Bangladesh Election 2026: बांग्लादेश में आम चुनावों के लिए जारी वोटिंग के बीच हिंसा की खबरें आ रही हैं. बांग्लादेश में दो-दो पोलिंग बूथ पर देसी बम फटने की खबर आई है, वहीं तीसरे पोलिंग बूथ पर BNP नेता की झड़प के बाद मौत हो गई है. डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार बांग्लादेश के गोपालगंज में एक मतदान केंद्र पर देशी बम विस्फोट हुआ. वहीं ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार मुंशीगंज में भी एक देशी बम विस्फोट हुआ है. इतना ही नहीं खुलना सदर के आलिया मदरसा पोलिंग बूथ पर दो पक्षों के बीच झड़प और हाथापाई के बाद मोहिबुज्जमां कोच्चि नाम के एक BNP नेता की मौत हो गई. स्थानीय BNP नेताओं ने आरोप लगाया है कि धक्का दिए जाने के बाद वह बीमार पड़ गए.
गोपालगंज में विस्फोट
गोपालगंज में हुए विस्फोट में अर्धसैनिक बल, अंसार के 2 जवानों के साथ-साथ एक बच्ची भी घायल हो गई है. डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोहम्मद सरवर हुसैन ने बताया कि विस्फोट गोपालगंज के निचूपारा इलाके में रेशमा इंटरनेशनल स्कूल मतदान केंद्र पर सुबह करीब 9:00 बजे हुआ. उन्होंने बताया कि विस्फोट में तीनों घायलों को केवल मामूली चोटें आई हैं.
रिपोर्ट के अनुसार घायलों की पहचान अंसार के जवान सुकांतो मजूमदार और जमाल मोल्ला के रूप में हुई है. तीसरी घायल एक 13 साल की बच्ची है जिसका नाम अमेना खानम है. इस पोलिंग बूथ के पीठासीन अधिकारी जहीरुल इस्लाम ने कहा कि केंद्र में विस्फोट की तेज आवाज थी, लेकिन स्थिति को तुरंत नियंत्रित कर लिया गया और इसकी वजह से मतदान प्रक्रिया बाधित नहीं हुई." उन्होंने कहा कि मतदान के पहले दो घंटों के भीतर केंद्र में 198 वोट डाले गए. घटना के बाद पुलिस ने केंद्र और उसके आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है.
मुंशीगंज में विस्फोट
ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार मुंशीगंज के सदर उपजिला के मोल्लाकांडी यूनियन में मखाती गुरुचरण हाई स्कूल में एक देशी बम विस्फोट हुआ. मुंशीगन सदर पुलिस थाने के प्रभारी मोहम्मद मोमिनुल इस्लाम ने कहा कि यह घटना सुबह करीब 11 बजे हुई. उन्होंने कहा कि इस झड़प में BNP समर्थित उम्मीदवार कमरुज्जमां और स्वतंत्र उम्मीदवार मोहिउद्दीन के समर्थक शामिल थे. हालांकि, पुलिस अधिकारी ने इस बात की पुष्टि नहीं की कि कोई घायल हुआ है या नहीं. यह झड़प सुबह करीब 10 बजे दो प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच हुई.
खुलना में BNP नेता की मौत
बीबीसी बांग्ला की रिपोर्ट के अनुसार खुलना सदर के आलिया मदरसा बूथ पर दो पक्षों के बीच झड़प और हाथापाई के बाद मोहिबुज्जमां कोच्चि नाम के एक BNP नेता की मौत हो गई. स्थानीय BNP नेताओं ने आरोप लगाया है कि धक्का दिए जाने के बाद वह बीमार पड़ गए. वह खुलना मेट्रोपॉलिटन बीएनपी के पूर्व कार्यालय सचिव थे. घटना गुरुवार सुबह की है. केएमपी कमिश्नर मोहम्मद जाहिदुल हसन ने बीबीसी बांग्ला से इस जानकारी की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि सुबह वोट मांगने के मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच कहा-सुनी हो गयी. एक समय वह बीमार पड़ गये. बाद में जब उन्हें अस्पताल ले जाया गया तो डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.














