Hormuz Strait Closed: ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को दोबारा बंद कर दिया है. ईरानी सेना ने इस समुद्री रास्ते पर फिर से कड़ा पहरा लागू कर दिया. ईरान के मिलिट्री कमांड ने एक बयान में कहा कि वाशिंगटन ने ईरान के बंदरगाहों से आने-जाने वाले जहाजों पर अपनी नेवल नाकाबंदी जारी रखकर अपना वादा तोड़ा है.
बयान में कहा गया, "जब तक अमेरिका ईरान आने-जाने वाले सभी जहाजों के आने-जाने की आज़ादी बहाल नहीं कर देता, तब तक होर्मुज स्ट्रेट में स्थिति पूरी तरह से कंट्रोल में रहेगी."
ट्रंप की जिद की वजह से ईरान ने उठाया कदम
लेबनान में हिजबुल्लाह और इजरायल के बीच युद्धविराम के बाद ईरान ने सद्भावना दिखाते हुए होर्मुज खोलने का ऐलान किया था. लेकिन शनिवार की सुबह होते-होते स्थिति बदल गई. ईरानी सरकारी टीवी ने सैन्य कमान के हवाले से कहा कि हॉर्मुज स्ट्रेट अब फिर से अपनी पुरानी स्थिति में लौट आया है, यानी होर्मुज दोबारा बंद किया जा चुका है. ईरान ने कहा कि अब होर्मुज सशस्त्र बलों के सख्त प्रबंधन के में है.
दुनिया भर में तेल सप्लाई पर संकट के बादल
हॉर्मुज स्ट्रेट का बंद होना वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं है. दुनिया के कुल तेल भंडार का लगभग पांचवां हिस्सा (करीब 20 प्रतिशत) इसी संकरे रास्ते से होकर गुजरता है. पिछले दो महीनों से जारी इस युद्ध और नाकेबंदी के कारण दुनिया भर में कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल आया है और कई देशों में ईंधन की आपूर्ति बाधित हुई है. बीते दिनों होर्मुज के खुलने की खबर के बाद तेल और गैस के संकट को लेकर आम आदमी राहत की सांस ले रहा था.
यह भी पढ़ें: फारस की खाड़ी में है सबसे ज्यादा तेल, फिर अमेरिका कैसे करता है ऑयल का सबसे ज्यादा उत्पादन? समझिए पूरा खेल














