्षेत्रीय सुरक्षा के प्रति वॉशिंगटन की बढ़ती तत्परता को दर्शाता है.
तेहरान के मेहराबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर जोरदार धमाके, आग और धुएं के गुबार उठे
तेहरान के मेहराबाद अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शनिवार तड़के जोरदार धमाकों से अफरातफरी मच गई. ईरानी राजधानी के इस व्यस्त हवाईअड्डे पर लगातार कई धमाके हुए, जिसके बाद बड़े पैमाने पर आग लग गई और धुएं के विशाल गुबार आसमान में उठते देखे गए. शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, एयरपोर्ट परिसर के कई हिस्सों पर हमले हुए, जिससे आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई.
सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में एयरपोर्ट क्षेत्र से उठते तेज लपटें और काले धुएं के बादल साफ दिखाई दे रहे हैं. स्थानीय मीडिया और क्षेत्रीय रिपोर्टों के मुताबिक, धमाके इतने तेज थे कि उनसे आसपास की कई इमारतों की खिड़कियां हिल गईं. फिलहाल नुकसान का पूरा आकलन और संभावित हताहतों के बारे में आधिकारिक जानकारी का इंतजार है.
ईरान ने इजरायल में जहां बरसाए बम, उस इलाके का दौरा करने पहुंचे नेतन्याहू
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने शुक्रवार को बियर-शेवा में उस जगह का दौरा किया, जहां हाल ही में हुए हमले ने भारी नुकसान पहुंचाया था. उनके साथ डिप्टी मंत्री आल्मोग कोहेन, बियर-शेवा के मेयर रूविक दनिलोविच और प्रधानमंत्री कार्यालय की कार्यवाहक महानिदेशक ड्रोरित स्टाइनमेट्ज़ भी मौजूद थीं.
इस दौरान नेतन्याहू ने कहा, 'हम दुश्मन पर लगातार वार कर रहे हैं. उसकी लीडरशिपपर, उनके दमनकारी शासन पर और उनके विभिन्न ठिकानों पर, जिनमें लेबनान भी शामिल है. हमारे पास दृढ़ संकल्प, रणनीति और वह क्षमता है जिसे दुश्मन आने वाले समय में और तीव्रता से महसूस करेगा.'
Middle East War Updates: अप्रत्यक्ष रूप से US-इजरायल बनाम ईरान की जंग में दखल हुआ रूस
रूस अब अप्रत्यक्ष रूप से अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी संघर्ष में शामिल हो गया है. वॉशिंगटन पोस्ट की एक रिपोर्ट के अनुसार, रूस अपने रणनीतिक सहयोगी ईरान को खुफिया जानकारी मुहैया करा रहा है, ताकि वह मिडिल ईस्ट में अमेरिकी युद्धपोतों और विमानों को निशाना बना सके. रिपोर्ट में कहा गया कि रूस की सहायता की वास्तविक सीमा स्पष्ट नहीं है, लेकिन यह तब सामने आई जब ईरान की खुद की निगरानी क्षमता अमेरिकी और इजरायली हमलों के बाद कमजोर पड़ गई थी.
रविवार को कुवैत में ईरान द्वारा किए गए ड्रोन हमले में छह अमेरिकी सैनिकों की मौत हो गई और 18 घायल हुए. ड्रोन क्षेत्रीय एयर डिफेंस को चकमा देकर पोर्ट शुआइबा स्थित एक कमांड सेंटर से टकराया. अमेरिकी नेटवर्क और सैन्य अड्डों पर बीते दिनों में लगातार हमले बढ़े हैं, जिससे संघर्ष और अधिक अंतरराष्ट्रीय स्वरूप लेता दिख रहा है.
Israel-Iran War: तेहरान के भूमिगत बंकर पर इजरायल का सबसे बड़ा हवाई हमला
तेहरान में शुक्रवार को इजरायली वायुसेना ने बड़ा हवाई हमला किया, जिसका लक्ष्य ईरान के सर्वोच्च नेता के परिसर के नीचे बने भूमिगत बंकर को बताया गया. इजरायल के मुताबिक लगभग 50 फाइटर जेट इस ऑपरेशन में शामिल थे, जिन्हें मिलिट्री इंटेलिजेंस की सटीक जानकारी के आधार पर संचालित किया गया और मोसाद के साथ समन्वय स्थापित था. यह बंकर विशेष रूप से आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई के लिए तैयार किया गया था, ताकि संघर्ष की स्थिति में वह यहीं से संचालन कर सकें. हालांकि ऑपरेशन 'Roaring Lion' की शुरुआती स्ट्राइक्स में खामेनेई के मारे जाने के बाद इसका उपयोग कभी नहीं हो सका.














