पाकिस्तान की राजधानी में ड्रोन से हमले की खबरें सामने आई है. मिली जानकारी के अनुसार इस्लामाबाद में ड्रोन से हमला किया गया है. इस हमले के बाद एहतियातन इस्लामाबाद एयरपोर्ट को बंद करना पड़ा. रिपोर्ट में इस्लामाबाद में एयरस्पेस बंद किए जाने की खबरें भी सामने आई. हालांकि पाकिस्तान एयरपोर्ट अथॉरिटी ने एयरस्पेस बंद किए जाने की खबरों का खंडन किया है. पाकिस्तान न्यूजपेपर DAWN ने सूत्रों के हवाले से बताया कि पाकिस्तान ने विस्फोटकों से भरे दो ड्रोन को इंटरसेप्ट किया है. डॉन के अनुसार एक ड्रोन फैजाबाद के पास और दूसरा इस्लामाबाद के आई-9 सेक्टर में गिरा. दोनों में विस्फोटक भरे हुए थे.
सूत्रों का कहना है कि ड्रोन संभवतः पड़ोसी देश अफगानिस्तान से दागे गए थे. इससे पहले, पाकिस्तान एयरपोर्ट अथॉरिटी ने X पर एक पोस्ट में (जिसे बाद में हटा दिया गया) कहा था कि इस्लामाबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ान संचालन में "संक्षिप्त परिचालन समायोजन" हुआ था. यह बयान कई मीडिया आउटलेट्स द्वारा इस्लामाबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को उड़ानों के लिए बंद किए जाने की खबरों के बाद आया था.
इस्लामाबाद के हवाई क्षेत्र को बंद किए जाने की खबरें बेबुनियादः PIA
बाद में एक बयान में, अथॉरिटी ने कहा कि इस्लामाबाद के हवाई क्षेत्र को बंद किए जाने की खबरें "बेबुनियाद" हैं. इस्लामाबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ान संचालन बिना किसी रुकावट के जारी है और सभी उड़ानें निर्धारित समय पर चल रही हैं," अथॉरिटी ने कहा. "जनता को सलाह दी जाती है कि वे अपुष्ट या भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें और प्रामाणिक जानकारी के लिए पीएए के आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करें."
पाकिस्तान के पत्रकार ने एक्स पर दी थी जानकारी
इससे पहले पाकिस्तान के पत्रकार राजा मुनीब ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर इस हमले के बारे में लिखा. राजा मुनीब की पोस्ट के अनुसार तालिबान ने पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में ड्रोन से हमला किया. एक दूसरे पोस्ट में राजा मुनीब ने लिखा- अफगान तालिबान का दावा है कि ड्रोन हमले मध्य इस्लामाबाद, पाकिस्तान में स्थित हमजा सैन्य अड्डे पर किए गए. तालिबान का दावा है कि इस हमले में संपत्ति का नुकसान हुआ है और कई लोग हताहत हुए हैं.
तालिबान के ड्रोन हमलों के जवाब में पाकिस्तान ने इस्लामाबाद के ऊपर लड़ाकू विमान तैनात किए हैं. खबरों के अनुसार, इस्लामाबाद हवाई अड्डे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है.
इस्लामाबाद में ड्रोन से हमले पर पाकिस्तानी पत्रकार की पोस्ट.














