- ईरान ने पड़ोसी देशों पर आगे हमला न करने का वादा करते हुए 12 घंटे के भीतर ही उसे तोड़ दिया है
- दुबई में ड्रोन हमले की पुष्टि की गई, वायु रक्षा प्रणालियों ने मिसाइल को सफलतापूर्वक रोक दिया था
- दुबई मरीना में मलबे के गिरने से एक इमारत को मामूली नुकसान हुआ, किसी के घायल होने की सूचना नहीं है
ईरान ने पड़ोसी देशों पर आगे हमला ना करने के अपने वादे को 12 घंटों के भीतर ही तोड़ दिया है. ईरान ने एक बार फिर दुबई को निशाना बनाया है. दुबई में एक बार फिर ड्रोन हमले की खबर आ रही है. दुबई की सरकार ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि वायु रक्षा प्रणालियों ने आने वाले प्रोजेक्टाइल को सफलतापूर्वक रोक दिया था, लेकिन मलबे के गिरने से मरीना में एक इमारत के बाहरी हिस्से को मामूली क्षति हुई थी.
दुबई सरकार के आधिकारिक मीडिया हैंडल ने एक्स पर लिखा कि अधिकारियों ने पुष्टि की है कि एक सफल अवरोधन के परिणामस्वरूप उत्पन्न मलबे के कारण दुबई मरीना में एक टावर के सामने एक छोटी सी घटना हुई. स्थिति पर काबू पा लिया गया है. किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. इससे पहले, UAE के रक्षा मंत्रालय ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा था कि हवाई सुरक्षा वर्तमान में ईरान से आने वाली मिसाइल और ड्रोन खतरों का जवाब दे रही है.
आपको बता दें कि शनिवार को ही ईरान के राष्ट्रपति ने एक बयान में कहा था कि उनका देश अब आगे अपने पड़ोसी देशों पर पहले किसी तरह का कोई हमला नहीं करेगा. यह स्थिति तब तक लागू रहेगी जब तक कि ईरान पर होने वाला हमला उसी पड़ोसी देश की जमीन से न किया जाए. यह बयान ऐसे समय में आया है जब क्षेत्र में मिसाइलों, ड्रोन हमलों और हवाई हमलों की गूंज लगातार बढ़ रही है.
पड़ोसी देशों से माफी भी मांगी थी
ईरानी राष्ट्रपति ने साथ ही पड़ोसी देशों के लिए एक अहम संदेश भी दिया. उन्होंने कहा कि हालिया युद्ध के दौरान जिन पड़ोसी देशों की तरफ से हमले हुए, उसके लिए उन्हें खेद है. पेजेशकियान ने भरोसा दिलाया कि अब पड़ोसी देशों को निशाना नहीं बनाया जाएगा.
राष्ट्रपति ने रखी थी एक शर्त
ईरान के राष्ट्रपति ने एक शर्त भी रखी. पेजेशकियान के मुताबिक, अगर किसी पड़ोसी देश की जमीन का इस्तेमाल ईरान पर हमला करने के लिए किया गया, तो ईरान जवाबी कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगा. ईरानी राष्ट्रपति का यह बयान ऐसे समय में आया है जब पूरे मध्य पूर्व में तनाव चरम पर है और कई देशों को आशंका है कि युद्ध का दायरा उनके इलाकों तक भी फैल सकता है.
यह भी पढ़ें: तेज बमबारी और आग की लपटें! अमेरिका और इजरायल के निशाने पर आया ईरान का परमाणु शहर इस्फहान
यह भी पढ़ें: ईरान पर आज रात भारी, आने वाली तबाही के 4 सबूत देखिए












