PM Modi in Indonesia: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुनिया में सबसे बड़ी मुस्लिम आबादी वाले देश इंडोनेशिया की यात्रा पर गए हैं. इंडोनेशिया में इस्लाम के आने से पहले सैकड़ों सालों तक हिन्दू और बौद्ध राजाओं का शासन रहा है.24 करोड़ मुस्लिम आबादी वाले इंडोनेशिया में करीब 2 फीसदी हिंदू हैं. विश्व के सबसे बड़े मंदिरों में से एक पराम्बनन समेत यहां सैकड़ों छोटे मंदिर (चंडी) भी हैं. इंडोनेशिया के खूबसूरत बाली द्वीप में आज भी 85 फीसदी हिन्दू आबादी है, जो लिटिल इंडिया से कम नहीं है.
बाली द्वीप में हिंदू धर्म रचा-बसा
बाली द्वीप में हिंदू धर्म और संस्कृति रची बसी है. बाली की मुख्य सड़कों और चौराहों पर घटोत्कच, अर्जुन, कृष्ण, हनुमान और इंद्र की विशाल मूर्तियां किसी आम भारतीय सड़क जैसा अहसास कराती हैं. यहां वास्तुशिल्प के अनुसार, हर घर के उत्तर-पूर्व कोने में एक पारिवारिक मंदिर (पुरा या संगाह) मिलेगा. सृष्टि कर्ता ब्रह्मा, विष्णु और महेश की यहां पूजा होती है. इंडोनेशिया में उन्हें परमेश्वर यानी सांग हयांग विधी वासा के तौर पर पूजा जाता है. अगर कोई भारतीय बाली जाता है तो उसे खान-पान और भाषा के मामूली अंतर को छोड़कर भोजन, मेहमाननवाजी और रहन-सहन में भारत जैसा ही महसूस होता है. इसलिए इसे लिटिल इंडिया का दर्जा हासिल है. इंडोनेशिया के अन्य द्वीपों, जावास सुमात्रा या जकार्ता की कहानी अलग है.
बाली में होली-दीपावली जैसे त्योहार
भारत के पारंपरिक त्योहार होली, दीपावली की तरह भी यहां होते हैं. बाली का सबसे बड़ा त्योहार गलुंगन है, जो दिवाली और दशहरा की तरह बुराई पर अच्छाई की जीत के रूप में मनाया जाता है.बाली का नववर्ष मौन का दिन होता है. इस दिन पूरे बाली में कर्फ्यू जैसा सन्नाटा रहता है. न वाहन चलते हैं, न विमान और न ही कोई लाइट जलती है. इस दिन को आत्म निरीक्षण और ध्यान का दिन माना जाता है. बाली की महिलाएं टोकरी में फूल, चावल और अगरबत्ती रखकर अपने घर और दुकानों, कारोबार में भी पूजा करती हैं.
ये भी पढ़ें - सबसे ज्यादा मुस्लिम आबादी वाला देश है इंडोनेशिया, यहां कितने हिंदू रहते हैं?
लाउडस्पीकर पर आरती, मंत्रोच्चार
बाली की सुबह भी त्रिसंध्या गायत्री मंत्र और सनातन धर्म की अन्य प्रार्थनाओं के साथ होती है. दिन में तीन बार लाउडस्पीकर और रेडियो से आरती, मंत्रोच्चार और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों का प्रसारण होता है. बाली के लोगों के नाम सुकर्णो, सुमित्रा, लक्ष्मण, मेघवती, विष्णुकुमार जैसे होते हैं. बाली की भाषा में संस्कृत शब्द घुले मिले हैं. केचक डांस रामायण की कहानी पर आधारित है.
हिंदू वर्ण व्यवस्था और उपनयन संस्कार
बाली के हिंदू समाज में ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य और शूद्र की वर्ण व्यवस्था जाति की जगह कर्म और कुल के आधार पर चलती है. बच्चों के दांत घिसने का संस्कार, मुंडन और उपनयन संस्कार यानी जनेऊ जैसी हिंदू धर्म की परंपराएं भी निभाई जाती हैं.
बाली में हिंदू धर्म का 2 हजार साल का इतिहास
बाली और भारत के बीच संबंध 2000 साल पुराने हैं. पहली सदी में भारत के कलिंग (ओडिशा), दक्षिण भारत और गुजरात से कारोबारी और हिंदू-बौद्ध भिक्षु समुद्र से बाली पहुंचे थे. उन्होंने यहां के राजाओं को सनातन संस्कृति का आभास कराया. ओडिशा में हर साल बाली यात्रा उत्सव होता है. हजारों साल से बाली और दक्षिण पूर्व के अन्य देशों के साथ समुद्री व्यापार होता था. करवा चौथ और गणेश चतुर्थी भी यहां धूमधाम से मनाई जाती है.
बाली में सिंधी समुदाय
बाली में सिंधी समुदाय का बोलबाला है. भारत के बंटवारे के वक्त बहुत से सिंधी व्यापार के लिए बाली आए. बाली में डेनपसार, कूटा और सेमिन्याक में सिंधियों के कपड़े के शोरूम, हस्तशिल्प की दुकानें, इलेक्ट्रॉनिक्स और रियल एस्टेट का बिजनेस है. बाली में भारत के कई चार्टर्ड अकाउंटेंट, शेफ, आईटी इंजीनियर और होटल, लग्जरी रिसॉर्ट, विला में भी भारतीय काम करते मिल जाएंगे.
बाली में योग वेलनेस सेंटर
बाली में घूमने की जगह: का उबुद योग और वेलनेस का दुनिया भर में मशहूर केंद्र है.भारतीय योग गुरु, आयुर्वेद विशेषज्ञ और ध्यान शिक्षक यहां अपने सेंटर चलाते हैं. इंडोनेशिया में तमिल मूल के ज्यादातर लोग सुमात्रा द्वीप के मेदान शहर में रहते हैं.कई सिंधी परिवारों ने बाली के स्थानीय लोगों से विवाह कर मिली जुली संस्कृति को जन्म दिया है.
- इंडोनेशिया दुनिया का सबसे बड़ा द्वीप समूह
- 17500 से भी ज्यादा द्वीपों पर बसा है इंडोनेशिया
- 6 हजार द्वीपों पर ही रहते हैं लोग
- जावा, सुमात्रा, बोर्नियो और बाली प्रसिद्ध द्वीप
- जावा द्वीप पर प्रम्बानन मंदिर दुनिया का सबसे बड़ा हिंदू मंदिर
- दुनिया का सबसे बड़ा बौद्ध स्तूप बोरोबुदुर भी इंडोनेशिया में
- इंडोनेशिया दुनिया का सबसे बड़ा मुस्लिम बहुल देश है.
- नोटों पर भगवान गणेश की तस्वीर रही है.
- सरकारी एयरलाइन का नाम गरुड़ इंडोनेशिया है.
ज्वालामुखी का देश इंडोनेशिया
इंडोनेशिया प्रशांत महासागर के रिंग ऑफ फायर पर बसा है. 130 से अधिक सक्रिय ज्वालामुखी इंडोनेशिया में है.माउंट ब्रोमो और सुमात्रा की तोबा झील भी ज्वालामुखी विस्फोट से बनी थी. दुनिया की सबसे बड़ी और जहरीली छिपकली कोमोडो ड्रैगन इंडोनेशिया में मिलती है. ये डायनासोर के युग का जीव है.
दुनिया का सबसे बड़ा फूल
इंडोनेशिया के घने जंगलों में मिलने वाला रैफलेसिया अर्नोल्डी दुनिया का सबसे बड़ा फूल है. 3 फीट के फूल का वजन 11 किलो तक होता है. तीखी गंध के कारण इसे कॉर्प्स फ्लावर (सड़ा फूल) भी कहते हैं।
दुनिया की सबसे महंगी कॉफी
दुनिया की सबसे महंगी कॉफी में शामिल कपि लुवाक इंडोनेशिया में मिलती है. यह कॉफी एशियन पाम सिवेट(बिल्ली जैसा जानवर) के मल से चुने गए कॉफी बीन्स से बनती है. सिवेट कॉफी के पके हुए फलों को खाती है. फिर पेट के एंजाइम से निकले बीन्स से यह अनोखा और स्मूथ फ्लेवर बनता है.