इजरायल की जिद से खटाई में पड़ जाएगा सीजफायर? लेबनान की तबाही पर इटली से ब्रिटेन तक उठ रहे सवाल

इजरायल ने सीजफायर के 24 घंटे बाद लेबनान पर ताबड़तोड़ हमले शुरू किए, जिसमें 250 से अधिक लोगों की मौत हुई। इजरायल ने कहा हमले जारी रहेंगे, जबकि अमेरिका-ईरान सीजफायर पर असहमति है. दुनिया ने इजरायल के लेबनान हमलों की आलोचना की है. संयुक्त राष्ट्र और कई देशों ने कहा कि ये हमले सीजफायर को खतरे में डाल रहे हैं और पूरे क्षेत्र में शांति के लिए खतरा हैं.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins

अमेरिका-इज़रायल और ईरान के बीच का सीज़फायर जैसे ठीक से शुरू होने से पहले ही ख़त्म होता दिख रहा है. इज़रायल का कहना है कि इस सीज़फ़ायर में लेबनान शामिल नहीं है. वह लेबनान पर ताबड़तोड़ हमले कर रहा है. इजराइली सेना ने दावा किया कि बुधवार रात उसने बेरूत पर जो हमला किया, उसमें   हिज्बुल्लाह नेता नईम कासिम के भतीजे की मौत हो गई. ये भतीजा नईम कासिम का सेक्रेटरी भी था. सीजफायर के 24 घंटे बाद ही लेबनान पर इज़रायल के हमलों में  200 से ज्यादा लोगों के मारे जाने की खबर है. ये हमला बेहद बड़ा था- महज 10 मिनट में 100 से ज्यादा ठिकानों को निशाना बनाया गया. अब अमेरिका और इजराइल कह रहे हैं कि सीजफायर में लेबनान पर हमले रोकना शर्त में शामिल नहीं है. वहीं ईरान कह रहा है कि अगर लेबनान में हमले नही रुके तो वह तेलअवीव पर फिर से हमले करेगा . ये इजरायल का एक तरह से संकेत है कि उसका इस समझौते से कोई वास्ता नहीं है. इजरायल ने कहा है कि वह सीजफायर का समर्थन करता है लेकिन लेबनान पर हमले जारी रखेगा.

हालांकि, इजराइल के इन हमलों की कई देश आलोचना कर रहे हैं .इटली ने लेबनान के आम नागरिकों पर बमबारी की निंदा की . उसका कहना है कि वह नहीं चाहता कि कोई दूसरा गाजा बने. ब्रिटेन के विदेश मंत्री ने कहा कि लेबनान पर इजरायल के लगातार हमले गंभीर रूप से नुकसानदेह हैं.  इससे अमेरिका और ईरान के युद्धविराम को अस्थिर करने का खतरा है. संयुक्त राष्ट्र ने भी माना है कि लेबनान पर इजरायली हमले अमेरिका ईरान के संघर्षविराम के लिये गंभीर खतरा पैदा कर रहे हैं. ऑस्ट्रेलिया का कहना है कि यह युद्धविराम लेबनान पर भी लागू होना चाहिए. पूरे क्षेत्र में शांति होनी चाहिए   जाहिर सी बात है कि दुनिया में कई देशों को अब लग रहा है कि इजरायली जिद की वजह से सीजफायर खटाई में न पड़ जाए .

इ़ज़रायल के हमले की भयावहता के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. एक वीडियो में एक डरी हुई बच्ची पापा पापा चिल्लाती घर की तरफ़ भाग रही है. एक अन्य वीडियो अल हर्मेल शहर का है जहां बमबारी से भयावह तबाही हुई है. बेरूत में कई हमले हो रहे हैं. इजराइल का कहना है कि 28 फरवरी से जंग शुरू होने के बाद यह उसका हिज्बुल्लाह पर सबसे बड़ा हमला है. पिछले छह सप्ताह में इजराइली हमले से लेबनान में 1500 लोगों की मौत हो चुकी है . मरने वालों में 130 बच्चे भी हैं . जबकि लाखों लोग अपने घरों से विस्थापित हो चुके हैं.  

वैसे इजरायल और हिज्बुल्लाह की ये जंग पुरानी है . इन दोनों के बीच 1982 और 2006 में दो बड़े युद्ध हो चुके हैं .  वहीं ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि अमेरिका को तय करना होगा कि वो सीजफायर लागू करता है या इजराइल के जरिए जंग जारी रखता है, क्योंकि दोनों साथ नहीं चल सकते . इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के मुताबिक लेबनान अमेरिका-ईरान सीजफायर का हिस्सा नहीं है . यही बात अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस  भी दोहरा रहे हैं जबकि ईरान और मध्यस्थता कर रहे पाकिस्तान का कहना है कि समझौते में लेबनान पर इजरायली हमले रोकना भी शामिल है.

ऐसे में भले ही ये सीजफायर है लेकिन जमीन पर हालात बेहद खराब हैं. लेबनान पर लगातार इजरायली हमला युद्धविराम को खतरे में डाल रहा है . वजह है कि ईरान ऐसे हिज्बुल्लाह का साथ छोड़ने को तैयार नही है . यह उसका एक प्रॉक्सी संगठन है . ऐसे में अब गेंद अमेरिका के पाले में है. अगर वह इजराइल को लेबनान पर हमले के लिये नहीं रोकता है तो इस सीजफायर का टूटना तय माना जा रहा है .

Advertisement

यह भी पढ़ें: ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में बिछाईं समुद्री माइंस, जहाजों के गुजरने के लिए बताया दूसरा रास्ता

यह भी पढ़ें: ट्रंप की सबसे बड़ी परेशानी तो अब शुरू होगी! आगे की बातचीत में ईरान 5 वजहों से हावी होगा

Featured Video Of The Day
Iran US Ceasefire | ईरान के 10 प्वाइंट पर ट्रंप का बड़ा बयान, क्या अब टूट जाएगा सीजफायर | BREAKING